
दिल्ली कार धमाके पर इजरायल के राजदूत का आया बयान- जो देखा, उससे दिल दहल गया
भारत में तैनात इजरायल के राजदूत रियूवेन अजार ने दिल्ली में हुए कार धमाके पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना दिल तोड़ने वाली है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सड़क पर हमने जो देखा, वह दिल दहलाने वाला था। हम उम्मीद करते हैं कि घायल हुए लोग जल्दी ही रिकवर होंगे।
भारत में इजरायल के राजदूत रियूवेन अजार ने दिल्ली में हुए कार धमाके पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना दिल तोड़ने वाली है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सड़क पर हमने जो देखा, वह दिल दहलाने वाला था। हम उम्मीद करते हैं कि घायल हुए लोग जल्दी ही रिकवर होंगे। अजार ने एक्स पर लिखा, 'दिल्ली में धमाके के बाद दिल दहलाने वाला मंजर दिखा। कई लोगों की मौत हो गई और कुछ लोग जख्मी हुए हैं। पीड़ितों के परिवारों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं। हम जख्मी लोगों के जल्दी रिकवर होने की उम्मीद करते हैं। सुरक्षा बलों और बचाव दल ने अच्छा काम किया है।'

इजरायल के अलावा अमेरिका की ओर से भी इस धमाके को लेकर चिंता जताई गई है और संवेदना जाहिर की गई है। यही नहीं अमेरिका ने अपने नागरिकों को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में सोमवार की शाम को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके में 9 लोगों की मौत की खबर है। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। यह घटना सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल के पास हुई, जो काफी भीड़भाड़ वाला इलाका है। इस घटना के बाद से पूरी दिल्ली में ही अलर्ट है। इस मामले की फिलहाल जांच जारी है और आतंकी हमले के ऐंगल से भी पूरी इन्वेस्टिगेशन की जा रही है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस मामले में UAPA के सेक्शन 16 और 18 के तहत केस दर्ज किया गया है। होम मिनिस्टर अमित शाह का कहना है कि हर ऐंगल से इस केस की जांच की जा रही है। उन्होंने इस संबंध में एक उच्च स्तरीय मीटिंग भी बुलाई है। कनाडा की ओर से भी इस घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए संदेश जारी किया गया है। भारत में कनाडा के दूतावास ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि घायलों की जल्द रिकवरी की कामना करते हैं। इसके अलावा कनाडा ने भारत में मौजूद अपने नागरिकों को अलर्ट रहने के लिए कहा है और कनाडा इमरजेंसी वॉच ऐंड रेस्पॉन्स के साथ संपर्क में रहने को कहा है।



