बाधा दूर करने के बहाने अश्लील हरकतें, पूर्व MP पर बहू ने लगाए काले जादू के आरोप

भाषा, मुंबई
Follow us on Google News
share

पूर्व सांसद और शिवसेना (यूबीटी) नेता विनायक राउत ने सभी आरोपों को खारिज किया है और महिला पर 5 करोड़ की मांग करने के आरोप लगाए हैं। महिला ने सास पर भी माहवारी रोकने के लिए गोली देने के आरोप लगाए। फिलहाल, जांच जारी है।

Maharashtra

शिवसेना (UBT) के पूर्व लोकसभा सदस्य विनायक राउत के खिलाफ अपनी बहू को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने और उसपर काला जादू करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में राउत के बेटे और पांच अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि 10 जून को यहां कपूरबावड़ी पुलिस थाने में गिरजा राउत (38) ने प्राथमिकी दर्ज कराई। गिरजा, राउत के बेटे जितेश (जिसे गीतेश भी कहा जाता है) की पत्नी हैं, जो उनसे अलग रह रही हैं।

उन्होंने कहा, 'यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और 'महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, बुरी एवं अघोरी प्रथाओं और काला जादू रोकथाम अधिनियम' के तहत दर्ज किया गया था। इसमें शारीरिक, मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना के साथ-साथ महिला को तंत्र-मंत्र वाली रीतियों का शिकार बनाने का आरोप भी शामिल है।'

शारीरिक संबंध बनाने में असमर्थ

अधिकारी ने बताया कि शिकायत करने वाली महिला के अनुसार, दिसंबर 2017 में उसकी शादी जितेश से तय की गई थी, जबकि राउत परिवार को यह पता था कि वह (जितेश) शारीरिक संबंध बनाने में असमर्थ है।

अधिकारी ने शिकायत का हवाला देते हुए कहा, 'पीड़िता का आरोप है कि ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, केन्या और थाईलैंड जैसे देशों की यात्रा के दौरान, जब भी उसने शारीरिक संबंध न बनाये जाने पर सवाल उठाया, तो उसके साथ लगातार दुर्व्यवहार और मारपीट की गई। इसके बजाय, उसे बताया गया कि कोई 'बाहरी बाधा' उनके रास्ते में रुकावट डाल रही है।' उन्होंने यह भी कहा है कि 'बाधा' दूर करने के बहाने, दो तथाकथित धर्मगुरुओं समेत कई लोगों ने कई तरह की अश्लील हरकतें कीं।

सास पर गोलियां देने के आरोप

अधिकारी ने शिकायत का हवाला देते हुए कहा, 'पीड़िता का आरोप है कि उसकी सास ने उसे मासिक धर्म रोकने वाली गोलियां लेने के लिए मजबूर किया, जिससे उसकी सेहत पर बुरा असर पड़ा। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके साथ चिकित्सा लापरवाही बरती गई, क्योंकि कथित तौर पर विशेषज्ञों ने उसे सही इलाज देने से इनकार कर दिया और इसके बजाय घर पर ही इनसेमिनेशन (गर्भधारण की प्रक्रिया) कराने का सुझाव दिया।'

पूर्व सांसद ने दी सफाई

सभी आरोपों को खारिज करते हुए पूर्व सांसद विनायक राउत ने कहा कि जितेश और गिरिजा के बीच तलाक की प्रक्रिया पहले से ही चल रही है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के वकीलों के बीच बातचीत के दौरान, गिरिजा राउत ने टेरेस वाला तीन बेडरुम का फ्लैट, एक ऑटोमैटिक कार, हर महीने दो लाख रुपये का गुजाराभत्ता और समझौते के तौर पर पांच करोड़ रुपये की मांग की थी। विनायक राउत ने कहा, 'हमने कोई भी मांग नहीं मानी है।'

नोटिस भेज फिर मांगे करोड़ों

उन्होंने कहा कि महिला ने उन्हें परेशान करने का आरोप लगाते हुए एक नया नोटिस भेजा। राउत का आरोप है कि नोटिस में महिला ने हर महीने पांच लाख रुपये का गुजारा-भत्ता, 10 करोड़ रुपये और मानसिक परेशानी के लिए दो करोड़ रुपये की मांग की।

राउत ने काले जादू के आरोपों को भी खारिज किया और कहा कि वह तंत्र-मंत्र या काले जादू जैसी चीजों में विश्वास नहीं करते। उन्होंने कहा कि ये सभी आरोप झूठे हैं और उनपर एवं उनके परिवार पर दबाव बनाने के लिए लगाए गए हैं।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।