दिल्ली में 6,000 जवान, मणिपुर में इतने क्यों नहीं? ममता-TMC का केंद्र से सवाल
दिल्ली में SIR विवाद और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शुक्रवार को 'लहरा दो तिरंगा' मार्च का आह्वान किया था।

स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नई दिल्ली में जारी छात्र-युवा आंदोलनों को कुचलने के लिए तैनात किए गए भारी पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने केंद्र सरकार पर करारा हमला बोला है।
TMC के ममता बनर्जी गुट के प्रवक्ता व विधायक कुणाल घोष ने दिल्ली में सुरक्षा बलों की अत्यधिक तैनाती पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार ने यही चुस्ती और पर्याप्त सुरक्षा बल पिछले तीन सालों से जातीय हिंसा से जूझ रहे राज्य मणिपुर में सही समय पर भेजे होते, तो वहां का संकट काफी पहले सुलझ गया होता।
राजनाथ सिंह के "बांग्लादेश जैसे तख्तापलट" वाले बयान पर पटलवार
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि 'INDIA' ब्लॉक और उनके सहयोगी संगठन युवाओं की ऊर्जा का इस्तेमाल देश में अराजकता फैलाने और बांग्लादेश की तर्ज पर "तख्तापलट और सरकार बदलने" के लिए कर रहे हैं।
राजनाथ सिंह के इस बयान पर तीखा पलटवार करते हुए TMC विधायक कुणाल घोष ने कहा, "हम अराजकता का समर्थन नहीं करते। लेकिन जब नई पीढ़ी किसी राष्ट्रीय मुद्दे पर सवाल उठाती है, तो सरकार की यह जिम्मेदारी बनती है कि वह उन्हें समझाए न कि पुलिस बल के दम पर उनकी आवाज दबाए।"
उन्होंने कहा, "आपके पास इतनी भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल उपलब्ध हैं। आप उन्हें युवाओं के खिलाफ दिल्ली में क्यों तैनात कर रहे हैं? आपको यह बल सही समय पर मणिपुर भेजना चाहिए था, जिससे वहां हिंसा रुक जाती और समस्या का समाधान हो जाता।"
दिल्ली में जंतर-मंतर और कनॉट्स प्लेस पर कड़ा पहरा
दिल्ली में SIR विवाद और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शुक्रवार को 'लहरा दो तिरंगा' मार्च का आह्वान किया था।
दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन को रोकने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। प्रदर्शन से ठीक पहले CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और छात्र नेता नेहा बोरा सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि, देर रात नेहा बोरा को रिहा कर दिया गया, जबकि दीपके को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।
भारी पुलिस बल की तैनाती के बावजूद युवाओं और प्रदर्शनकारियों की टुकड़ियां कनाट प्लेस और लुटियंस दिल्ली के आसपास जमा हुईं, जहां पुलिस ने सड़कों को बैरिकेड लगाकर सील कर दिया था।
मणिपुर संकट
कुणाल घोष का यह बयान मणिपुर में मई 2023 से शुरू हुए मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जारी जातीय संघर्ष की पृष्ठभूमि में आया है।
आधिकारिक रिपोर्टों के अनुसार, मणिपुर हिंसा में अब तक 306 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, चालू वर्ष 2026 में कुकी और नागा जनजातियों के बीच हुए ताजा घर्षण में भी कई जानें गई हैं। विपक्ष का आरोप है कि केंद्र सरकार दिल्ली में राजनीतिक विरोध प्रदर्शनों और युवाओं की आवाज को दबाने के लिए जितने संसाधन झोंक रही है, उतना मणिपुर की सुरक्षा बहाल करने पर ध्यान नहीं दिया गया।

