
कर्नाटक विवाद के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने लीडरशिप को ठहराया जिम्मेदार, कहा- पता होना चाहिए...
कर्नाटक विवाद पर मोइली ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि यह राजनैतिक उथल-पुथल है और अगर नहीं है तो यह उस ओर जा सकती है। इसके लिए सेंट्रल लीडरशिप जिम्मेदार है। उन्हें पता होना चाहिए कि कैसे इसे कंट्रोल करना है।
कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच खींचतान चल रही है। इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरप्पा मोइली ने इसके लिए पार्टी की लीडरशिप पर सवाल उठाते हुए उन्हें जिम्मेदार बताया है और कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की स्थिति और खराब हो जाए, उससे पहले तुरंत अनुशासन बहाल करना चाहिए।
एनडीटीवी के अनुसार, मोइली ने शुक्रवार को कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि यह राजनैतिक उथल-पुथल है और अगर नहीं है तो यह उस ओर जा सकती है। इसके लिए सेंट्रल लीडरशिप जिम्मेदार है। उन्हें पता होना चाहिए कि कैसे इसे कंट्रोल करना है, लेकिन मामला अलग-अलग दिशाओं में जा रहा है, जिससे कर्नाटक में कांग्रेस खराब हो जाएगी। उन्होंने आगे कहा, "स्वामीजी और कम्युनिटी के नेता अपने-अपने नेताओं का समर्थन करने आ रहे हैं, इससे गलत मैसेज जाता है। अनुशासन समय की जरूरत है, पहले इसे लाओ, नहीं तो भाजपा हर जगह कांग्रेस को हरा रही है।''
वहीं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने नेतृत्व विवाद के बीच चर्चा के लिए उनकी सरकार में उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार को 29 नवंबर को सुबह के नाश्ते पर आमंत्रित किया है। सिद्धारमैया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ पार्टी आलाकमान ने मुझे और उनको (डी के शिवकुमार) फोन किया था और बैठक करने को कहा था। इसलिए, मैंने उन्हें कल सुबह के नाश्ते पर आमंत्रित किया है। जब वह आएंगे तो हम चर्चा करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरे रुख में कोई बदलाव नहीं आया है और मैंने कहा है कि आलाकमान जो भी कहेगा, मैं उसे सुनूंगा। हम दोनों ने कहा है कि पार्टी आलाकमान जो भी कहेगा, हम उसका अनुपालन करेंगे।’’ मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर आलाकमान उन्हें बुलाएगा तो वह दिल्ली जाएंगे।

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।
और पढ़ें



