40 सेकेंड की देरी… और क्रैश हो जाता फ्लाईदुबई का विमान, हवा में उड़ जाते परखच्चे!

लाइव हिन्दुस्तान
share

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक साक्षात्कार में घटना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने भारतीय पायलट के हौसले की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने 9/11 जैसी घटना को टालने में मदद की।

Flydubai Captain Smit Machhar
फ्लाईदुबई फ्लाइट के कैप्टन स्मित मच्छर

फ्लाईदुबई के बोइंग 737 मैक्स विमान को संभालने में अगर 40 सेकंड की और देरी होती तो वह दुर्घटनाग्रस्त हो जाता। इजरायली वायुसेना के अनुभवी लड़ाकू पायलट ने गुरुवार को यह दावा किया। उन्होंने विमान के अचानक आसमान से नीचे आने को भयावह घटना करार दिया। इजरायली वायुसेना में 28 साल तक सेवा दे चुके अलोन पेरेग ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अगर विमान ने 40 सेकंड में अपनी आधी ऊंचाई खो दी, तो अगले 40 सेकंड में क्रैश हो जाता।

विमान उस समय खतरनाक स्थिति में पहुंच गया, जब वह 34 हजार फीट की ऊंचाई से 60 सेकंड में 17 हजार फीट नीचे आ गया। इस दौरान विमान की रफ्तार भी तेजी से बढ़ी और वह सुपरसोनिक गति के करीब पहुंच गया था। इसके बावजूद विमान का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त नहीं हुआ।

टूट सकता था विमान

सुपरसोनिक की रफ्तार (1,235 किलोमीटर प्रति घंटा) से नीचे आने पर विमान के ऊपर बहुत ज्यादा दबाव पड़ता है। ऐसी स्थिति में विमान का ढांचा टूट सकता था। हालांकि, इस घटना में विमान के पीछे लगा रडर टूटकर अलग हो गया था। रडर विमान की दिशा को नियंत्रित करने में मदद करता है, लेकिन पायलट कीसूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। अमेरिकी पायलट बज पैटरसन ने कहा कि यह विमान अपनी तय अधिकतम गति से करीब 185 किलोमीटर प्रति घंटे ज्यादा तेज उड़ रहा था, यह किसी चमत्कार से कम नहीं है।

स्मित मच्छार ने दिखाया गजब का साहस

गौरतलब है कि दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान में बुधवार को भारतीय पायलट स्मित मच्छार ने जान की बाजी लगाकर अदम्य साहस की जो मिसाल पेश की। कॉकपिट के अंदर हुए जानलेवा हमले में बुरी तरह लहूलुहान होने के बावजूद पायलट का हौसला नहीं टूटा। उन्होंने शरीर से बहते खून और असहनीय दर्द की परवाह किए बिना न सिर्फ कॉकपिट का दरवाजा खोला बल्कि इजरायली यात्रियों के साथ मिलकर 174 जिंदगियों को मौत के मुंह से बाहर निकाल लाए।

9/11 जैसा हमला टला

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक साक्षात्कार में घटना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने भारतीय पायलट के हौसले की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने एक और 9/11 जैसी घटना को टालने में मदद की। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटेनियो गुतारेस सहित कई देशों ने भी कैप्टन स्मित को सच्चा हीरो बताया।

हमला अचानक हुआ था

नेतन्याहू के अनुसार, यह घटना बुधवार को उस वक्त हुई, जब विमान इजरायल के हवाई क्षेत्र के करीब पहुंच रहा था। तभी ओमानी सह-पायलट ने अचानक मुख्य कैप्टन स्मित मच्छार पर कुल्हाड़ी जैसी धारदार चीज से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी कैप्टन मच्छार ने हिम्मत नहीं हारी। इस बीच विमान बेकाबू होकर कुछ ही सेकंड में हजारों फीट नीचे आ गया। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया और वे अपनी सीटों से उछलकर छत से जा टकराए। प्रधानमंत्री नेतन्याहू के मुताबिक, इस जानलेवा स्थिति के बीच कैप्टन मच्छार ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए कॉकपिट के सेफ्टी लॉक को अनलॉक कर दिया।

यात्रियों ने संभाला मोर्चा

इजरायली प्रधानमंत्री के अनुसार, जब विमान हवा में नीचे की तरफ जाने लगा, तो 16 नंबर की सीट पर बैठे इजरायली यात्री यानिव हायून कॉकपिट की ओर भागे। हायून ने देखा कि हमलावर पायलट विमान के उपकरणों को जाम करने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने पीछे से हमलावर को दबोचा और सीट से हटाया, फिर विमान को संभाल लिया। दो अन्य लोगों ने हमलावर को काबू करने में मदद की। फिर विमान को सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतार लिया गया। इसके बाद मच्छार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज जारी है।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia News40 सेकेंड की देरी… और क्रैश हो जाता फ्लाईदुबई का विमान, हवा में उड़ जाते परखच्चे!