अभिजीत दीपके पर भड़के फ्लाइट में साथ आए यात्री, कहा- जनता ही सब कुछ करेगी तो कोर्ट बंद कर दो
अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया। तीनों नेताओं को विमान के दिल्ली पहुंचने के बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर हिरासत में लिया गया।

Abhijeet Dipke: देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर पर एक आंदोलन का ऐलान किया था। इसके लिए वह आज सुबह मुंबई से दिल्ली पहुंचे। उन्हें आशुतोष रांका और सौरभ दास के साथ विमान में ही हिरासत में ले लिया गया। जब तक इन तीनों नेताओं के हिरासत की प्रक्रिया पूरी होती तब तक यात्रियों को विमान से उतरने की इजाजत नहीं दी गई। इससे कुछ यात्रा परेशान हो गए।
मुंबई से दिल्ली आई उसी फ्लाइट में सवार एक यात्री ने अभिजीत दीपके को लेकर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा, "हम मुंबई से आ रहे थे। विमान के लैंड होने के बाद भी हमें इंतजार करना पड़ा। लैंडिंग के बाद हमें प्लेन के अगले हिस्से से 'इंकलाब जिंदाबाद' के नारे सुनाई दिए। मुझे नहीं पता दीपके कौन हैं। शायद वही 'कॉकरोच' होंगे जो ऐसा बर्ताव कर रहे थे। मुझे ज्यादा जानकारी नहीं है।''
… तो कोर्ट बंद कर दो, क्यों भड़के यात्री
उन्होंने आगे कहा, ''वे पहले 36 दिनों से प्रोटेस्ट कर रहे थे। लेकिन क्या वे हर जगह परेशानी खड़ी करेंगे? ऐसे कुछ लोगों की वजह से आम जनता को परेशानी होती है। अगर लोगों के नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं तो सुप्रीम कोर्ट इस पर ध्यान देगा। वे इस पर ध्यान नहीं देंगे। अगर जनता ही सब कुछ करेगी तो कोर्ट बंद कर दो। एक सिस्टम है जिसे हम फॉलो करते हैं। उस सिस्टम को ही बंद कर दोगे। अगर कोई समस्या है, तो हम प्रोटेस्ट करेंगे। क्या इससे कोई फायदा होगा?"
CJP ने भी शेयर किए वीडियो
सीजेपी के द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में दीपके को विमान के अंदर आए पुलिस अधिकारियों से यह कहते हुए सुना जा सकता है, ''हम यहां गिरफ्तारी देने के लिए आए हैं, आइए और हमें गिरफ्तार कीजिए।'' दीपके ने कहा कि सीजेपी नेताओं को ऐसे हिरासत में लिया जा रहा है, जैसे कि वे अपराधी हों। हिरासत में लिए जाने से पहले पुलिसकर्मियों ने सीजेपी नेताओं से कहा कि उन्हें जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है।

