आसिम मुनीर बन गया ट्रंप का फेवरेट, भारत के लिए झटका; मोदी सरकार पर फायर हुई कांग्रेस

Apr 20, 2026 12:24 pm ISTJagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
share

कांग्रेस नेता ने कहा कि यह पूरी तरह से स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री मोदी की क्षेत्रीय और वैश्विक भागीदारी पाकिस्तान को अलग-थलग करने में विफल रही है, बल्कि पाक एक बिल्कुल नई ब्रांडिंग भी मिली है।

आसिम मुनीर बन गया ट्रंप का फेवरेट, भारत के लिए झटका; मोदी सरकार पर फायर हुई कांग्रेस

पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच छिड़े युद्ध में मध्यस्थता की कोशिश कर रहा है। इसे लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस ने हालिया घटनाक्रम का हवाला देते हुए सोमवार को कहा कि भारत को अपने कूटनीतिक संपर्क की रणनीति में बड़े बदलाव की जरूरत है और इसे करने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी तरफ असमर्थ हैं।

कांग्रेस के पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि यह मोदी सरकार के लिए बड़ा झटका है कि आर्थिक रूप से तबाह और आतंकवाद के प्रायोजक देश पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस तरह की भूमिका निभाने का मौका मिल रहा है। जयराम रमेश ने एक्स पर अपने पोस्ट में यह बातें कही हैं। उन्होंने सरकार द्वारा इस भूमिका के लिए पाकिस्तान को दलाल देश कहे जाने पर भी तंज कसा। कांग्रेस सांसद ने पोस्ट ने लिखा, ''बहुत जानकार और हमेशा स्टाइलिश कपड़ों में सजे-धजे विदेश मंत्री ने जिसे ‘दलाल’ देश बताया था, वही आज अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के दूसरे दौर की मेजबानी कर रहा है-ऐसी खबरें हैं।”

‘महत्वपूर्ण कूटनीतिक भूमिका निभा रहा पाक’

उन्होंने लिखा, “12 अप्रैल को इन वार्ताओं के पहले दौर के पूरा होने के बाद, पाकिस्तान ने सऊदी अरब और कतर से 6 अरब डॉलर उधार लिए, ताकि संयुक्त अरब अमीरात से लिए गए 3.5 अरब डॉलर के कर्ज को चुका सके और 1.43 अरब डॉलर के यूरोबॉन्ड की एक किश्त का भुगतान कर सके। पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था स्पष्ट रूप से गंभीर संकट में है और वह मित्र देशों द्वारा दी जाने वाली सहायता पर निर्भर है। लेकिन फिलहाल वह एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक भूमिका निभा रहा है-जबकि उसने ओसामा बिन लादेन और अन्य आतंकवादियों को शरण दी, अफगानिस्तान में ड्रग रिहैबिलिटेशन केंद्रों पर बमबारी की, और हाल ही में एक वर्ष पहले पहलगाम आतंकी हमले की साजिश रची।”

जयराम रमेश ने लिखा, “यह पूरी तरह स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री मोदी की क्षेत्रीय और वैश्विक कूटनीति के सार और शैली, तथा नैरेटिव प्रबंधन, पाकिस्तान को अलग-थलग करने में विफल रहे हैं-जबकि उसे एक बिल्कुल नई छवि मिल गई है, जो नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद डॉ. मनमोहन सिंह द्वारा हासिल स्थिति से उलट है।”

कूटनीतिक रणनीति में बदलाव की जरूरत- कांग्रेस

कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत के लिए विशेष रूप से बड़ा झटका है कि फील्ड मार्शल आसिम मुनीर-जिसके भड़काऊ और उत्तेजक बयानों ने पहलगाम आतंकी हमले को हवा दी, अब राष्ट्रपति ट्रंप का इतना पसंदीदा बन गए हैं। उन्होंने कहा कि यह भी स्पष्ट है कि फील्ड मार्शल और उसके साथियों ने ट्रंप के परिवार और करीबी साथियों के इकोसिस्टम को संभालने में भारत की तुलना में कहीं अधिक सफलता पाई है। जयराम रमेश ने लिखा, “यह भी पीएम मोदी की विदेश नीति के लिए एक बहुत बड़ा झटका है। भारत को अपनी कूटनीतिक रणनीति और तौर-तरीकों में व्यापक बदलाव की जरूरत है-जिसके लिए पीएम मोदी बिल्कुल भी सक्षम नहीं हैं।”

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें