
‘चोरी चोरी, चुपके चुपके', राहुल गांधी ने शेयर किया 'लापता वोट’ का वीडियो, उठाए सवाल
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि हरियाणा की भाजपा सरकार जनता के समर्थन से नहीं बल्कि साजिशन बनाई गई है। हुड्डा ने शनिवार को रोहतक में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में वोट चोरी का खेल खेला गया।
कांग्रेस ने राहुल गांधी की बिहार में ‘वोट अधिकार यात्रा’ शुरू होने से पहले शनिवार को एक वीडियो शेयर किया। वोट चोरी के दावे को लेकर इसे ‘लापता वोट’ का टाइटल दिया गया है। इस वीडियो का शीर्षक हालिया फिल्म ‘लापता लेडीज’ से प्रभावित है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक मिनट दो सेकंड का यह वीडियो अपने एक्स हैंडल पर जारी किया और कहा कि अब जनता जाग गई है। उन्होंने पोस्ट किया, ‘चोरी चोरी, चुपके चुपके… अब और नहीं, जनता जाग गई है।’

इस बीच, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि हरियाणा की भाजपा सरकार जनता के समर्थन से नहीं बल्कि साजिशन बनाई गई है। हुड्डा ने शनिवार को रोहतक में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में वोट चोरी का खेल खेला गया, जिसका पर्दाफाश जल्द ही किया जाएगा। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व में वोट चोरी के खिलाफ चल रहे राष्ट्रव्यापी अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव व्यवस्था की खामियों को आंकड़ों के साथ उजागर करने का काम चल रहा है।
'षडयंत्र के जरिए सत्ता में आई भाजपा'
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार जनभावनाओं का प्रतिनिधित्व नहीं करती, बल्कि यह सुनियोजित षडयंत्र के जरिए सत्ता में आई है। उन्होंने आजादी से पहले की कुछ विचारधाराओं का जिक्र किया, जो स्वतंत्रता संग्राम को कमजोर करती थीं और भाई को भाई से लड़वाती थीं। उन्होंने कहा, 'उस समय हमारी दो लड़ाइयां थीं- एक अंग्रेजों से, जो हम जीत गए। दूसरी उस विचारधारा से, जो देश को तोड़ने का काम करती थी। आज भी उस विचारधारा से लड़ाई जारी है।'





