अभिजीत दीपके जेल जाने को तैयार, फडणवीस सरकार को दे दी सीधी चुनौती
CJP ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। इसके तहत कॉकरोच ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे, उनके कार्यकाल की न्यायिक जांच और उन पर आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।

कॉकरोचों ने अभिजीत दीपके को हिरासत में लिए जाने की खबरों को झूठा करार दे दिया है। हालांकि दीपके ने कहा है कि वे जेल जाने को तैयार हैं। मुंबई पुलिस द्वारा शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की इजाजत नहीं दिए जाने के बारे में पूछे जाने पर दीपके ने सवाल किया कि अगर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शिवाजी पार्क में राजनीतिक रैली कर सकते हैं, तो CJP वहां प्रदर्शन क्यों नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि असहमति लोकतंत्र का हिस्सा है और वह तीन महीने तक जेल में रहने के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह बात फडणवीस की उस चेतावनी के संदर्भ में कही, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रदर्शनकारियों को यह नहीं भूलना चाहिए कि अगर उन्हें गिरफ्तार किया गया, तो जमानत मिलने में तीन दिन लगेंगे। दीपके ने कहा, ''मैं जेल जाने से नहीं डरता। मैं बार-बार प्रदर्शन करने के लिए वापस आऊंगा।'' बता दें कि CJP ने शुक्रवार से CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोला है और मुंबई में बड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है।
इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी ने उन मीडिया रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को मुंबई पुलिस ने मरीन ड्राइव पर हिरासत में लिया है। CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी तंज कस दिया है। कॉकरोच जनता पार्टी ने लिखा, “फेक न्यूज।” पार्टी ने आगे चुनाव आयुक्त पर तंज कसते हुए लिखा, “यह खबर उतनी ही फर्जी है जितना CEC ज्ञानेश कुमार द्वारा स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना।”
अभिजीत दीपके ने भी हिरासत की खबरों को झुठलाने की कोशिश की। आधी रात अभिजीत दीपके ने हिरासत की एक रिपोर्ट शेयर करते हुए अपनी एक सेल्फी पोस्ट की। सेल्फी में वे एक कार में बैठे नजर आ रहे हैं। उन्होंने विक्ट्री का साइन भी बनाया है। हालांकि तस्वीर के साथ उन्होंने कोई कैप्शन नहीं लिखा।
क्या थी खबर?
इससे पहले गुरुवार देर रात खबर सामने आई कि अभिजीत दीपके को मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिजीत दीपके अपने समर्थकों के साथ मरीन ड्राइव पर प्लेकार्ड लेकर पहुंचे थे। दावा किया गया कि एक महिला निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उन्हें वैन में बैठाया और मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन ले गई। हालांकि पूछताछ के बाद वे बाहर निकल आए। CJP ने इसी खबर को झूठा बताया।
आज से बड़ी तैयारी
इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी ने चुनाव आयोग के खिलाफ राष्ट्रव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में चुनाव आयोग को लेकर हुए खुलासे के बाद से ही CJP मुख्य चुनाव आयुक्त पर हमलवार है। इस रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीने में 14 फैसलों पर ज्ञानेश कुमार के फैसलों पर आपत्ति जताई थी। इस रिपोर्ट के सामने आते ही कई विपक्षी दलों ने ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग की है।
CJP ने शुरुआत में 48 घंटे के भीतर इस्तीफा ना दिए जाने पर 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर मुंबई में बड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था। अब CJP शुक्रवार शाम 4 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में आंदोलन शुरू करेगी। मुंबई से शुरू होकर यह आंदोलन देश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचेगा और अंत में नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन धरने की योजना है। दीपके ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही होगा। उन्होंने कहा कि जब तक कुमार इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक प्रदर्शन जारी रहेंगे। दीपके ने कहा, ''गोवा, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में प्रदर्शन किए जाएंगे। अगर वह इस्तीफा नहीं देते हैं, तो अक्टूबर के अंत से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जाएगा।”

