Cockroach Janta Party Protest: भारत का युवा कुछ लोगों की मुठ्ठी की कठपुतली नहीं, CJP प्रोटेस्ट पर भाजपा अध्यक्ष
Cockroach Janta Party Protest Live : कॉकरोच पार्टी आज दिल्ली में बड़ा विरोध-प्रदर्शन कर रही है। भारत आए CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके जंतर मंतर के मंच से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा है। दिल्ली पुलिस ने सीजेपी को 7 घंटे के लिए जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की इजाजत दी है।
Cockroach Janta Party Protest Live: कॉकरोच जनता पार्टी ने आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। अमेरिका से भारत आए CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके भी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। प्रोटेस्ट के मद्देनजर जंतर-मंतर पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए। दिल्ली पुलिस ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की इजाजत दी थी। अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान आज शाम 5 बजे तक इस्तीफा दें नहीं तो तो अगले शनिवार फिर जंतर-मंतर आएंगे। हालांकि दीपके की चेतावनी का कोई असर नहीं दिखा और 5 बजे की डेडलाइन खत्म हो चुकी है।
अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर से केंद्र सरकार पर एक के बाद एक कई बड़े हमले बोले। उन्होंने कहा कि 10-12 साल से इन लोगों ने हमें हिंदू मुसलमान की राजनीति में फंसा कर रखा, इससे किसे फायदा हुआ? क्या हिंदू मुसलमान करने से देश में किसी को भी नौकरियां मिली? लोग कहते हैं आंदोलन, धरना प्रदर्शन और जुलूस निकालने से क्या होता है? इससे यह सिद्ध होता है कि हम जिंदा हैं। सरकार के लिए हम हो सकते हैं कीड़े मकौड़े, लेकिन हम जीवित हैं और अपने हकों की लड़ाई लड़ने के लिए सक्षम हैं। अभिजीत दीपके ने हमारा एकमात्र एजेंडा यह है कि भारत की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने के लिए धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने प्रदर्शन में जुटे लोगों से कहा कि ध्यान भटकाने वाली चालों के झांसे में न आएं। बता दें कि, अभिजीत दीपके ने इस महीने की शुरुआत में अपने समर्थकों और छात्रों से दिल्ली के प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया था। कॉकरोच पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके आज सुबह 7:30 बजे ब्रिटिश एयरवेज के विमान से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे। पुलिस द्वारा जंतर-मंतर के दोनों तरफ बैरिकेड से घेरा बनाया गया है और हजारों पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। सीजेपी के प्रदर्शन से जुड़े पल-पल के अपडेट दे रहे हिन्दुस्तान संवाददाता अमित झा, आशीष सिंह और रमेश त्रिपाठी
कॉकरोच आंदोलन पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने साधा निशाना
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी कॉकरोच पार्टी के आंदोलन पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, कुछ लोग विदेश में बैठकर ये सोच लेते हैं कि हम भारत के युवाओं को दिशा दे देंगे। भारत का युवा किसान के साथ चौपाल में रहता है, कोचिंग इंस्टीट्यूट में रहता है, कॉलेज कैंपस में रहता है। लेकिन भारत का युवा दिल्ली में बैठे कुछ लोगों की मुठ्ठी की कठपुतली बनकर आगे नहीं बढ़ने वाला।
CJP Protest Live: मैं अपने माता-पिता से मिलने घर जा रहा हूं- अभिजीत दीपके
प्रदर्शन खत्म होने के बाद अभिजीत दीपके ने बताया है कि वह अपने माता-पिता से मिलने जा रहे हैं और उन्हें घर लेकर जा रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, मैं अपने माता-पिता से मिलने घर जा रहा हूं। उनसे मिले हुए एक साल से ज़्यादा हो गया है। पिछले 15 दिनों में उन्होंने बहुत कष्ट झेला है और धमकियों के कारण उन्हें घर छोड़ना पड़ा। मैं उन्हें वापस घर ले जा रहा हूं। वैसे, आज का विरोध प्रदर्शन तो बस एक झलक थी। इतनी बड़ी संख्या में आने के लिए आप सभी का धन्यवाद।
CJP Protest Live: शिक्षा मंत्री को तुरंत बर्खास्त करें पीएम, केजरीवाल की मांग
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को युवाओं के भारी गुस्से और हताशा करार दिया है। केजरीवाल ने एक्स पर लिखा 'कॉकरोच आंदोलन देश के युवाओं के भारी गुस्से और हताशा को दर्शाता है। मोदी सरकार इन्हें राष्ट्रविरोध साबित करने की बजाय इनकी समस्याओं का समाधान तलाशे। आम आदमी पार्टी इनकी मांगों के साथ है। प्रधानमंत्री को शिक्षा मंत्री का तुरंत बर्खास्त करना चाहिए।
CJP Protest Live: ‘कॉकरोचों का विद्रोह’… सीजेपी की एक्स पोस्ट के जरिए हुंकार
