सौरव दास की फ्लाइट का किराया भाजपा ने दिया, कॉकरोचों ने फंडिंग का बताया सोर्स!
CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। इस बीच कॉकरोचों की पार्टी की फंडिंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस पर सौरव दास ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा?

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता और सौरव दास ने एक बयान में कहा है कि उनकी फ्लाइट का किराया भाजपा ने दिया। उन्होंने कहा है कि उनकी मुंबई से दिल्ली वाली फ्लाइट को बीजेपी से फंडिंग मिली थी। दरअसल सौरव दास ने सोशल मीडिया पर लोगों पर तंज कसते हुए यह बातें कही हैं। हाल ही में सीजेपी के नए आंदोलन और प्रदर्शन को लेकर पार्टी की फंडिंग पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में पार्टी प्रवक्ता सौरव दास ने मोर्चा संभाला। उन्होंने यह भी लिखा कि भाजपा के बैंक खातों की जांच होनी चाहिए।
सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यूजर ने पोस्ट पर जवाब दिया। इस पोस्ट में पार्टी के सदस्य हवाई जहाज में सवार नजर आ रहे हैं और कटाक्ष करते हुए लिखा गया था, “कोई फंडिंग नहीं है, नॉर्मल प्रोटेस्ट है, पब्लिक कंट्रीब्यूशन है।” इस पर सौरव दास ने जवाब देते हुए लिखा, “मेरी मुंबई से दिल्ली फ्लाइट की फंडिंग भाजपा ने की थी। अगर किसी को इससे दिक्कत है तो कृपया करके भाजपा के अकाउंट और इलेक्टोरल बॉन्ड की जांच करो।”
फंडिंग पर हमेशा से उठे हैं सवाल
गौरतलब है कि देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत के एक बयान के बाद बनने वाली कॉकरोच जनता पार्टी ने हमेशा से पब्लिक के सहारे आंदोलन करने की बात कही है। उनके मुताबिक लोगों के सहयोग के वजह से वे नीट पेपर लीक और अब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन कर पा रहे हैं। हालांकि कई लोगों ने पार्टी को आम आदमी पार्टी की B टीम होने के साथ साथ, अवैध फंडिंग के आरोप भी लगाए हैं।
गिरफ्तारी का दावा
इससे पहले सौरव दास ने दावा किया है कि सरकार उन्हें और पार्टी के कई नेताओं को गिरफ्तार करने की योजना बना रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बयान में यह दावा करते हुए चेतावनी भी दी है। सौरव दास ने कहा, “सरकार मुझे, अभिजीत, आशुतोष, रत्ना और कॉकरोच जनता पार्टी के दूसरे नेताओं को गिरफ्तार करने की योजना बना रही है।”
सौरव दास ने आगे सरकार को चेतावनी दी कि युवा ऐसी हरकतों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने लिखा, “अगर सरकार को लगता है कि ऐसी तानाशाही हरकतें काम करेंगी, तो वह गलतफहमी में हैं। युवा पीढ़ी जाग चुकी है। हम सभी से अपील करते हैं कि वे हमारे अधिकारों और भविष्य के लिए संघर्ष जारी रखें, चाहे हम साथ हों या न हों। हम जेल या उससे भी बुरी स्थिति का सामना करने के लिए हमेशा तैयार रहे हैं। लेकिन यह एक बड़ी गलती होगी। युवा इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
महिला पत्रकार संग बदसलूकी पर भड़के
इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी एसीपी विवेक भगत पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर हमलावर हो गई है। बता दें कि एक महिला पत्रकार ने दिल्ली पुलिस के सहायक आयुक्त विवेक भगत पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इसके बाद सीजेपी ने पीड़िता को समर्थन देते हुए आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। प्रवक्ता सौरव दास ने संसद मार्ग पुलिस थाने के बाहर जारी प्रदर्शन में आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस एसीपी विवेक भगत को बचा रही है।

