दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का ट्रायल रन शुरू, फरीदाबाद और जयपुर के लिए मिला नया रूट; डिटेल रिपोर्ट
दिल्ली में एक्सप्रेसवे का करीब 7.5 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड है, जबकि बाकी हिस्सा जमीन पर है। इसमें आगरा नहर के ऊपर करीब 140 मीटर लंबी संरचना भी शामिल है। दिल्ली हिस्से में जैतपुर और मीठापुर दो प्रवेश-निकास बिंदु बनाए गए हैं।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के दिल्ली हिस्से पर गाड़ियों का ट्रायल शुरू हो गया है। करीब एक महीने तक चलने वाले ट्रायल का मकसद सड़क और यातायात व्यवस्था की तैयारियों को परखना है। फिलहाल एक्सप्रेसवे की एक कैरिजवे पर ही ट्रायल किया जा रहा है, जिस पर वाहन रिंग रोड और डीएनडी फ्लाईवे के रास्ते सराय काले खां-महारानी बाग से फरीदाबाद की ओर जा रहे हैं। वाहन जैतपुर और मीठापुर होते हुए हरियाणा के फरीदाबाद पहुंच सकते हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि पूरी तरह खोलने से पहले सड़क और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था का परीक्षण किया जा रहा है। इसके शुरू होने से दिल्ली और नोएडा से फरीदाबाद व जयपुर की ओर जाने वाले यात्रियों को अधिक सुगम रास्ता मिलेगा।
करीब 9 किलोमीटर लंबा दिल्ली हिस्सा दक्षिण दिल्ली में यातायात का दबाव कम करने में अहम भूमिका निभा सकता है। इसका सबसे बड़ा फायदा मथुरा रोड को होगा, जहां उत्तर प्रदेश से हरियाणा की ओर आने-जाने वाले वाहनों के कारण अक्सर भारी जाम रहता है। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, सुखदेव विहार, सरिता विहार और कालिंदी कुंज के आसपास रहने वाले लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। नोएडा और गाजियाबाद से आने वाले वाहन चालक भी इस रास्ते का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे उन्हें कालिंदी कुंज के लगातार बने रहने वाले जाम से बचने का विकल्प मिलेगा।
करीब 7.5 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड
ट्रायल के दौरान दिल्ली में इस कॉरिडोर के प्रवेश और निकास बिंदु फिलहाल बंद रखे गए हैं। केवल फरीदाबाद और आगे जाने वाले वाहनों को इसका इस्तेमाल करने की इजाजत दी जा रही है। दिल्ली में एक्सप्रेसवे का करीब 7.5 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड है, जबकि बाकी हिस्सा जमीन पर है। इसमें आगरा नहर के ऊपर करीब 140 मीटर लंबी संरचना भी शामिल है। दिल्ली हिस्से में जैतपुर और मीठापुर दो प्रवेश-निकास बिंदु बनाए गए हैं। ट्रायल के दौरान इन दोनों बिंदुओं को फिलहाल बंद रखा गया है, लेकिन आगे होने वाले परीक्षणों के दौरान इन्हें खोलने पर विचार किया जा सकता है।
अधिकतम गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा
सड़क पर फिलहाल गाड़ियों की अधिकतम गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा रखने को कहा गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने अभी आधिकारिक तौर पर ट्रायल की घोषणा नहीं की है, हालांकि एक अधिकारी ने बताया कि सड़क परीक्षण के आधार पर सार्वजनिक उपयोग के लिए तैयार है। औपचारिक उद्घाटन की तारीख को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है। ट्रायल के पहले दिन शुक्रवार को बहुत कम संख्या में वाहन इस मार्ग पर पहुंचे, लेकिन शनिवार को इनकी संख्या बढ़ी। वाहनों को सही दिशा दिखाने और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए कॉरिडोर के जीरो प्वाइंट पर 2 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।