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन खत्म होने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के एक्स हैंडल पर आज के प्रदर्शन की कुछ तस्वीरें शेयर की गई हैं। इनमें प्रदर्शन स्थल पर युवाओं की भारी भीड़ दिखाई दे रही है।
CJP Protest Live: दीपके की दी डेडलाइन खत्म
सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने आज प्रदर्शन के दौरान दिए अपने भाषण में शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान को आज शाम 5 बजे तक इस्तीफा देने के लिए कहा था। उनकी चेतावनी का सरकार पर कोई असर नहीं दिखा। 5 बजे की डेडलाइन खत्म हो चुकी है और शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया है।
मालूम हो कि कॉकरोच जनता पार्टी ने आज शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग लेकर ही प्रदर्शन किया। इस्तीफे की वजह हाल के एग्जाम से जुड़ी गड़बड़ियां, जिनसे लाखों छात्र और युवा बुरी तरह से परेशान हैं। प्रदर्शन में शामिल ज्यादातर स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्रा और युवा पेशेवर हैं। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में एकत्र हुए छात्र और युवा नारे लगाते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
CJP Protest Live: कनॉट प्लेस की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारी, सुरक्षाबल तैनात
भारी सुरक्षा के बीच प्रदर्शनकारी अब कनॉट प्लेस की ओर जा रहे हैं। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन तय 5 बजे से पहले ही खत्म हो गया था। पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी को आज सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन की इजाजत दी थी।
CJP Protest Live: खत्म हुआ प्रदर्शन, सुरक्षा बलों ने जंतर मंतर को खाली कराया
विरोध प्रदर्शन अब समाप्त हो चुका है। इसमें कई वामपंथी छात्र संगठन भी शामिल हुए। पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने जंतर मंतर को खाली करा दिया है।
CJP Protest Live: अभिजीत दीपके ने शेयर किया वीडियो
कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने अपने एक्स हैंडल पर ये वीडियो शेयर किया है जिसमें जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ दिख रही है।
CJP Protest Live: NCP जनरल सेक्रेटरी ने भी किया प्रदर्शन का समर्थन
एनसीपी के जनर सेक्रेटरी रोहित पवार ने एग्जाम से जुड़ी गड़बड़ियों को लेकर सीजेपी के प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया है। उन्होंने विरोध प्रदर्शन को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया केंद्र सरकार की नीतियों और एग्जाम को लेकर लापरवाही के खिलाफ युवाओं के बीच पनप रहे अंसतोष को दिखाती हैं। रोहित पवार ने कहा है कि NEET और CBSE एग् में अनियमितताओं और केंद्र की गलत नीतियों ने युवाओ को प्रभावित किया है।
CJP Protest Delhi Live : सोनम वांगचुक को बनाया जाए शिक्षा मंत्री, गूंजे नारे
सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने वांगचुक को देश का शिक्षा मंत्री बनाने के नारे लगाए।
CJP Protest Live : प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लिया
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान गुटों के बीच संभावित टकराव की आशंका के चलते 6 लोगों को हिरासत में लिया है। पीटीआई के मुताबिक पुलिस ये एहतियान इन लोगों को हिरासत में लिया है। ये सभी प्रदर्शन के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे।
CJP Protest Live : शाम पांच बजे तक शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
अभिजीत ने कहा है कि शाम पांच बजे तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। ऐसा नहीं हुआ तो पीछे नहीं हटेंगे। अगले शनिवार फिर जुटेंगे। अपने शहरों में आवाज उठाएंगे।
CJP Protest Delhi Live : सोनम वांगचुक बोले - मंत्री का इस्तीफा नहीं बल्कि…
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सोनम वांगचुक ने कहा कि परीक्षा के साथ शिक्षा प्रणाली में बदलाव की बात होनी चाहिए। नेताओं और सरकार से वेतन पाने वालों के बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ने का प्रावधान होना चाहिए, तभी सिस्टम सुधरेगा। उन्होंने कहा कि केवल शिक्षा के लिए नहीं बल्कि हर मंत्रालय जहां गड़बड़ी हो रही है उसके खिलाफ आवाज उठनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि 'यह प्रदर्शन नहीं एक सरकार से आग्रह है। परीक्षा का सवाल भविष्य से जुड़ा है। हम ईमानदारी मांग रहे हैं न कि चांद सितारे। यह युवा शक्ति के लिए जरूरी है। यह प्रणाली बदलनी चाहिए। मंत्री का इस्तीफा नहीं बल्कि बदलाव चाहिए। पीएम परीक्षा में चर्चा करते हैं लेकिन इस गलत प्रक्रिया पर भी चर्चा करनी चाहिए।'
CJP Protest Delhi Live : अभिजीत की मां को किस बात का डर?
