CJI सूर्यकांत से मिलकर रहेगी कांग्रेस, मना करने के बाद नया प्लान? SC तक मार्च आज
कांग्रेस सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने की तैयारी कर रही है। वहीं, पार्टी ने राज्यों से कार्यकर्ताओं को दिल्ली बुलाया है और बड़े प्रदर्शन का प्लान है। खबरें हैं कि सोमवार को पार्टी मीटिंग की मांग फिर दोहरा सकती है।

CJI यानी भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की तरफ से मुलाकात से इनकार के बाद कांग्रेस नया प्लान तैयार करती नजर आ रही है। खबर है कि कांग्रेस सोमवार को फिर अपनी मांग दोहरा सकती है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। खास बात है कि ये घटनाक्रम ऐसे समय पर हो रहे हैं, जब कांग्रेस ने दिल्ली में सोमवार को बड़े आंदोलन का ऐलान किया है। रविवार को सीजेआई ने मिलने से इनकार कर दिया था।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस नेता सोमवार को मीटिंग के लिए दोबारा अनुरोध कर सकते हैं। हालांकि, पार्टी की तरफ से इस संबंध में अभी औपचारिक ऐलान किया जाना बाकी है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बताया है कि इसकी शुरुआत बाराखंभा रोड से होगी। साथ ही अन्य दलों को इसमें शामिल होने के लिए कहा है।
CJI ने मिलने से क्यों किया इनकार
पीटीआई के अनुसार, राहुल गांधी की तरफ से किए गए मीटिंग के अनुरोध पर सीजेआई ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर कोई आदेश पारित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कांग्रेस नेता से याचिका दायर करने को कहा, जिस पर मंगलवार को सुनवाई हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, सीजेआई ने कहा कि यदि किसी नागरिक के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन होता है, तो उच्चतम न्यायालय उसके लिए 24 घंटे उपलब्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि सीजेआई की तरफ से यह भी कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट प्रशासनिक स्तर पर कार्यपालिका के कामकाज में हस्तक्षेप नहीं कर सकता।
सुप्रीम कोर्ट तक मार्च
कांग्रेस ने सोमवार के विरोध प्रदर्शन को 'चलो दिल्ली-लोकतंत्र के लिए मार्च' नाम दिया है। पार्टी ने कहा कि प्रदर्शनकारी दोपहर डेढ़ बजे कनॉट प्लेस-बाराखंभा रोड चौराहे पर एकत्र होंगे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, 'कल हम भारतीय के रूप में उच्चतम न्यायालय तक मार्च करेंगे। इस मार्च में हम राजनीतिक दल, लैंगिक, जाति, समुदाय और राज्य के भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होंगे। युवा, सभी विपक्षी दल, नागरिक संगठन और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले तथा भारत के संविधान के साथ खड़े सभी लोग हमारे साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगे।'
गांधी ने कहा, 'नरेंद्र मोदी, अमित शाह, अजीत डोभाल और मोहन भागवत भारत की आवाज को दबा नहीं सकते। ये कायर हमें डरा-धमका नहीं सकते। इन्हें सत्ता से हटना होगा।' उन्होंने कहा, 'हम प्रेम, भाईचारे और देशभक्ति की भावना के साथ मिलकर मार्च करेंगे। डरो मत।' उन्होंने कहा कि 'कल पूरा भारत' उच्चतम न्यायालय तक मार्च करेगा।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, 'हमने शाम चार से पांच बजे के बीच का समय मांगा है। हम उन्हें अपनी बात भी बताएंगे, क्योंकि हम मांग नहीं कर सकते। हम उनसे हाथ जोड़कर केवल अनुरोध ही कर सकते हैं।' उन्होंने कहा, 'हम हाथ जोड़कर उन्हें स्थिति से अवगत कराएंगे। गृह मंत्री और प्रधानमंत्री देश में अराजकता पैदा कर रहे हैं और हर जगह अघोषित आपातकाल लगा दिया गया है।'
CJP का प्रदर्शन जारी
इधर, सोमवार को ही कॉकरोच जनता पार्टी भी प्रदर्शन तेज करने की योजना बनाती नजर आ रही है। पार्टी ने कहा है कि सुबह 10 बजे पुलिस से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के लिए समय की मांग की जाएगी। साथ ही चेतावनी भी दी है कि अगर 24 घंटों के अंदर प्रदर्शन के लिए समय और जगह नहीं दी जाती है, तो पार्टी अपने आप ही ऐलान कर देगी। शनिवार को पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया गया था।

