'हमें गिरफ्तार किया जा सकता है', कॉकरोच जनता पार्टी के सौरव दास का दावा, सरकार को चेतावनी

लाइव हिन्दुस्तान
share

कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास ने दावा किया है कि सरकार उन्हें, अभिजीत दीपके समेत अन्य नेताओं को गिरफ्तार करने की योजना बना रही है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी ऐसी तानाशाही पूर्ण हरकतें काम नहीं करेंगी। क्योंकि देश का युवा जाग चुका है।

CJP
सौरव दास बोले- हमें गिरफ्तार किया जा सकता है।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना मोर्चा खोला हुआ है। 10 अक्तूबर को दिल्ली में होने वाले प्रोटेस्ट के पहले पार्टी प्रवक्ता सौरव दास ने दावा किया है कि सरकार सीजेपी के नेताओं को गिरफ्तार करने की योजना बना रही है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्हें ऐसा लगता है कि उनकी (सरकार की) ऐसी तानाशाही वाली हरकतों की वजह से देश का युवा शांत हो जाएगा, तो ऐसा होने वाला नहीं है। सौरव ने युवाओं के नाम संदेश देते हुए कहा कि अगर हम साथ हों न हों देश के युवाओं को यह सुनिश्चित करना है कि 10 अक्तूबर को एक बड़ा जन-आंदोलन शुरू हो।

सौरव दास ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी बात रखते हुए सरकार को चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा, "सरकार मुझे, अभिजीत, आशुतोष, रत्ना और कॉकरोच जनता पार्टी के दूसरे नेताओं को गिरफ्तार करने की योजना बना रही है।" बता दें सरकार की तरफ से अभी तक इस पर किसी तरह की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। न ही सौरव दास ने इस पर ज्यादा जानकारी दी है।

तानाशाही वाली हरकतें काम नहीं करेंगी- सौरव दास

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए दास ने सरकार को चेतावनी दी कि उनकी ऐसी तानाशाही वाली हरकतें काम नहीं करेंगी। उन्होंने लिखा, "अगर सरकार को लगता है कि ऐसी तानाशाही हरकतें काम करेंगी, तो वह गलतफहमी में हैं। युवा पीढ़ी जाग चुकी है। हम सभी से अपील करते हैं कि वे हमारे अधिकारों और भविष्य के लिए संघर्ष जारी रखें, चाहे हम साथ हों या न हों। हम जेल या उससे भी बुरी स्थिति का सामना करने के लिए हमेशा तैयार रहे हैं। लेकिन यह एक बड़ी गलती होगी। युवा इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।"

भारत के लोग सुनिश्चित करें, 10 अक्टूबर को एक बड़ा जनआंदोलन खड़ा हो- सौरव दास

सौरव दास ने अपने समर्थकों से मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ अभियान को जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि 10 अक्तूबर को एक बड़ा जन-आंदोलन खड़ा होना चाहिए। उन्होंने लिखा, "विरोध प्रदर्शन जारी रहने चाहिए। भारत के लोगों को यह सुनिश्चित करना होगा कि 10 अक्तूबर से एक बड़ा जन-आंदोलन शुरू हो।

बता दें, मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सामने आई एक खोजी रिपोर्ट के बाद कॉकरोच जनता पार्टी और विपक्षी दलों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कॉकरोच जनता पार्टी लगातर उनके इस्तीफे की मांग कर रही है। पहले सीजेपी के संयोजक अभिजीत दीपके ने ज्ञानेश कुमार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद वह मुबंई में जेल भरो आंदोलन करने के लिए पहुंचे। लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के बाद सीजेपी ने अपने आंदोलन को दिल्ली ट्रांसफर करने का ऐलान किया। वर्तमान में कॉकरोच जनता पार्टी क तरफ से 10 अक्तूबर को नई दिल्ली में प्रदर्शन करने की योजना है। उनकी तरफ से साफ किया जा चुका है कि अगर उनके समर्थकों को जंतर-मंतर पहुंचने से पहले रोकने की कोशिश की गई, तो जहां रोका जाएगा। वह वही जंतर मंतर समझकर धरने पर बैठ जाएंगे।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia News'हमें गिरफ्तार किया जा सकता है', सीजेपी के सौरव दास का दावा, सरकार को चेतावनी