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए अभिजीत ने कहा कि मेरी मां को बहुत डर था की मुझे ये सरकार जेल में डाल देगी। इस देश में उस हर मां को ये डर होता है जब उनका बच्चा इस सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है। कब तक हम इस सरकार से डर कर जियेंगे?
CJP Protest Delhi Live : सोनम वांगचुक भी जंतर-मंतर पहुंचे
जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए जंतर-मंतर पर पहुंच गए हैं। वांगचुक ने प्रदर्शन की इजाजत देने के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मैं सद्भावना का पैगाम लेकर आया हूं। प्रदर्शन में लोगों की भारी भीड़ जमा है।
CJP Protest Delhi Live : अभिजीत ने प्रधानमंत्री से पूछा एक मंत्री अहम या छात्र
अभिजीत ने सवाल करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के लिए एक मंत्री अहम है या छात्र। छात्र और युवा कब तक डर के साय में जीवन जीएगा। सरकार को धर्म की राजनीति बंद करनी होगी।
CJP Protest Delhi Live : सिस्टम की गलती से सारे कॉक्रोच बाहर आ गए
कॉकरोच पार्टी के विरोध प्रदर्शन में जंतर-मंतर पर इकट्ठा हुए प्रदर्शनकारी नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि धर्म की राजनीति बर्दाश्त नहीं करेंगे। यह प्रदर्शन फेल नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि यह सिस्टम की गलती से हुआ है जो सारे कॉक्रोच बाहर आ गए हैं। धर्म के नाम पर छात्र अब नहीं बटेंगे। धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो, एक मिनिस्टर की विफलता की वजह से छात्रों को जान गंवानी पड़ रही है।
CJP Protest Delhi Live : अभिजीत बोले- आप हमारी सोशल मीडिया पोस्ट हटा सकते हैं, हमें नहीं
अभिजीत दीपके ने विरोध प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर से केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। अभिजीत ने कहा कि आप हमारी सोशल मीडिया पोस्ट हटा सकते हैं, लेकिन हमें नहीं हटा सकते। यह सिस्टम की गलती है कि कॉकरोच बाहर निकल रहे हैं।
CJP Protest Delhi Live : जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन गर्माया
कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन अब पूरी तरह से गर्मा गया है और जंतर-मंतर पर स्थिति लगातार बदल रही है। दोपहर होते-होते जंतर-मंतर पर युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा है। प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ और लगातार हो रही नारेबाजी को देखते हुए पुलिस ने बैरिकेड्स के पास सुरक्षा घेरा और कड़ा कर दिया है। अर्धसैनिक बलों को किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट पर रखा गया है।
CJP Delhi Protest Live : जंतर-मंतर पर अज्ञात लोगों ने की कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ नारेबाजी
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बीच कुछ अज्ञात लोग पहुंच गए हैं और उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ ही नारेबाजी शुरू कर दी है। इस कारण माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हंगामा कर रहे कुछ को तुरंत हिरासत में लेकर वहां से हटा दिया है।
Cockroach Janata party Protest Live : जंतर मंतर पहुंचे अभिजीत दीपके, धर्मेंद्र प्रधान से मांगा इस्ती
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके जंतर-मंतर पर पहुंच गए हैं। अभिजीत ने अपने भाषण की शुरुआत जय भीम और वन्दे मातरम के नारे के साथ की। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना होगा। अभिजीत ने कहा कि मुझे घर आते वक्त डर लग रहा था।
Cockroach Janata party Protest Live : दिल्ली पुलिस के प्रदर्शनकारियों जंतर-मंतर जाने के निर्देश
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को संसद मार्ग थाने जाने के बजाय सीधे जंतर-मंतर पहुंचने का निर्देश दिया। वर्तमान में पूरा इलाका पुलिस और अर्धसैनिक बलों की कड़ी सुरक्षा में है। मौके पर मौजूद सीआरपीएफ (CRPF), रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और दिल्ली पुलिस के जवान लाउडस्पीकर के जरिये लगातार शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।
Cockroach Janata party Protest Live : जंतर-मंतर पर एक संदिग्ध व्यक्ति पकड़ा गया
कॉकरोच जनता पार्टी के जंतर मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे एक अज्ञात व्यक्ति को सुरक्षाबलों ने पकड़ा है। यह व्यक्ति अपने साथ स्प्रे लेकर प्रदर्शनकारियों के बीच घुसने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसे तुरंत मौके से हटा दिया है।
Cockroach Janata party Protest Live : दिल्ली पुलिस लाउडस्पीकर पर कर रही घोषणा
दिल्ली पुलिस लाउडस्पीकर पर घोषणा की है कि यदि कोई भी प्रदर्शनकारी तय सीमा या संसद मार्ग की तरफ बढ़ने की कोशिश करेगा, तो उसे तुरंत हिरासत में ले लिया जाएगा।
Cockroach Janata party Protest Live : पीएम आवास के पास बढ़ाई सुरक्षा, CCTV कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नजर
कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए जंतर-मंतर पर जुटे लोग 'आजादी-आजादी' के नारे लगा रहे हैं। स्थिति और भारी भीड़ के अनुमान को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए नई दिल्ली को 12 जोन में विभाजित किया गया है। प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री और शिक्षा मंत्री के आवासों के आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है।
Cockroach Janata party Protest Live : पुलिस प्रदर्शनकारियों से कर रही शांति की अपील
जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों संख्या बढ़ती जा रही है। दिल्ली पुलिस द्वारा बैरिकेड पर पूरी चेकिंग के बाद ही आगे प्रदर्शन स्थल पर लोगों को जाने दिया जा रहा है। आसपास के मेन रोड ब्लॉक न हों, इसके लिए पार्लियामेंट स्ट्रीट पर ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस मोर्चा संभाले हुए हैं। पुलिस लाउड स्पीकर के जरिये बार-बार शांति की अपील के साथ लोगों को पेड़ और दीवारों पर चढ़ने से मना कर रही है।
Cockroach Janata party Protest Live : अलग-अलग वेशभूषा में आए प्रदर्शनकारी
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए जंतर-मंतर पर पहुंचे लोग अपना रोष प्रकट करने के लिए अलग-अलग वेश भूषा में आए हैं। कुछ लोगों ने चेहरे पर कॉकरोच वाले मास्क लगाए हुए हैं। वहीं कुछ लोग अपने हाथों में शांति के प्रतीक के रूप में गुलाब के फूल भी साथ लाएं हैं।
Cockroach Janata party Protest Live : नई दिल्ली क्षेत्र में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती, मल्टी-लेयर बैरिकेडिंग
'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शन को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नई दिल्ली क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और करीब एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को अलर्ट पर रखा गया है। प्रदर्शनकारियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन की तैनाती, उपद्रव करने पर रोकने के लिए जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर कई स्तर के लोहे और कंक्रीट के बैरिकेड्स लगाए गए हैं।
Abhijeet Dipke : अभिजीत दीपके दिल्ली एयरपोर्ट से बाहर निकले
'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली एयरपोर्ट से बाहर निकलकर संसद मार्ग थाना जाने के लिए रवाना हुए। बाहर निकलते समय उन्होंने भीमराव अंबेडकर की किताब दिखाई। वहीं उनके समर्थन में कुछ लोगों ने नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर बैठ गए हैं
CJP Protest Live : CJP प्रोटेस्ट के लिए जंतर-मंतर पर युवाओं की भीड़ जुटनी शुरू
कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर जंतर-मंतर पर युवाओं की भीड़ जुट रही है, लेकिन अभी मीडिया की एंट्री बंद कर रखी है। लोगों को सख्त पूछताछ के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। जंतर-मंतर आने वाले रास्तों पर भी बैरिकेडिंग की गई है। प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा और ब आर अंबेडकर की तस्वीर लेकर आ रहे हैं।
CJP Protest Live : कॉकरोच जनता पार्टी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की मंजूरी
दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की इजाजत दे दी है।
CJP Protest Live : दिल्ली एयरपोर्ट के बाहर गहमागहमी बढ़ी
दिल्ली एयरपोर्ट के गेट संख्या 6 के बाहर गहमागहमी बढ़ गई है। अंदर गए एयरपोर्ट डीसीपी और थानाध्यक्ष बाहर आ गए हैं। अभिजीत के भी जल्द बाहर आने की संभावना है।
CJP Protest Live : अभिजीत दीपके को अज्ञात स्थान पर ले जाने का दावा
सीजेपी के एक ग्रुप का दावा है कि अधिकारी इमिग्रेशन क्लियर करने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को 'अज्ञात स्थान' पर ले गए हैं और उन्हें हिरासत में लिए जाने का डर है। वर्दी और सादे कपड़ों में मौजूद 10-15 अधिकारियों ने अभिजीत दीपके को घेर लिया और उन्हें किसी अज्ञात जगह पर ले गए।CJP ने दावा किया, "उसके बाद से हमारा उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया है और हमें शक है कि उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।"
CJP Protest Live :CJP प्रोटेस्ट के लिए दिल्ली आए अभिजीत दीपके, समर्थकों से दो चीजें लाने की अपील
अभिजीत दीपके ने अमेरिका से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पोस्ट कर बताया 8 बजे मैं पहुंच गया हूं। आप सभी से जंतर-मंतर पर मिलने का इंतजार है। अपने साथ एक किताब और हमारा तिरंगा लाना न भूलें! पुलिसवालों के प्रति सहानुभूति और आभार जताने के लिए उन्हें फूल दें। हमें इस आंदोलन को प्यार और शांति के साथ आगे बढ़ाना है!
CJP Protest Live : अभिजीत दीपके दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके आज सुबह 7:30 बजे ब्रिटिश एयरवेज के विमान से दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंच गए हैं। फिलहाल इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी हो रही है और वहां से कुछ देर में वह एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 से बाहर निकलने वाले हैं।
CJP Protest Live : दिल्ली एयरपोर्ट के रास्तों पर पुलिस और सीआईएसएफ तैनात
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके की भारत वापसी के मद्देनजर दिल्ली एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय आगमन गेट संख्या एक और बाहर आने वाले रास्तों पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी और सीआईएसएफ के जवान तैनात हैं। एयरपोर्ट के गेट के दोनों तरफ बैरिकेड लगाए गए हैं और खुद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी यहां मौजूद हैं।
CJP Protest Live : CJP के विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट
खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के बाद दिल्ली पुलिस आज जंतर-मंतर पर प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन को लेकर अलर्ट पर है। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली पुलिस को अभी तक इसके लिए औपचारिक अनुमति का कोई आवेदन नहीं मिला है।
CJP Protest Live : बस संचालकों से संपर्क कर रही दिल्ली पुलिस
सीजेपी के प्रदर्शन की घोषणा के बाद से दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट मोड पर है। छात्रों की बहुलता वाले इलाकों खासतौर पर मुखर्जी नगर, राजेंद्र नगर, जेएनयू, मुनिरका, नेब सराय और लक्ष्मी नगर में कड़ी निगाह रखे हुए है। दिल्ली पुलिस बस संचालकों से संपर्क कर रही है।
CJP Protest Live : CJP ने सोशल मीडिया पर शेयर किया पुलिस इंतजाम का वीडियो
कॉकरोच जनता पार्टी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर एक पोस्ट में दिल्ली पुलिस व्यवस्था का एक वीडियो शेयर कर लिखा, "कॉकरोचों को रोकने के लिए पूरी तरह से कड़ी व्यवस्था की गई है, आज ही बैरिकेडिंग लगाई गई है।"
CJP Protest Live : सोनम वांगचुक भी प्रदर्शन में हो सकते हैं शामिल
जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी कहा कि अगर धर्मेंद्र प्रधान 5 जून तक इस्तीफा नहीं देते हैं तो वह विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे।