जो कल तक थे हमदम, उसे ही BJP की 'बी टीम' बताने लगे खरगे; अमित शाह को भी दी सलाह

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

खरगे ने अमित शाह को सलाह देते हुए कहा कि अगर पंजाब में नशा खत्म करना है तो मुंदड़ा पोर्ट की जांच कर उसे बंद करें। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बंदरगाह उद्योगपति गौतम अडानी का है और वहीं से नशे का सामान पंजाब पहुंच रहा है।

 Congress Chief and Rajya Sabha LoP Mallikarjun Kharge and Lok Sabha LoP Rahul Gandhi
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

केंद्र की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खिलाफ सियासी लड़ाई में डेढ़ साल पहले तक कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) एक साथ कंधे से कंधे मिलाकर चल रही थी लेकिन अब वही कांग्रेस पार्टी पुराने साथी AAP को BJP का बी टीम करार दे रही है। ये आरोप लगाया है कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने। उन्होंने पंजाब चुनावों के मदद्देनजर संगरूर में एक रैली को संबोधित करते हुए न केवल आम आदमी पार्टी पर हमला बोला बल्कि उसे भाजपा की 'बी टीम' करार देते हुए आरोप लगाया है कि उसने पंजाब को नशे और अपराध का अड्डा बना दिया है इसलिए राज्य से उसकी सरकार को उखाड़ फेंकने का वक्त आ गया है।

खरगे ने बुधवार (04 नवंबर) को संगरूर में 'इंसाफ रैली' को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में नशे का सामान गुजरात के मुंदड़ा बंदरगाह से लाया जा रहा है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को सलाह देते हुए कहा कि अगर पंजाब में नशा खत्म करना है तो मुंदड़ा बंदरगाह की जांच कर उसे बंद करें। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बंदरगाह उद्योगपति गौतम अडानी का है और वहां से नशे का सामान पंजाब पहुंच रहा है, जिससे लोगों की जिंदगी बर्बाद हो रही है।

MSP वादे का क्या हुआ?

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने और उनकी आमदनी दोगुनी करने का वादा किया था लेकिन कोई भी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार ने किसानों को बर्बाद कर दिया है। मोदी सरकार तीन कृषि कानून लेकर आयी थी लेकिन किसानों ने अपने आंदोलन के दम पर उन्हें वापस लेने के लिए मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि किसान अपने अधिकारों के लिए लड़ते हैं और हर ताकत से टकराने का साहस रखते हैं।

पंजाब में दिनदहाड़े हत्याएं

उन्होंने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में दिनदहाड़े हत्याएं और लूट हो रही हैं लेकिन अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी तक दर्ज नहीं होती। किसी के बच्चे की हत्या हो रही है तो किसी का बच्चा नशे के कारण जान गंवा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून का राज नहीं रह गया है और राज्य सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। खरगे ने कहा कि उन्होंने अपने 60 साल के राजनीतिक जीवन में इतनी भ्रष्ट सरकार नहीं देखी। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के प्रमुख ने पंजाब में अपने गिरोह के लोगों को बैठा रखा है, जो यहां से वसूली कर पैसा दिल्ली भेजते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह पंजाब के लोगों के साथ धोखा किया जा रहा है।

AAP भाजपा की 'बी टीम'

उन्होंने आम आदमी पार्टी को भाजपा की 'बी टीम' बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस जहां भी चुनाव लड़ने जाती है, आप वहां चुनावी समीकरण बिगाड़ने पहुंच जाती है। उन्होंने कहा कि गुजरात और गोवा में भी पार्टी ने कांग्रेस का चुनावी खेल बिगाड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी का अपना कोई अस्तित्व नहीं है और वह लोकतंत्र को कमजोर करने का काम कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने पंजाब की वीरता और बलिदान की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में राज्य का बड़ा योगदान है। गुरु नानक देव और अन्य सिख गुरुओं ने देश को समानता का संदेश दिया। उन्होंने सिख गुरुओं के योगदान को नमन किया। उन्होंने भाई साहिब सिंह का भी उल्लेख किया, जो उनके गृह जिले बीदर से थे।

जुलाई 2025 में इंडिया गठबंधन से अलग हो गई थी आप

खरगे ने पंजाब के लिए कांग्रेस के संकल्पों का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी राज्य को नशामुक्त बनाने, गैंगस्टरवाद खत्म करने, किसानों को अधिकार दिलाने, युवाओं को रोजगार देने, दलितों और कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने तथा भ्रष्टाचार और कुशासन समाप्त करने के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब का भविष्य यहां की जनता तय करेगी, न कि दिल्ली का कोई व्यक्ति। उन्होंने लोगों से चुनाव में कांग्रेस का साथ देने की अपील की। बता दें कि आम आदमी पार्टी जुलाई 2025 में इंडिया गठबंधन से अलग हो गई थी।

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsजो कल तक थे साथी, उसे ही BJP की 'बी टीम' बताने लगे खरगे; अमित शाह को भी सलाह