'यह बीजेपी का आतंकवाद है', PM आवास के बाहर धरना दे रहे कांग्रेस नेता हिरासत में
पार्टी नेताओं के विरोध प्रदर्शन पर कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, 'हमारे पास कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा था। संसद में चर्चा नहीं कराई जा रही है। ऐसे में हम और क्या कर सकते थे? हमें सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।'
राजधानी दिल्ली में लोक कल्याण मार्ग पर विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लिए जाने पर पंजाब कांग्रेस कैंपेन कमेटी के चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा, 'यह बीजेपी का आतंकवाद है। वे छात्रों की बात नहीं सुनते।' इस दौरान वह नारेबाजी भी कर रहे थे। अर्धसैनिक बल भी लोक कल्याण मार्ग पहुंचा है, जहां कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह लोक कल्याण मार्ग पहुंचे और यहां कांग्रेस के चल रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से बात की।
दिल्ली पुलिस ने लोक कल्याण मार्ग पर विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार को भी हिरासत में लिया। पुलिस की गाड़ी से बाहर झांकते हुए कन्हैया ने पत्रकारों ने कहा कि आप लोगों के सामने अत्याचार हो रहा है। कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने हिरासत में लिए जाने पर कहा, 'अगर सांसदों का यह हाल है, तो सोचिए छात्रों के साथ क्या हो रहा होगा। यह गुंडागर्दी है।'
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा और अन्य कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा, 'हमारी एक सीधी-सी मांग है। हमारे विपक्ष के नेताओं ने लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों में यह मांग उठाई है। मांग यह है कि गृह मंत्री संसद में इस पर स्पष्टीकरण दें और सदन में इस मुद्दे पर चर्चा हो। हम चाहते हैं कि वे इस बात पर बयान दें कि किस तरह लोकतंत्र और हमारे संविधान की हत्या की जा रही है और छात्रों पर अत्याचार हो रहे हैं। हम 45 दिनों से शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।'
हमारी मांग वही है जो छात्रों की है: रेणुका चौधरी
प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस नेताओं के विरोध प्रदर्शन पर कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, 'हमारे पास कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा था। संसद में चर्चा नहीं कराई जा रही है। ऐसे में हम और क्या कर सकते थे? हमें सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।' वहीं, कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कहा कि हमारी मांग वही है जो छात्रों की है। नीट पेपर मामले की जिम्मेदारी लेने वाले व्यक्ति को उस पद से हटाया जाए। हमारी मांग पूरे देश की भावना को दर्शाती है कि उस बदनाम व्यक्ति को संसद से बाहर किया जाए। हम रोज यह मांग उठाते हैं, लेकिन यह बहरी और अंधी सरकार कुछ सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने आगे कहा, 'सरकार को सदन चलाना भी नहीं आता। हर आधे घंटे में कार्यवाही स्थगित कर दी जाती है। उन्हें लगता है कि ऐसा करके वे हमें रोक लेंगे, लेकिन यह लोकतंत्र है, इसे रोका नहीं जा सकता। आप वंदे मातरम् गाइए, चाहें उसमें दस और अंतरे जोड़ दीजिए, इससे कुछ नहीं बदलने वाला। अब आपको जवाब देना होगा।'


