36000 फीट पर खत्म हुआ प्लेन का तेल, हवा में मोड़ा विमान; इमरजेंसी लैंडिंग
केरल के कोच्चि एयरपोर्ट से अबु धाबी के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान ने उड़ान भरी थी। खास बात है कि ऊंचाई पर करीब 50 मिनट तक सफर तय करने के बाद विमान को इमरजेंसी में वापस मोड़ा गया और कोच्चि में लैंडिंग हुई है।

आसमान में सोमवार को बड़ा हादसा टल गया। खबर है कि कोच्चि से अबु धाबी जा रहे विमान का तेल अचानक खत्म होने लगा। खतरे को भांपते हुए क्रू ने विमान को वापस कोच्चि लाने का फैसला किया। यह विमान एयर इंडिय एक्सप्रेस का था। हालांकि, इसे लेकर अब तक एयर इंडिया एक्सप्रेस का एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। वहीं, विमान में मौजूद सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
एएनआई ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि एयर इंडिया एक्सप्रेस का बोइंग 737 विमान संख्या IX 415 कोच्चि से अबु धाबी जा रहा था। तभी क्रू ने देखा कि तेल की मात्रा इंजन 1 में तेजी से घट रही है और उसकी सप्लाई को बंद करना पड़ा। खास बात है कि इसके चलते उड़ान भर चुके विमान को वापस कोच्चि लाया गया और जांच शुरू की गई है। फिलहाल, विमान ने दोबारा उड़ान नहीं भरी है।
50 मिनट उड़ता रहा विमान
36 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर रहे विमान में तेल का दबाव कम होता जा रहा था होने के बाद इंजन 1 को बंद कर दिया था। खास बात है कि तब तक फ्लाइट को टेक ऑफ यानी उड़ान की शुरुआत किए 50 मिनट का समय हो गया था। इसके बाद विमान को वापस मोड़ा गया और सुरक्षित कोच्चि एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया।
तेल की मात्रा घटने के बाद क्रू ने FORDEC जांच की थी। एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि तेल की मात्रा घटने के बाद ही क्रू ने अबु धाबी सेक्टर तक पहुंचने के बजाए कोच्चि जाने का फैसला कर लिया था। हालांकि, अब तक साफ नहीं हो सका है कि विमान में यह तेल संबंधी समस्या क्यों आई और इसका जिम्मेदार कौन है।
एक और प्लेन में आ चुकी है दिक्कत
एयर इंडिया एक्सप्रेस की गुरुवार को वाराणसी से दिल्ली आ रही एक उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। पीटीआई भाषा को सूत्रों ने बताया कि उड़ान संख्या आईएक्स 1253 के चालक दल के सदस्यों को कार्गो कंपार्टमेंट में धुएं की चेतावनी मिली थी। इसके बाद विमान को लखनऊ डायवर्ट करने का फैसला किया गया।
एयरलाइंस के एक प्रवक्ता ने बताया, 'तकनीकी खराबी के कारण सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वाराणसी से दिल्ली आ रही एक उड़ान के चालक दल के सदस्यों ने एहतियात के तौर पर लखनऊ में उतरने का फैसला किया।' प्रवक्ता ने बताया कि विमान की लखनऊ में सुरक्षित लैंडिंग हुआ। बाद में वैकल्पिक विमान की व्यवस्था कर दोपहर बाद 1.30 बजे के आसपास उड़ान को दिल्ली के लिए रवाना किया गया।


