असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की पांचवी लिस्ट, 7 उम्मीदवारों के नाम
असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवारों की पांचवी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 7 विधानसभा सीटों के लिए विधायक उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है।

असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवारों की पांचवी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 7 विधानसभा सीटों के लिए विधायक उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है। इस लिस्ट में गोस्साईगांव से जोसेफ हासदा, दोतमा से बिरकांग बोरो, बिजनी विधानसभा क्षेत्र से रजत कांति साहा का नाम शामिल है। इसके अलावा भेरगांव से अंचुला ग्वारा दैईमैरी, मजबात से नारायण अधिकारी, हैफलांग से निर्मल लांगथासा और खैतीगोराह से अमर चंद जैन को उम्मीदवार बनाया गया है।
126 सीटों वाली असम विधानसभा के लिए कांग्रेस पार्टी ने अभी तक उम्मीदवारों की पांच लिस्ट जारी की हैं। इनमें पहली लिस्ट में 42 उम्मीदवार,दूसरी में 23, तीसरी में 22 और चौथी में 7 के नाम सामने आए थे। विधानसभा चुनाव के लिए अभी तक कांग्रेस पार्टी ने 100 से ज्यादा उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। हालांकि पार्टी पूरे 126 सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगी, वह कुछ सीटें अपने सहयोगियों के लिए भी छोड़ेगी। कांग्रेस ने अपने सहयोगी रायजोर दल को 11 सीटें दी है। पार्टी की तरफ से किए गए ऐलान के मुताबिक, मानस, दलगांव, ढिंग, कलियाबोर, सिसिबरगांव, तेजपुर, मार्घेरिटा, डिगबोआई, शिवसागर, मारियानी, बोकाखाट विधानसभा में में रायजोर दल उम्मीदवार उतारेगा।
126 सीटों वाली असम विधानसभा के लिए मुख्य मुकाबला कांग्रेस पार्टी और सत्ताधारी भाजपा और एनडीए गठबंधन के बीच है। यहां पर वर्तमान में हिमंत विस्वा सरमा मुख्यमंत्री है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व में एनडीए को यहां 126 में से 75 सीटों पर जीत मिली थी। भाजपा ने अकेले 60 सीटें जीती थी, जबकि उसकी सहयोगी असम गण परिषद ने 9 पर विजय हासिल की थी। कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 50 सीटें हासिल की थीं। जबकि एक सीट रयाजोर दल के खाते में गई थी।
चुनाव आयोग ने 9 अप्रैल को यहां पर मतदान करवाने की घोषणा की है। इसके बाद 4 मई को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।


