दस सेकेंड के नि:शब्द वीडियो ने कंपा दिया कलेजा, मोतीबाग हादसे में 6 की मौत
दिल्ली के मोतीबाग में हॉस्टल की बिल्डिंग ढहने के बाद एक कलेजा कंपाने वाला वीडियो सामने आया। मलबे में दबे एक छात्र ने ही यह वीडियो शूट किया। इसके बाद उसे ढूंढने का प्रयास किया गया और वह अब अस्पताल में भर्ती है।
मोतीबाग के सत्य निकेतन में पीजी ढहने के करीब डेढ़ घंटे बाद एआरएसडी कॉलेज के ग्रुप में आए एक वीडियो ने सबके रौंगटे खड़े कर दिए। दस सेकेंड के इस वीडियो के आखिर के तीन सेकेंड में दिखा एक चेहरा...कोई शब्द नहीं। चेहरा देखते ही छात्र चिल्ला उठे... अरे ये तो शायद आदित्य है।
पूरा शरीर मलबे में, केवल चेहार दिखा
छात्रों ने बताया कि यह छात्र आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज का है और इसी पीजी में रहता है। हालांकि, देर रात तक भी छात्र का सही नाम और कॉलेज पता नहीं चल पाया। कुछ उसे आदित्य बुला रहे थे तो कुछ छात्र अर्पित। बहरहाल, वीडियो में केवल उसका चेहरा दिख रहा था, क्योंकि पूरा शरीर मलबे में दबा था। उसने कुछ नहीं बोला, शायद बोल ही नहीं पा रहा हो, बस वीडियो बनाकर इस उम्मीद में भेज दिया कि उसे ढूंढ लिया जाएगा।
दोस्ट के मोबाइल पर भेजा वीडियो
यह वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हुआ। चंद मिनट में ही यह मोतीलाल नेहरू कॉलेज के छात्र जैशल के मोबाइल पर आया। जैशल बोला, जब मेरे पास वीडियो आया तो मैं उस समय सत्य निकेतन में ही था। मैं भागकर सीधे बचावकर्मियों के पास पहुंचा और उन्हें ये वीडियो दिखाया। उन लोगों ने मुझे मदद का आश्वासन देकर घटनास्थल से थोड़ा दूर हो जाने को कहा। इधर, कॉलेज के ग्रुप में लगातार उस छात्र को बचाने की गुहार लगाई जा रही थी, जैशल बोला, जो लोग जानते थे कि मैं वहीं मौजूद हूं वो मुझे लगातार कॉल कर रहे थे। मैं बेबस था, छटपटा रहा था।
अस्पताल में भर्ती है छात्र
जैशल ने कहा, कुछ देर बाद मैं फिर पुलिस के पास पहुंचा तो उन्होंने कहा कि आप चिंता ना करें छात्र को बचा लिया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी लोग इस शख्स के बच जाने की कामना कर रहे थे। एआरएसडी अस्प्ताल की प्रिंसिपल से बात करने की कोशिश की गई मगर बात नहीं हो पाई, हालांकि एम्स अस्पताल से देर रात मिली जानकारी के अनुसार, वहां आदित्य नामक एक युवक भर्ती है।
डीयू के दक्षिणी परिसर के पास सत्य निकेतन की एक संकरी गली में लड़कों के पेइंग गेस्ट (पीजी) के रूप में इस्तेमाल हो रही करीब 30 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत रविवार दोपर ढह गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई जबकि मलबे में फंसे करीब 15-20 और लोगों को निकालने के लिए रात तक कई एजेंसियों का बचाव अभियान जारी रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।


