Hindi NewsIndia NewsCyclone Ditwah Update in Tamilnadu State teams are ready to minimize effect
चक्रवात ‘दित्वा’ वेदारण्यम तट के पास पहुंचा, तमिलनाडु में 28 आपदा दल तैयार

चक्रवात ‘दित्वा’ वेदारण्यम तट के पास पहुंचा, तमिलनाडु में 28 आपदा दल तैयार

संक्षेप:

तमिलनाडु तट की ओर बढ़ रहे चक्रवात ‘दित्वा’ के कारण शनिवार को तटीय क्षेत्रों और कावेरी डेल्टा के जिलों में भारी बारिश हुई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए 28 आपदा मोचन दल मुस्तैद रखे गए हैं।

Nov 29, 2025 10:24 pm ISTDeepak Mishra भाषा, चेन्नई
share Share
Follow Us on

तमिलनाडु तट की ओर बढ़ रहे चक्रवात ‘दित्वा’ के कारण शनिवार को तटीय क्षेत्रों और कावेरी डेल्टा के जिलों में भारी बारिश हुई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए 28 आपदा मोचन दल मुस्तैद रखे गए हैं। चक्रवात का सबसे अधिक प्रभाव रामनाथपुरम और नागपट्टिनम जिलों में पड़ा है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण रामेश्वरम में दूसरे दिन भी जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। एक अधिकारी ने बताया कि नागपट्टिनम में भारी बारिश के दौरान कई पेड़ गिर गए।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के नवीनतम बुलेटिन के अनुसार, चक्रवात ‘दित्वा’ तमिलनाडु के नागपट्टिनम जिले के वेदारण्यम तट के ऊपर केंद्रित है। इसके प्रभाव में तटीय जिलों में समुद्र में अशांति बढ़ गई। समुद्र की ऊंची लहरों ने मंडपम के पास मछुआरों के नावों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि समुद्री कटाव के कारण आस-पास की सड़कों के कुछ हिस्से टूट गए। चक्रवात वेदारण्यम से 110 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, कराईकल से 150 किलीमीटर दक्षिण-पूर्व, पुडुचेरी से 250 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और चेन्नई से 350 किलोमीटर दक्षिण में केंद्रित है। इसके रविवार सुबह तक उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और उत्तरी तमिलनाडु-पुडुचेरी-दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों के पास पहुंचने की संभावना है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक बी. अमुधा के अनुसार, कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि तिरुवल्लूर और रानीपेट जिलों के एक-दो स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। कांचीपुरम, चेन्नई, चेंगलपट्टु, वेल्लोर, तिरुपत्तूर, कृष्णागिरी, धर्मपुरी, तिरुवन्नामलाई और विल्लुपुरम जिलों के कुछ स्थानों पर भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। उन्होंने संवाददाताओं से कहाकि भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर तिरुवल्लूर और रानीपेट जिलों में रविवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में हवाएं 40 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी।

राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री केके एसएसआर रामचंद्रन ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि चक्रवात ‘दित्वा’ चेन्नई के पास तट से टकराएगा या नहीं, लेकिन सरकार युद्धस्तर पर बचाव और राहत कार्य करने के लिए पूरी तरह तैयार है। मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहाकि एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) और एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) सहित लगभग 28 आपदा मोचन दल मुस्तैद रखे गए हैं। हम अन्य राज्यों से 10 और टीम को हवाई मार्ग से लाने की योजना बना रहे हैं। वायुसेना और तटरक्षक बल को भी सतर्क कर दिया गया है। इसके अलावा, कल जिलों में निगरानी दल भेजे जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अभी तक जनहानि की कोई सूचना नहीं है, हालांकि 16 मवेशी मारे गए हैं और 24 झुग्गियों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहाकि फिलहाल बारिश से कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ा है, लेकिन राज्य सरकार लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और बचाव एवं राहत कार्यों के लिए कई टीम तैयार हैं। जिलों में लगभग 6,000 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात चेन्नई तट के समानांतर गुजर सकता है और इस कारण भारी बारिश हो सकती है। रामचंद्रन ने लोगों से सुरक्षित रहने के लिए मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की सलाह पर अमल करने का आग्रह किया।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra
दीपक मिश्र मीडिया इंडस्ट्री में करीब 17 साल का अनुभव रखते हैं। खेल, सिनेमा और राजनीति पर प्रमुखता से काम किया है। खासतौर पर खेल की खबरों से जुनून की हद तक मोहब्बत है। 2011 में क्रिकेट वर्ल्ड कप और 2014 में फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप प्रमुखता से कवर कर चुके हैं। फोटोग्राफी और मोबाइल वीडियो स्टोरी के साथ-साथ पॉडकास्ट में विशेष रुचि रखते हैं। दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट के साथ काम करते हुए कई वीडियो स्टोरीज पर काम किया। इसी दौरान आईपीएल पर पॉडकास्ट के साथ एक अन्य पॉडकास्ट ‘शहर का किस्सा’ भी कर चुके हैं। पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद आज अखबार के साथ पत्रकारिता की शुरुआत हुई। इसके बाद दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट और पत्रिका अखबार में काम किया है। आई नेक्स्ट की डिजिटल विंग में काम करते हुए कई नए और रोचक प्रयोग किए। लाइव हिन्दुस्तान में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर रहे हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।