राहुल ने पकड़ी डीके की कॉलर? वीडियो शेयर कर भड़के हिमंत, पूछा- कर्नाटक के नेता ये अपमान सहेंगे?

लाइव हिन्दुस्तान
share

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें राहुल गांधी दिल्ली में विपक्षी मार्च के दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का कॉलर खींचते नजर आ रहे हैं

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को राहुल गांधी पर निशाना साधा है। एक वीडियो को लेकर उन्होंने हमला बोला है। वीडियो में राहुल गांधी दिल्ली में विपक्षी मार्च के दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का कॉलर खींचते दिखे। हिमंत ने इसे सार्वजनिक अपमान बताया और सवाल किया कि क्या कर्नाटक के नेता इसे स्वीकार करेंगे? सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए हिमंत ने 2015 की घटना याद दिलाई। तब वह कांग्रेस में थे और उन्होंने राहुल गांधी से नाराज होकर पार्टी छोड़ दी थी।

उन्होंने लिखा कि 2015 में एक गर्वित असमिया के रूप में मैंने अपमान सहने से मना कर दिया। भगवान मुझ पर मेहरबान थे। हिमंत ने आगे कहा कि डीके शिवकुमार सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं। वे एक संवैधानिक पद पर हैं और एक ऐसे राज्य का चेहरा हैं जिसका गौरवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति है। उन्होंने पूछा कि क्या वे इस सार्वजनिक अपमान के आगे झुकेंगे? उन्होंने राहुल गांधी की छवि पर भी तंज कसते हुए लिखा कि 'रीइन्वेंशन’ घमंड को नहीं छिपा सकता। आप जितना चाहें मुखौटा बदल लें, असली चेहरा वही रहता है।

वीडियो में क्या हुआ?

वीडियो में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ के बीच डीके शिवकुमार आगे बढ़ने की कोशिश करते दिखे। राहुल गांधी, नेहा बोरा और प्रियंका गांधी के साथ मार्च कर रहे थे। जैसे ही शिवकुमार दाईं ओर से आगे बढ़े, राहुल गांधी ने उनके कुर्ते का कॉलर पकड़कर पीछे खींच लिया। इससे शिवकुमार का संतुलन बिगड़ गया और सुरक्षाकर्मी उन्हें और पीछे धकेलते नजर आए। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो पर बेंगलुरु साउथ के भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा कि राजनीति छोड़ दें तो डीके शिवकुमार कर्नाटक का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसी सार्वजनिक बेइज्जती 7 करोड़ कन्नड़ लोगों की इज्जत का अपमान है। उन्होंने इसकी तुलना पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा वीरेंद्र पाटिल को हटाए जाने की घटना से की। वहीं, भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने लिखा कि राजनीतिक विशेषाधिकार किसी को दूसरों की बेइज्जती करने का हक नहीं देता।

किस बात को लेकर हुआ था मार्च?

बता दें कि यह घटना सोमवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट की ओर हुए मार्च के दौरान हुई। इंडिया गठबंधन के नेता वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ज्ञापन देना चाहती थीं। मार्च के बाद विपक्षी नेताओं ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से मिलने की कोशिश की, लेकिन मुलाकात नहीं हुई। राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी, नेहा बोरा और युवा कांग्रेस व एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी थे। डीके शिवकुमार और कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मार्च में शामिल थे।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsराहुल ने पकड़ी डीके की कॉलर? वीडियो शेयर कर भड़के हिमंत, पूछा- ये अपमान सहेंगे?