फिर एक्स पर लौटी कॉकरोच पार्टी, अब क्या रखा है नाम; इस अंदाज में किया तंज
कॉकरोच पार्टी फिर से एक्स पर लौट आई है। हालांकि उसने अपना नाम बदल लिया है, लेकिन डीपी में कॉकरोच जनता पार्टी ही लिखा हुआ है। इस बार अकाउंट का नाम ‘कॉकरोच इज बैक’ रखा गया है।

कॉकरोच जनता पार्टी फिर से एक्स पर लौट आई है। हालांकि उसने अपना नाम बदल लिया है, लेकिन डीपी में कॉकरोच जनता पार्टी ही लिखा हुआ है। इस बार अकाउंट का नाम ‘कॉकरोच इज बैक’ रखा गया है। खुद को कॉकरोच जनता पार्टी का फाउंडर बताने वाले अभिजीत दिपके ने खुद इसके बारे में पोस्ट किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है, ‘अब फॉलो कीजिए’ फिलहाल इस अकाउंट से दो पोस्ट किए गए हैं। बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी अकाउंट को एक्स पर प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस अकाउंट पर बड़ी तादाद में फॉलोवर्स जुड़ गए थे।
पोस्ट में क्या लिखा
एक्स पर दुबारा अकाउंट बनाते ही कॉकरोच पार्टी ने तंज कसना भी शुरू कर दिया है। पहली पोस्ट में ‘कॉकरोच इस बैक’ की फोटो लगाकर, लिखा गया है- आपने क्या सोचा था, हमसे छुटकारा पा लेंगे। वहीं, दूसरी पोस्ट में भाजपा और कांग्रेस के अकाउंट के स्क्रीनशॉट की फोटो लगाई गई है। इस फोटो में, दोनों पार्टियों के सोशल मीडिया अकाउंट्स के नंबर्स की जानकारी दी गई है। इसमें लिखा गया है कि कॉकरोच जनता पार्टी की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता और फैन फॉलोविंग के बाद, इस अकाउंट को बंद कराया गया है।
किसने शुरू की है पार्टी
गौरतलब है कि पुणे निवासी अभिजीत दिपके नामक व्यक्ति ने ऑनलाइन यह पार्टी शुरू की है। यह अपनी वेबसाइट पर खुद को ‘युवाओं की, युवाओं द्वारा, युवाओं के लिए पार्टी’ बताती है और इसका नारा ‘धर्मनिरपेक्ष, समाजवादी, लोकतांत्रिक, आलसी’ है। पार्टी के ऑनलाइन पोस्ट में मजाकिया अंदाज में कहा गया है कि इसका सदस्य बनने के लिए व्यक्ति का 'बेरोजगार, हर वक्त ऑनलाइन रहने वाला, पेशेवर रूप से भड़ास निकालने वाला और आलसी' होना जरूरी है। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पुणे से पत्रकारिता में स्नातक किया है और बाद में बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में परास्नातक करने के लिए वे अमेरिका चले गए।
क्या उठाए हैं मुद्दे
बता दें कि हास्य-व्यंग्य के बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने युवाओं की बेरोजगारी, परीक्षा के पेपर लीक विवाद, व्यवस्थागत पारदर्शिता और राजनीतिक प्रतिनिधित्व जैसे गंभीर मुद्दे भी उठाये थे। पार्टी ने यह भी कहा है कि वह जल्द ही एक ‘जेन जी’ वर्चुअल सम्मेलन आयोजित करेगी, जहां युवा नीतियों और शासन पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा ऑनलाइन प्रकाशित कॉकरोच जनता पार्टी के घोषणापत्र में मुख्य न्यायाधीश के लिए सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले सभी राजनीतिक पदों पर प्रतिबंध, महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण, मीडिया की स्वतंत्रता और दलबदलू राजनेताओं पर 20 साल के प्रतिबंध की मांग की गई है।
सोशल मीडिया पर क्या राय
कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स बंटे हुए नजर आ रहे हैं। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे महज ‘मीम पॉलिटिक्स’ कहा है। वहीं, अन्य का कहना है कि यह पहली बार है जब कोई मंच युवाओं से उनकी ही भाषा में उनकी तात्कालिक चिंताओं के बारे में सीधे बात कर रहा है। एक यूजर ने लिखा कि यह देश की पहली ऐसी पार्टी है जो कम से कम युवाओं के दर्द को समझती है। एक अन्य सोशल मीडिया यूजर ने टिप्पणी की कि अब राजनीति रेडिट और इंस्टाग्राम रील्स जैसी हो गई है। फिर भी कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कॉकरोच जनता पार्टी को ‘भारत में जेन जी की राजनीति का नया चेहरा’ बताया।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


