सबसे बड़ी रक्षा डील को DAC की मंजूरी, खरीदे जाएंगे 114 नए राफेल जेट और 6 P-8I एयरक्राफ्ट
भारत सरकार ने 114 राफेल फाइटर जेट को खरीदने की मंजूरी दे दी है, इसके अलावा पहले हे वायुसेना के बेड़े में शामिल राफेल को और भी ज्यादा ताकतवर बनाने के लिए फ्रांस के साथ स्कैल्प क्रूज मिसाइलों की भी डील पर चर्चा की गई है। इसके साथ ही अमेरिका से 6 पी-8I समुद्री निगरानी एयरक्राफ्ट भी खरीदे जाएंगे।

114 new Rafale jets: ऑपरेशन सिंदूर में राफेल फाइटर जेट के जौहर देखने के बाद सरकार और वायुसेना का भरोसा लगातार इस फ्रांसीसी फाइटर जेट पर बढ़ रहा है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को रक्षा अधिग्रहण परिषद(डीएसी) की एक बैठक हुई। इस बैठक में मंत्रालय ने 114 राफेल फाइटर जेट की खरीद को मंजूरी दे दी है। यह डील करीब 3.25 लाख करोड़ रुपए में होने वाली है।
क्रॉनिकल्स की रिपोर्ट के मुताबिक डीएसी के साथ इस बैठक में केवल राफेल फाइटर जेट को लेकर ही चर्चा नहीं हुई, बल्कि तमाम अन्य आधुनिक हथियारों के अधिग्रहण को लेकर भी बात की गई। इसमें मुख्य रूप से फ्रांस से स्कैल्प क्रूज मिसाइल औऱ अमेरिका से P-8I समुद्री निगरानी विमान और भारत के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट सुदर्शन रक्षा कवच के लिए एस-400 की रक्षा खरीद पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी हथियारों को बढ़ावा देने के लिए भी मंत्रालय ने रक्षा एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा विकसित किए गए एक लाख 'विभव प्वाइंट एंटी टैंक माइंस' को भी मंजूरी देने की संभावना जताई है।
114 नए राफेल जेट में क्या खास?
भारतीय वायुसेना के पास वर्तमान में 36 राफेल फाइटर जेट हैं, जो देश के विभिन्न स्थानों पर तैनात हैं। ऑपरेशन सिंदूर जैसे सैन्य अभियान के दौरान इन फाइटर जेट्स ने अपनी योग्यता साबित की थी। ऐसे में अब भारत, फ्रांस से 114 मल्टीरोल फाइटर जेट खरीदने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भारत की तरफ से फ्रांसीसी फाइटर जेट खरीद को मंजूरी ऐसे समय में मिली है, जब कुछ दिन पहले ही भारत और यूरीपीय संघ के बीच में 'मदर ऑफ ऑल डील्स' साइन हुई है। यह सौदा फ्रांस के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण साबित होने वाला है, क्योंकि यह अब तक किसी भी देश द्वारा खरीदे गए सैन्य हार्डवेयर सौदे से करीब 5 गुना बड़ा है।
राफेल्स के लिए चाहिए स्कैल्प क्रूज मिसाइल
भारतीय वायुसेना की तरफ से लगातार फाइटर जेट्स की कमी की बात उठाई जाती रही है। यहां तक की एयर चीफ भी इसको लेकर अपनी नाराजगी जता चुके हैं। राफेल के आने के बाद से सेना को मजबूती मिली है। ऐसे में इन विमानों के लिए फ्रांसीसी स्कैल्प मिसाइलों की जरूरत भी महसूस की जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसी को ध्यान में रखते हुए मंत्रालय ने फ्रांस से राफेल जेट्स के साथ-साथ बड़ी मात्रा में स्कैल्प क्रूज मिसाइल भी खरीदने की मंजूरी दी है।
फ्रांस से बढ़ते रक्षा सौदों के बीच भारत ने अमेरिका के साथ भी अपने रक्षा संबंधों को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। डीएसी की बैठक में अमेरिका के साथ करीब 3 अरब डॉलर की रक्षा खरीद को मंजूरी देने पर सहमति बनने की संभावना है। इसमें छह पी-8आई समुद्री निगरानी और पनडुब्बी रोधी युद्धक विमान खरीदने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई है।

लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें



