अखिलेश यादव संग घंटेभर से ज्यादा चर्चा, बंद कमरे में कॉकरोच पार्टी-SP में क्या हुई बात?
समाजवादी पार्टी के एक नेता ने बताया कि जिस तरह से अखिलेश यादव ने संसद में युवाओं के मुद्दों को ऱखा है और कॉकरोच पार्टी के प्रदर्शन का समर्थन किया है, उसी का धन्यवाद देने सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका लखनऊ आए थे।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने गुरुवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से लखनऊ में मुलाकात की। इसके बाद तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओपी राजभर ने कहा कि अब सपा के पास तिलचट्टों ही सहारा रह गया है अखिलेश यादव के साथ आशुतोष रांका की मीटिंग के बाद कयासों का बाजार इसलिए गर्म हो गया क्योंकि अगले ही साल उत्तर प्रदेश में चुनाव होने हैं। ऐसे में चर्चा है कि किया सीजेपी भी एसपी के साथ मिलकर यूपी में जोर लगाएगी। या फिर वह एसपी के समर्थन में खड़ी रहेगी।हालांकि एसपी और सीजेपी दोनों के ही तरफ से इसे एक सामान्य मुलाकात बताया गया है।
अखिलेश यादव के साथ रांका की क्या हुई बातचीत
समाजवादी पार्टी के नेता फखरुल हसन ने बताया कि अखिलेश यादव और आशुतोष के बीच लगभग डेढ़ घंटे बात हुई। उन्होंने कहा कि सीजेपी नेता केवल धन्यवाद देने आए थे। जिस तरह से समाजवादी पार्टी ने युवाओं के मुद्दे को समझा है और जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन का राष्ट्रीय स्तर पर समर्थन किया है. उसी को लेकर सीजेपी के प्रवक्ता ने मुलाकात की। उन्होंने कहा, समाजवादी पार्टी ने छात्रों के मुद्दे को सदन के पटल पर भी उठाया। इसका धन्यवाद देना सीजेपी नेता यहां आए थे। उन्होंने कहा कि सीजेपी के किसी भी राजनीतिक फैसले को लेकर समाजवादी पार्टी कोई टिप्पणी नहीं करना चाहती है।
सपा के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी के मुताबिक हो सकता है कि बातचीत में युवाओं, बेरोजगारी और स्कूली शिक्षा की स्थिति से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। आपको बता दें कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी दोनों ने ही जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन के समय अपना मोर्चा खोल दिया था। अखिलेश यादव और उनके समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया था। लेकिन उनकी बस के आगे समाजावी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जाम लगा दिया और फिर एसपी चीफ को छोड़ना पड़ा। थोड़ी देर के लिए डिंपल यादव को भी हिरासत में लिया गया था।
बिना बयान दिए चले गए आशुतोष रांका
बैठक के बाद रांका मीडिया से बात किए बिना वहां से चले गए जबकि सपा ने भी बातचीत के मकसद या नतीजे पर कोई बयान जारी नहीं किया। सूत्रों ने बताया कि पिछले महीने राजस्थान में 'स्कूल ठीक करो' अभियान के दौरान रांका पर कथित हमले के बाद यादव ने सार्वजनिक रूप से यह मुद्दा उठाया था। सूत्रों का कहना है कि इस बात की भी संभावना है कि यादव और रांका के बीच हुई चर्चा में छात्रों से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ 'जेन जी' और 'जेन अल्फा' की चिंताओं का विषय भी शामिल रहा होगा।


