जंतर मंतर पर आखिर पहुंच गई कांग्रेस, सोनम वांगचुक से मिलने कौन सांसद गया

भाषा, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

महाराष्ट्र से कांग्रेस के एक सांसद ने राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर पहुंचकर जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात की है। खास बात है कि CJP के प्रदर्शन के तहत वांगचुक बीते 18 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं।

Sonam Wangchuk Health

कांग्रेस सांसद प्रशांत पडोले ने बुधवार को जंतर-मंतर पहुंचकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात की। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोक जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले हो रहे प्रदर्शन के प्रति अपना समर्थन जताया। पडोले ने यह भी कहा कि वह 20 जुलाई को संसद तक निकाले जाने वाले मार्च में शामिल होंगे।

उन्होंने दावा किया कि देश के युवाओं के सपने सरकारी भ्रष्टाचार की वजह से पूरे नहीं हो पा रहे हैं। पडोले ने उस समय वांगचुक के प्रति अपना समर्थन जताया है, जब कांग्रेस ने इस प्रदर्शन से दूरी बनाकर रखी है। महाराष्ट्र के भंडारा गोंदिया से लोकसभा सदस्य ने कहा, 'बच्चों ने जो सपना देखा, वह पूरा नहीं हो रहा है क्योंकि यह सरकारी भ्रष्टाचार है। पिछले 10 वर्षों में 70 बार पेपर लीक हुए हैं।'

क्या बोले

उन्होंने आंदोलन में शामिल युवाओं की सराहना करते हुए कहा, 'मैं आपका धन्यवाद करता हूं कि आप छात्रों के हक के लिए लड़ रहे हैं। मैं दिलो-जान से आप लोगों का समर्थन करता हूं।' कांग्रेस सांसद ने कहा कि जहां भी उनकी जरूरत होगी, वह वहां मौजूद रहेंगे। पडोले ने सोनम वांगचुक के स्वस्थ रहने की कामना करते हुए कहा, 'सोनम जी देश के हीरा हैं और वे हमेशा स्वस्थ रहें।'

उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यदि उनमें ईमानदारी होती तो वह पद छोड़ देते। पडोले ने कहा, 'कांग्रेस के नेताओं ने छोटी-छोटी बातों पर भी इस्तीफा दिया है। क्या इस सरकार के लिए लोगों की जान से ज्यादा महत्वपूर्ण सत्ता है?'

नीट-यूजी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। वांगचुक 28 जून को इस आंदोलन में शामिल हुए थे और तभी से अनिश्चितकालीन अनशन पर हैं। संगठन ने 20 जुलाई को संसद तक मार्च निकालने की भी घोषणा की है।

दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई

वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताने वाली जनहित याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट गुरुवार को सुनवाई करने जा रहा है। उच्च न्यायालय की बार एसोसिएशन द्वारा आहूत कार्य बहिष्कार के बीच संबंधित प्राधिकारियों की ओर से अदालत में कोई पेश नहीं हुआ, जिसके बाद मुख्य न्यायाधीश डी. के. उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ ने जनहित याचिका पर सुनवाई बुधवार को स्थगित कर दी।

पीठ ने कहा, 'मामले की तात्कालिकता को देखते हुए इसे कल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाए।' अदालत ने आदेश की एक प्रति संबंधित अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल और दिल्ली सरकार के वकील को देने का निर्देश दिया।

याचिका में क्या

याचिकाकर्ता राकेश कुमार सैनी ने कहा कि स्थिति 'दुखद' और 'बेहद दुर्भाग्यपूर्ण' है क्योंकि प्रदर्शन कर रहा एक नागरिक 'पूरे देश के सामने एक तरह से अपनी जान दे रहा है।'

सैनी ने अपनी जनहित याचिका में अनुरोध किया है कि संबंधित प्राधिकारियों को वांगचुक की मदद करने और उनसे ‘इस मुद्दे पर बातचीत करने’ का निर्देश दिया जाए। याचिका में कार्यकर्ता को जबरन भोजन कराए जाने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है। याचिका में कहा गया कि सरकार इस मामले को लेकर चिंतित नहीं दिखती, लेकिन अदालत किसी नागरिक को 'स्वेच्छा से भूख से मरने' की अनुमति सरकार को नहीं देगी।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsजंतर मंतर पर आखिर पहुंच गई कांग्रेस, सोनम वांगचुक से मिलने कौन सांसद गया