पुलिस ने पत्रकारों को भी नहीं बख्शा, हिन्दुस्तान के रिपोर्टर के साथ धक्का-मुक्की; जबरन बस में कैद किया
दिल्ली में रविवार को प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पत्रकारो को भी हिरासत में ले लिया। हिन्दुस्तान के पत्रकार आशीष सिंह को भी धक्का देकर जबरन बस में बैठा लिया गया। इस दौरान उन्हें चोट भी आई।

रविवार को सीजेपी और अन्य संगठनों के प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने पत्रकारों को भी नहीं बख्शा और हिरासत में ले लिया। पत्रकार अपना आईकार्ड और माइक दिखाते रह गए लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई। कई पत्रकारों को टांगकर और घसीटकर भी बसों में भरा गया और हिरासत में ले लिया गया। 'हिन्दुस्तान' के पत्रकार आशीष सिंह को भी आरके आश्रम मार्ग पर कवरेज के दौरान ही जबरन उठाकर बस में चढ़ा दिया गया।
आई कार्ड होने के बाद भी मार दिया धक्का
आशीष सिंह दोपहर 2 बजे के करीब ऑल इंडिया स्टूडेंट्स असोसिएशन (AISA) का प्रदर्शन कवर कर रहे थे। आईडी कार्ड गले में होने के बाद भी उन्हें पीछे से जोर से धकेल दिया गया। इस धक्का-मुक्का में उन्हें चोट भी आई। उनके अलावा भी कम से कम 12 अलग-अलग संस्थानों के पत्रकारों को हिरासत में लिया गया।
हिन्दुस्तान के रिपोर्टर आशीष सिंह और उनके साथी फोटोजर्नलिस्ट के साथ हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने कहा, मैं तो प्रदर्शनकारियों से बहुत दूर खड़ा था और पुलिस के काम में किसी तरह की बाधा भी नहीं डाल रहा था। इसके बाद भी मेरे साथ दुर्व्यवहार किया गया और जबरन उठा लिया गया। आशीष को 20-30 मिनट तक बस में रखा गया और फिर मंदिर मार्ग पहुंचा दिया गया। यहां पर वह अन्य पत्रकारों के साथ कूदकर बस से बाहर आ गए। उन्होंने कहा, मुझे डर लग रहा था कि पुलिस हमारा फोन छीन लेगी और सारा डेटा डिलीट कर देगी।
एक न्यूज एजेंसी के फोटो पत्रकार ने कहा कि फोटो खींचते वक्त उन्हें हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने कहा, पुलिसवाले पैदल चलने वालों को दौड़ा रहे थे और पत्रकारों को हिरासत में ले रहे थे। उन्होंने कहा, मुझे देखकर पुलिसवाले चिल्लाए कि इसे अंदर करो। इसके बाद धक्का देकर बस में चढ़ा दिया गया। इंडियन एक्सप्रेस हिंदी के तीन पत्रकार, द हिंदू के एक पत्रकार और कैमरा पर्सन को भी हिरासत में लिया गया था।
इंडियन एक्सप्रेस के अधिकारियों के मुताबिक उनके पत्रकारों को कनॉट प्लेस से हिरासत में लिया गया और फिर उन्हें छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया। वहां से 12 किलोमीटर दूर ले जाकर उन्हें छोड़ दिया गया।

