
कट्टरपंथी मजहबी विचारधारा के लोग, पकड़े जाने वालों को फांसी दी जाए; दिल्ली धमाके पर धीरेंद्र शास्त्री
धीरेंद्र शास्त्री ने अपील करते हुए कहा, 'कट्टहर मजहबी पंथ की विचारधारा की सोच पर लगाम लगाने के लिए अब सनातनियों को एक होना ही पड़ेगा। तुम कितना भी भारतीयों को डरा दो, सनातनियों को डरा दो। ना हम डरेंगे और ना हम झुकेंगे।'
बागेश्वर धाम सरकार आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। हरियाणा के पलवल में पदयात्रा के दौरान उन्होंने कहा, 'जब भी धमाके हुए, उसे कहीं ना कहीं एक कट्टरपंथी मजहबी विचारधारा के लोगों ने किया। हमेशा भारत को, भारत माता को, सनातन को टारगेट बनाकर किया।' धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि कल जो हुआ वह घोर निंदनीय और अमानवीय है। भगवान से प्रार्थना है कि जिनका शरीर पूरा हुआ उन्हें वे अपने चरणों में स्थान दें। हम शोक संवेदना व्यक्त करते हैं।

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपील करते हुए कहा, 'कट्टहर मजहबी पंथ की विचारधारा की सोच पर लगाम लगाने के लिए अब सनातनियों को एक होना ही पड़ेगा। तुम कितना भी भारतीयों को डरा दो, सनातनियों को डरा दो। ना हम डरेंगे और ना हम झुकेंगे।' उन्होंने कहा कि इस देश में जब तक भारतीयों की एकता नहीं हो जाती है तब तक हम पदयात्रा करते रहेंगे।
धमाके के आरोपियों को फांसी की मांग
लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, 'जांच चल रही है और हम सरकार से मांग करते हैं कि पकड़े जाने वालों को फांसी दी जाए। अगर सनातनी एकजुट हो जाएं तो यह धमकी और डराने वाली धार्मिक विचारधारा पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। सोच में बदलाव ही हिंदू एकता है।' उन्होंने कहा कि यात्रा सुचारू रूप से चल रही है और निर्बाध रूप से जारी रहेगी। हरियाणा सरकार और केंद्र सरकार इस पर बारीकी से नजर रख रही हैं। हम सभी भक्तों से अपील करते हैं कि किसी भी अफवाह में न पड़ें।
दिल्ली में लाल किले के पास जोरदार धमाका
दिल्ली में सोमवार शाम को लाल किले के पास जोरदार धमाका हुआ। लगभग शाम 6:42 बजे धीमी गति से चल रही ह्यूंडई i20 कार ट्रैफिक सिग्नल पर रुकते ही फट गई, जिससे 9 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक घायल हैं। धमाके की तीव्रता इतनी जबरदस्त थी कि आसपास की तीन-चार गाड़ियां और ऑटो रिक्शा आग की लपटों में घिर गए। खिड़कियां टूट गईं और धुंआ चारों ओर फैल गया। घटनास्थल लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के निकट है, जहां पर्यटक और स्थानीय लोग शाम के समय व्यस्त रहते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि दूर तक महसूस हुई और लोग भागते हुए गिर पड़े। दिल्ली पुलिस ने तुरंत इलाके को घेर लिया, जबकि फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर डाल दिया है। दिल्ली पुलिस ने मामला गैरकानूनी गतिविधियां निवारण अधिनियम (UAPA) और विस्फोटक अधिनियम के तहत दर्ज किया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी और स्पेशल सेल की टीमें जांच में जुड़ गई हैं।



