
सीमा पर कभी भी, कुछ भी हो सकता है… ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र कर क्या बोले रक्षा मंत्री?
भारत ने बीते मई महीने में ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में स्थित कई आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि हमें आत्मचिंतन करते रहना चाहिए और युद्ध जैसी स्थिति के लिए तैयार रहना चाहिए।
बीते मई महीने में भारत ने आतंक के खिलाफ बड़ा अभियान, ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। कई आतंकी ठिकानों को मिट्टी के मिलाने के साथ-साथ भारत ने इस ऑपरेशन के तले 100 से ज्यादा आतंकवादियों को भी मार गिराया। अब ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र कर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा है कि भारत को युद्ध जैसी स्थिति के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। रक्षा मंत्री ने कहा है कि मई में पाकिस्तान के साथ चार दिनों तक चले सैन्य संघर्ष के बाद यह साबित हो गया है कि सीमा पर कभी भी कुछ भी हो सकता है।

एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने भले ही ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को करारा जवाब दिया, लेकिन हमें इस घटना को राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए भविष्य की रणनीति बनाने और एक केस स्टडी के रूप में देखना चाहिए। रक्षा मंत्री ने कहा, "हमने दृढ़ संकल्प के साथ कड़ा जवाब दिया और हमारी सेना देश की सीमाओं की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार हैं। लेकिन दुनिया में अनिश्चितताएं बढ़ गई हैं। हमें आत्मचिंतन करते रहना चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा, "ऑपरेशन सिंदूर एक केस स्टडी के रूप में देखा जब चाहिए जिससे हम सीख सकें और अपना भविष्य तय कर सकें। इस घटना ने हमें एक बार फिर दिखाया है कि हमारी सीमाओं पर, कहीं भी, कभी भी कुछ भी हो सकता है।" रक्षा मंत्री ने कहा कि हमें युद्ध जैसी स्थिति के लिए तैयार रहना होगा और हमारी तैयारी हमारी अपनी नींव पर आधारित होनी चाहिए।
रक्षा मंत्री ने कार्यक्रम में जोर देकर कहा कि डिफेंस सेक्टर और वाॅरफेयर आज जिन परिवर्तनों से गुजर रहा है उनको स्वदेशी उपकरणों के माध्यम से ही टैकल किया जा सकता है। उन्होंने कहा, "पूरी दुनिया आज कई स्तरों पर बदलावों के दौर से गुजर रही है। पहले से इस्टैबलिश्ड वर्ल्ड ऑर्डर आज बदल रहे हैं चाहे वह यूक्रेन हो मिडिल ईस्ट हो या अफ्रीका हो, कई क्षेत्रों में कॉन्फ्लिक्ट जोन बढ़ रहे हैं। इन परिस्थितियों में भारत के लिए अपनी सुरक्षा और रणनीति को नए सिरे से परिभाषित करने यह बहुत ही आवश्यक हो गया है।
सिंह ने आगे कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुनिया ने आकाश मिसाइल प्रणाली, ब्रह्मोस, आकाशतीर वायु रक्षा नियंत्रण प्रणाली और अन्य स्वदेशी उपकरणों का पराक्रम देखा। राजनाथ सिंह ने बताया कि सरकार रक्षा विनिर्माण को बढ़ावा देने और घरेलू पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए समान अवसर प्रदान कर रही है और उद्योग को इस अवसर का पूरा लाभ उठाना चाहिए।





