दलित मेडिकल छात्र की मौत पर हंगामा, परिवार ने जाति और रंग का मजाक उड़ाने का लगाया आरोप
पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल की दोपहर राज इमारत से गिरने के बाद मेडिकल कॉलेज ब्लॉक के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

केरल में कन्नूर डेंटल कॉलेज के फर्स्ट ईयर के दलित छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत पर बवाल मचा हुआ है। पुलिस ने कॉलेज के कुछ फैकल्टी सदस्यों के खिलाफ जांच शुरू की है। छात्र के माता-पिता और मित्रों की ओर से भावनात्मक उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। अभी तक पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है। छात्र की पहचान तिरुवनंतपुरम निवासी 22 वर्षीय नितिन राज आरएल के रूप में हुई है, जो अंजराकांडी स्थित कॉलेज में बीडीएस प्रथम वर्ष का छात्र था।
पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल की दोपहर राज इमारत से गिरने के बाद मेडिकल कॉलेज ब्लॉक के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने आंतरिक जांच शुरू की और शनिवार को डेंटल एनाटॉमी विभाग के प्रमुख एमके राम व एसोसिएट प्रोफेसर केटी संगीता नाम्बियार को निलंबित कर दिया।
दोस्तों को भेजा था ऑडियो मैसेज
पुलिस के अनुसार, राज ने अपने दोस्तों को एक ऑडियो संदेश भेजकर शिक्षकों की ओर से प्रताड़ना का आरोप लगाया था। उसने बताया था कि उसे परीक्षा में अंक कम देने जैसे शैक्षणिक नुकसान पहुंचाने और शारीरिक हमले की धमकियां दी जा रही थीं। चक्करक्कल थाने के अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है और डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही, सहपाठियों, कॉलेज प्रशासन और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
राज के पिता राजन ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को सांवले रंग और कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि के कारण शिक्षकों की ओर से भावनात्मक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने कहा, 'मेरे बेटे ने बिना किसी सहारे, कड़ी मेहनत करके योग्यता के आधार पर कॉलेज में दाखिला पाया था, लेकिन उसे जाति और रंग के आधार पर प्रताड़ित किया गया। उसे शैक्षणिक नुकसान पहुंचाने की धमकियां भी दी गईं।' राजन ने बताया कि उन्होंने संबंधित फैकल्टी सदस्यों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और निष्पक्ष जांच की उम्मीद जताई है।
परिवार वालों ने लगाए गंभीर आरोप
राज की बहन निकिता ने भी आरोप लगाया कि राज ने कॉलेज के प्रिंसिपल से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया, 'उसे कई बार स्टाफ रूम में बुलाकर प्रताड़ित किया गया। एक बार कक्षा में एक सदस्य ने उसे अन्य छात्रों के सामने स्लम डॉग कहकर अपमानित किया।' संपर्क करने पर कॉलेज के अधिकारियों ने बताया कि 2 सदस्यों को निलंबित कर दिया गया है और वे पुलिस जांच में सहयोग कर रहे हैं। राज का शव रविवार को तिरुवनंतपुरम स्थित उनके घर लाया गया जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।
लेखक के बारे में
Niteesh Kumarपत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।
और पढ़ें

