कांग्रेस में ‘ऑपरेशन बदलाव’! राहुल-प्रियंका ने 130 नेताओं से पूछे सवाल, आधे सचिवों छुट्टी तय?
कांग्रेस में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। खुद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ऐक्शन में हैं। उन्होंने करीब 130 नेताओं का इंटरव्यू लिया है। इस कवायद के बाद पार्टी संगठन में कई नेताओं की भूमिका बदलने के संकेत हैं।

कांग्रेस संगठन में लंबे समय से जिस बड़े फेरबदल की चर्चा थी, अब उसकी दिशा साफ होती नजर आ रही है। पार्टी नेतृत्व संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की तैयारी में है। पार्टी जल्द ही AICC सचिवों में बड़ा फेरबदल कर सकती है। मौजूदा सचिवों में से करीब आधे को जिम्मेदारियों से मुक्त किए जाने की संभावना है। इस बदलाव की कवायद के तहत पिछले एक सप्ताह में करीब 130 संभावित उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए गए हैं। इन इंटरव्यू में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और AICC महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल शामिल रहे।
मौजूदा AICC सचिवों से भी होगी मुलाकात
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार को मौजूदा AICC सचिवों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान उनके कामकाज की समीक्षा की जाएगी और उन्हें फीडबैक दिया जाएगा। यह बैठक संगठन में प्रस्तावित फेरबदल से पहले हो रही है। माना जा रहा है कि करीब 50 फीसदी मौजूदा AICC सचिवों को उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त किया जा सकता है।
7 सितंबर से शुरू हुए इंटरव्यू
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, नए सचिवों के चयन के लिए ग्रुप इंटरव्यू की प्रक्रिया 7 सितंबर से शुरू हुई थी। प्रत्येक उम्मीदवार के लिए तैयार डोजियर के आधार पर उनसे सवाल पूछे गए। सूत्रों के अनुसार, इन डोजियर में पार्टी संगठन में उम्मीदवार के काम और प्रदर्शन से जुड़ी जानकारी शामिल थी।
कांग्रेस में फिलहाल 64 AICC सचिव हैं। इनमें से ज्यादातर को अलग-अलग राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है। वे संबंधित राज्यों में AICC महासचिवों या प्रभारी नेताओं के अधीन काम करते हैं और राज्य इकाइयों के कामकाज की निगरानी और उसमें मदद करते हैं। कुछ सचिवों को दिल्ली स्थित पार्टी के महत्वपूर्ण कार्यालयों में भी तैनात किया गया है। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और केसी वेणुगोपाल के कार्यालय भी शामिल हैं।
12-14 नेताओं के बैच में हुए इंटरव्यू, राहुल-प्रियंका ने पूछे सवाल
इंटरव्यू में शामिल एक नेता के मुताबिक, उम्मीदवारों के इंटरव्यू 12 से 14 लोगों के बैच में लिए गए। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल ने संगठन में उनके काम को लेकर विस्तार से सवाल किए। उम्मीदवारों से पहले करीब एक मिनट में अपना परिचय देने को कहा गया। इसके बाद उनसे पार्टी में उनके प्रदर्शन, उनकी भूमिका और संगठन के लिए उनके योगदान को लेकर सवाल पूछे गए।
उनसे यह भी पूछा गया कि उन्होंने अपनी भूमिका में कौन-कौन से काम किए, किसी काम को उस तरीके से करने के पीछे उनकी वजह क्या थी, पार्टी के लिए उनका योगदान क्या रहा और किन क्षेत्रों में उनसे कमी रह गई।
कमजोर प्रदर्शन वाले राज्यों को लेकर भी सवाल
इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवारों से काल्पनिक परिस्थितियों को लेकर भी सवाल किए गए। मसलन, अगर किसी राज्य में कांग्रेस का प्रदर्शन खराब रहा हो या वहां चुनाव होने वाले हों तो पार्टी को दोबारा मजबूत करने के लिए वे क्या कदम उठाएंगे।
एक अन्य नेता के मुताबिक, उम्मीदवारों से यह भी पूछा गया कि अगर उन्हें किसी खास राज्य का सचिव बनाया जाता है तो वे अपनी जिम्मेदारियां किस तरह निभाएंगे और उस राज्य से जुड़े विशेष मुद्दों से कैसे निपटेंगे। उम्मीदवारों से उनके राजनीतिक सफर के बारे में भी सवाल किए गए। उनसे अपने राजनीतिक करियर के सबसे उल्लेखनीय प्रदर्शन को बताने के लिए कहा गया।
‘संगठन सृजन अभियान’ पर भी सवाल
इंटरव्यू में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान को लेकर भी उम्मीदवारों से सवाल किए गए। इस अभियान के तहत पार्टी देशभर में अपने संगठन में बदलाव कर रही है। एक उम्मीदवार ने बताया कि उनसे पूछा गया कि संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस जिस तरह अपने संगठन में बदलाव कर रही है, उस तरीके को लेकर वे क्या सोचते हैं।
नए जिम्मेदारी पाने वालों को भी मिलेगा ध्यान
AICC सूत्रों के मुताबिक, करीब आधे मौजूदा सचिवों को जिम्मेदारियों से मुक्त किए जाने की संभावना है। हालांकि, इस पूरी कवायद में उन नेताओं को भी ध्यान में रखा जाएगा जिन्हें हाल ही में संगठन सृजन अभियान के तहत नई जिम्मेदारियां दी गई हैं या संगठन में प्रमोट किया गया है।
AICC के एक सूत्र के मुताबिक, पिछले कुछ हफ्तों में करीब छह-सात नेताओं को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। ऐसे नेताओं को सचिव के पद से उनकी मौजूदा जिम्मेदारी से मुक्त किया जाना तय माना जा रहा है।
मंगलवार की बैठक में क्या होगा?
मंगलवार को होने वाली बैठक का एजेंडा अभी आधिकारिक तौर पर AICC सचिवों को नहीं बताया गया है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक बैठक में मुख्य रूप से उनके प्रदर्शन और पार्टी में प्रस्तावित संगठनात्मक फेरबदल पर चर्चा होने की संभावना है।


