एलपीजी कुकिंग कैस की शॉर्टेज बढ़ी, मुंबई में कॉमर्शियल सिलिंडरों की सप्लाई ठप

Mar 09, 2026 11:04 pm ISTDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, मुंबई
share

अमेरिका-इजरायल के ईरान पर हमले का असर अब एलपीजी कुकिंग गैस पर नजर आने लगा है। इसके चलते पूरे मुंबई शहर में एलपीजी कुकिंग गैस की कमी पैदा हो गई है। एलपीजी सप्लाई में देरी के चलते लोगों को सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं।

एलपीजी कुकिंग कैस की शॉर्टेज बढ़ी, मुंबई में कॉमर्शियल सिलिंडरों की सप्लाई ठप

अमेरिका-इजरायल के ईरान पर हमले का असर अब एलपीजी कुकिंग गैस पर नजर आने लगा है। इसके चलते पूरे मुंबई शहर में एलपीजी कुकिंग गैस की कमी पैदा हो गई है। एलपीजी सप्लाई में देरी के चलते लोगों को सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। आलम यह है कि बुकिंग के बाद का वेटिंग पीरियड दो से बढ़कर आठ दिन का हो चुका है। इन सबके बीच होटल और रेस्टोरेंटों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह से रोक दी गई है। व्यापारियों के मुताबिक इससे खान-पान के ठिकानों पर संकट आ सकता है।

लोग होने लगे परेशान
सोमवार से ही घरेलू सिलिंडरों की बुकिंग में इजाफा हो गया था। हालात से परेशान लोग लगातार बुकिंग करा रहे थे। जिन परिवारों के पास दो सिलिंडर हैं, वे डीलर्स के पास पहुंचकर दूसरा सिंलिंडर भी बुक करा लेना चाहते थे। एक उपनगरीय डीलर ने कहाकि केंद्रीय मंत्रालय से एक नई नोटिफिकेशन भी आ चुकी है। इसके मुताबिक घरेलू गैस उपभोक्ता 25 दिन से पहले दूसरा सिलिंडर नहीं बुक करा सकते। पिछले हफ्ते तक लोग दो-तीन दिन के अंदर ही दूसरा सिलिंडर बुक करा सकते थे। इस डीलर ने बताया कि गनीमत है कि अभी 14.2 किग्रा का सिलिंडर उपलब्ध है। वहीं, कॉमर्शियल एलपीजी सिलिंडर्स की सप्लाई रविवार तक के लिए पूरी तरह से रोक दी गई है। उसने कहाकि इसके चलते होटलों और रेस्टोरेंट्स के लिए बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा।

क्या कह रहे डीलर्स
एलपीजी डीलर्स ने आगे कहाकि अगर यही हाल रहा तो होटल और और दूसरे कॉमर्शियल संस्थान ब्लैक मार्केट से घरेलू सिलिंडर खरीदने पर बाध्य हो सकते हैं। उन्होंने कहाकि यह गैर-कानूनी तो है ही, साथ ही यह खतरनाक भी है। एक डीलर ने कहाकि मेरा तो सुझाव है कि सरकार भले ही कॉमर्शियल सिलिंडरों पर ज्यादा पैसा ले, लेकिन सप्लाई चालू रखे। गौरतलब है कि रविवार को घरेलू सिलिंडरों के दाम में 60 रुपए और कॉमर्शियल सिलिंडरों के दाम में 115 रुपए का इजाफा किया गया है। अंधेरी में, सोमवार को चिंतित ग्राहक एलपीजी डीलर आउटलेट्स पर बुकिंग कराने पहुंचे। कुछ परिवार यह सोच रहे थे कि जब तक स्टॉक्स खत्म नहीं हो जाते, वे खुद एक सिलिंडर घर ले जाएं।

सरकार ने बदले बुकिंग के नियम
इस बीच देश में अगले छह से आठ सप्ताह की जरूरतों को पूरा करने के लिए कच्चा तेल और तैयार उत्पादों (ईंधन) दोनों का पर्याप्त भंडार है, पर सरकार ने खाना पकाने की गैस एलपीजी भराने का ऑर्डर देने की नीति में बदलाव किया है। सूत्रों ने बताया कि जमाखोरी को रोकने के लिए घरेलू एलपीजी सिलेंडर भराने के लिए बुकिंग की न्यूनतम प्रतीक्षा अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। इसका मकसद सिलेंडर की जमाखोरी को रोकना और उनका समान वितरण सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि एक औसत परिवार एक वर्ष में 14.2 किलोग्राम के सात से आठ एलपीजी सिलेंडर का उपयोग करता है और आमतौर पर उन्हें छह सप्ताह से कम समय में उसे भराने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। सूत्रों के अनुसार, जमाखोरी और बाजार में जानबूझकर कमी की स्थिति उत्पन्न होने से रोकने के लिए सिलेंडर भराने के लिए बुकिंग अवधि बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम कंपनियों के पास एलपीजी का पर्याप्त भंडार है।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।