अभिजीत दीपके का नया ऐलान, अब ‘जेल भरो आंदोलन’ की शुरुआत, झटके के बाद भी अड़े
इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए 48 घंटे तक का अल्टीमेटम दिया था। अभिजीत दीपके ने दिल्ली के जंतर मंतर की तरह ही आंदोलन की चेतावनी दी थी।

कॉकरोच जनता पार्टी ने नए आंदोलन की तारीख तय कर दी है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोमवार को खुद इसकी घोषणा की है। दीपके ने कहा है कि आगामी 2 अक्टूबर से CJP मुंबई में ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू करने जा रही है। हालांकि उन्हें इसकी इजाजत नहीं मिली है। बता दें कि इससे पहले CJP ने देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर 2 अक्टूबर से विरोध प्रदर्शन शुरू करने की घोषणा की थी। हालांकि मुंबई पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी।
इससे पहले चुनाव आयुक्तों द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त के फैसलों पर कई बार आपत्ति जताने की खबरें सामने आने के बाद CJP ने जंतर मंतर 2.0 की चेतावनी दी थी। बीते गुरुवार को CJP ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अगर वह 48 घंटे के भीतर पद से नहीं हटते हैं तो 'जंतर-मंतर 2.0' समेत राष्ट्रव्यापी आंदोलन किया जाएगा। दीपके ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में 'धांधली' की गई है और नागरिकों से मतदान का अधिकार छीना जा रहा है।
दीपके ने कहा था, ''अगर ज्ञानेश कुमार 48 घंटे के भीतर इस्तीफा नहीं देते हैं, तो हम दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने से पहले एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे।'' उन्होंने यह भी कहा कि अगर सीईसी इस्तीफा नहीं देते हैं, तो 'जंतर-मंतर 2.0' निश्चित रूप से होगा।''
मुंबई पुलिस ने नहीं दी इजाजत
हालांकि मुंबई पुलिस ने बीते रविवार को CJP को 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क में विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया। पुलिस ने हाईकोर्ट के निर्देशों, नगर निकाय की इजाजत ना होने और ट्रैफिक में बाधा का हवाला देते हुए प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी। एक अधिकारी ने बताया कि उच्च न्यायालय के मौजूदा आदेशों और राज्य सरकार के दिशानिर्देशों के तहत पुलिस विभाग को इस मैदान में सार्वजनिक सभाओं की अनुमति देने का अधिकार नहीं है।
अभिजीत दीपके का जेल भरो आंदोलन
झटके के बाद अभिजीत दीपके ने नया मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जेल भरो आंदोलन की घोषणा की है। दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “मुंबई में जेल भरो आंदोलन, 2 अक्टूबर, शिवाजी पार्क।” दीपके ने यह घोषणा ऐसे समय में की है जब रविवार को ही पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका को असम में हिरासत में ले लिया गया था। हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया।
सोनम वांगचुक देंगे साथ?
इस बीच पेपर लीक के दौरान CJP के समर्थन में उतरे सोनम वांगचुक ने CJP के 2 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन का समर्थन किया है। उन्होंने कहा है कि देश में जवाबदेही और चुनावी प्रक्रिया में सुधार के प्रयासों का समर्थन किया जाना चाहिए। हालांकि वांगचुक ने कहा कि वह प्रदर्शन के दौरान संभवतः व्यक्तिगत रूप से मौजूद नहीं रहेंगे। वांगचुक ने कहा, ''समर्थन निश्चित रूप से है। देश में जवाबदेही बेहतर करने के लिए जो भी प्रयास होंगे, मैं हमेशा उनके साथ हूं।'' उन्होंने कहा, ''मेरे लिए आंदोलनों का समर्थन करने का मकसद यही है कि ये आंदोलन अपने दम पर आगे बढ़ें। अब इस मुद्दे को लेकर कई लोग सामने आ गए हैं और यह देखकर मुझे खुशी है, इसलिए मैं उम्मीद करता हूं कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त से जुड़े इस मुद्दे पर मेरी जरूरत नहीं पड़ेगी।''


