सही भावना में था या नहीं, मुझे नहीं पता; यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर प्रियांक खरगे ने उठाए सवाल

Upendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share

कांग्रेस नेता प्रियांक खरगे ने यूतथ कांग्रेस द्वारा एआई समिट में किए गए शर्टलेस प्रदर्शन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि इस प्रदर्शन के पीछे सही भावना थी या फिर नहीं। लेकिन अगर भाजपा या केंद्र को शर्मिंदा होना है, तो दूसरी बातों पर होना चाहिए।

सही भावना में था या नहीं, मुझे नहीं पता; यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर प्रियांक खरगे ने उठाए सवाल

एआई समिट के आखिरी दिन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा शर्टलेस प्रदर्शन किए जाने को लेकर लगातार बयानबाजी की जा रही है। भाजपा और कांग्रेस इस मुद्दे पर आमने-सामने हैं। इसी बीच कांग्रेस नेता प्रियांक खरगे की तरफ से इस प्रदर्शन की भावना को लेकर सवाल उठाया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि इस शर्टलेस प्रदर्शन के पीछे सही भावना थी या नहीं। हालांकि, इस दौरान उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पुत्र और कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियांक खरगे ने कहा, "जो कुछ भी कल हुआ, वह सही भावना में था या नहीं। मुझे इस पर पूरा यकीन नहीं है। लेकिन अगर केंद्र सरकार को या भाजपा को किसी बात पर इतना शर्मिंदा होना चाहिए, तो वह उस बात पर होना चाहिए कि एक यूनिवर्सिटी और कुछ अन्य कंपनियां चीनी प्रोडक्ट्स को अपने प्रोडक्ट्स के रूप में दिखा रही थीं। गौरतलब है कि खरगे का निशाना यहां पर एआई समिट के दौरान गलगोटिया यूनिवर्सिटी द्वारा चीनी रोबो डॉग को प्रदर्शित करने को लेकर है। इस घटना को लेकर केंद्र सरकार को काफी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।

यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन का बचाव भी किया

यहां पर खरगे ने समिट में किए गए प्रदर्शन का बचाव भी किया। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के सदस्यों ने एआई समिट के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया था। सुरक्षा कर्मचारियों ने स्थिति को नियंत्रित कनरे के लिए दखल दिया। अधिकारियों की तरफ से भी इस मामले पर कहा गया कि इस प्रदर्शन से कोई ज्यादा तकनीकि या व्यावसायिक रुकावटें नहीं आई हैं।

समिट के केंद्र में केवल प्रधानमंत्री मोदी: खरगे

खरगे ने एआई समिट को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मैं भी उस समिट में मौजूद था। मैंने भी ऐसे समिट आयोजित किए हैं लेकिन मैंने कभी भी इतना अव्यवस्थित समिट नहीं देखा। यहां केंद्र में केवल प्रधानमंत्री थे, न कोई इनोवेशन, न को रोजगार बनाने वाले लोग... बस केवल प्रधानमंत्री।” उन्होंने आगे कहा, "सोशल मीडिया पर जाकर देखिए कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि इस कार्यक्रम के बारे में कैसी-कैसी बातें कह रह हैं। आप कांग्रेस को छोड़ दीजिए कि वह क्या कह रही है, आप भारतीय नेताओ, इन्फ्लुएंसर्स और उद्योग जगत के प्रमुखों को सुनिए कि वह इस बारे में क्या कह रहे हैं।

आपको बता दें, भाजपा और कांग्रेस के बीच में यह विवाद उस वक्त बढ़ गया था, जब दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने अंदर घुसकर शर्ट उतारकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्रंप के सामने झुकने और समझौता करने के आरोप लगाए। इस प्रदर्शन के बाद पुलिस ने इन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है और इन्हें 5 दिन की कस्टडी में भेजा गया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक एआई समिट में घुसकर प्रदर्शन कर रहे इन कार्यकर्ताओं की पहचान कृष्णा हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव के रूप में हुई है।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak