'यह प्रदर्शन जारी रहेगा', 24 घंटे की हिरासत के बाद नए अंदाज में CJP नेता; दीपके, दास और रांका का क्या है प्लान
कॉकरोच जनता पार्टी ने 10 अक्टूबर के प्रदर्शन के बाद अब नए अभियान की कमर कस ली है। सीजेपी के नेताओं की तरफ से कहा गया है कि वह इस प्रदर्शन को अब राष्ट्रीय स्तर पर लेकर जाएंगे। उन्होंने दिल्ली में बैठे कार्यकर्ताओं से भी टिके रहने की अपील की।

कॉकरोच जनता पार्टी के 10 अक्तूबर को दिल्ली में प्रदर्शन को वैश्विक स्तर पर चर्चा मिली है। लेकिन दिल्ली पुलिस की मुस्तैदी की वजह से यह प्रदर्शन बड़े स्तर पर सफल नहीं हो पाया। हजारों लोगों को डिटेन किया गया, लेकिन शाम होने के साथ ही इन सभी को छोड़ भी दिया। कॉकरोच पार्टी के तीन बड़े नेताओं को भी एक बॉन्ड साइन करवाकर कुछ शर्तों के साथ रिहा कर दिया गया। 23 घंटे की हिरासत के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के नेता भी नए अंदाज में नजर आए हैं। आशुतोष रांका और सौरव दास ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अभियान को आगे बढ़ाने का ऐलान किया है। वहीं दादी के निधन के बाद परिवार के पास पहुंचे दीपके ने भी फिर से सड़क पर आने कि हुँकार भरी है।
सीजेपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद दिल्ली पुलिस ने बयान और एक वीडियो जारी करके अपनी बात सामने रखी। दिल्ली पुलिस की तरफ से बताया गया कि उन्होंने अभिजीत दीपके को हिरासत में ही उनकी दादी के निधन के बारे में सूचना दी थी। इसके बाद उन्होंने फ्लाइट, कॉल और बातचीत करवाने का ऑप्शन भी खुला रखा था। हालांकि, दीपके ने इसका पलटवार किया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें बात करने के लिए कजिन का नंबर निकालने की इजाजत नहीं दी। इसके बाद सुबह करीब साढ़े तीन बजे दिल्ली पुलिस के जवान आकर उनसे कहते हैं कि अपने पिता को कॉल करके बता दीजिए कि आपको गिरफ्तार किया जा रहा है। दीपके ने सवाल उठाया कि आखिर इस समय दिल्ली पुलिस की मानवता कहां गई थी?
सरकार ने देश को अपने नागरिकों के खिलाफ खड़ा किया-सौरव दास
इससे पहले दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। हिरासत से रिहा होने के कुछ घंटे बाद कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना आंदोलन जारी रखने का रविवार को संकल्प लिया और कहा कि प्रदर्शन का विस्तार अब देशभर में होगा। सौरव दास ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने ''आपातकाल जैसी स्थिति'' पैदा कर दी है और देश को अपने ही नागरिकों के खिलाफ खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित स्थल पर प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे लोगों पर पाबंदियां लगाने के बजाय अधिकारी बातचीत के लिए एक प्रतिनिधिमंडल को आमंत्रित कर सकते थे।
सौरव दास ने रिहाई के समय लगाई गई शर्त का उल्लेख करते हुए कहा, ''उन्होंने कहा है कि एक साल तक शांति भंग नहीं होनी चाहिए। शांति भंग करने का काम नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार ने किया है।'' उन्होंने कहा, ''प्रदर्शन जारी हैं...प्रदर्शन सिर्फ दिल्ली में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में होंगे।'' कॉजपा के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने कहा, ''जब तक ज्ञानेश इस्तीफा नहीं देते, तब तक यह प्रदर्शन नहीं रुकेगा।''
SFI की आइषी घोष ने भी किया आंदोलन का ऐलान
कॉकरोच जनता पार्टी के साथ स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की आइशी घोष ने भी कहा कि पाबंदियों के बावजूद आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''जंतर-मंतर 2.0 जारी है। हम सड़कों पर हैं और सड़कों पर ही रहेंगे। हम संविधान का पालन करेंगे।'' घोष ने आरोप लगाया कि दक्षिणपंथी संगठनों को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारियों पर हमला करने की छूट दी गई। उन्होंने एक नाबालिग लड़की और एक लड़के पर कथित हमले का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं।
दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर शनिवार को छात्रों के साथ कथित तौर पर हमला करने और महिलाओं को धक्का देने एवं पीटने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये गिरफ्तारियां घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के एक दिन बाद हुईं। वीडियो में चार लोगों को युवा छात्रों पर हमला करते और महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की करते हुए देखा जा सकता है।
आपातकाल के समय भी ट्रेनें बंद नहीं की गई थीं- आशुतोष रांका
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने भी केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले 72 घंटे के घटनाक्रम ने लोगों को आपातकाल की याद दिला दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पहुंचने से रोकने के लिए ट्रेन रद्द की गईं और उन्हें परेशान किया गया।
रांका ने कहा, ''1975 में भी ट्रेन बंद नहीं की गई थीं।'' उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ शुरू हुए आंदोलन को अपने खिलाफ लड़ाई में बदल दिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें, दास और अभिजीत दीपके को विमान से ''अगवा'' किया गया था। रांका ने कहा कि दीपके की दादी का निधन उस समय हुआ, जब वह हिरासत में थे। उन्होंने आरोप लगाया कि निधन की सूचना दिए जाने के दौरान अधिकारियों ने संवेदनहीनता दिखाई। उन्होंने बताया कि रिहा होने के बाद दीपके अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए, लेकिन इस बात पर जोर दिया कि आंदोलन जारी रहेगा।
इन सब बातों के बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने अगले अभियान का ऐलान भी कर दिया है। कॉकरोच जनता पार्टी के हैंडल से रविवार को अपने कार्यकर्ताओं के लिए एक संदेश दिया गया। पार्टी के आधिकारिक हैंडल पर लिखा गया कि 'दिल्ली में बैठे कॉकरोच अपनी जगहों पर जमे रहें। वहीं दूसरी और जो कॉकरोच दिल्ली के बाहर हैं, वह ध्यान रखें कि ट्रेनें फिर से चलने लगी हैं।'

