स्वतंत्र भारद्वाज ने क्या किया कि उबल पड़े 'कॉकरोच', आज पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पर धरना देगी CJP
CJP Protest: सौरव दास ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने अपनी पार्टी के समर्थकों से संजय कुमार के लिए न्याय मांगने के लिए पुलिस स्टेशन पहुंचने की अपील की है।

CJP Protest in Delhi: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शुक्रवार सुबह 10 बजे दिल्ली में पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाकर हिंदुत्व इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगी। स्वतंत्र भारद्वाज पर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान छात्र कार्यकर्ता निशू आजाद के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट करने का आरोप है। CJP के सौरव दास ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने अपनी पार्टी के समर्थकों से संजय कुमार के लिए न्याय मांगने के लिए पुलिस स्टेशन पहुंचने की अपील की है। वहीं, आशुतोष रांका ने भी इस कदम का समर्थन किया है।
आशुतोष रांका ने लिखा, "हर सच्चे देशभक्त को सौरव के साथ जुड़ना चाहिए। यह हमारी लड़ाई सांप्रदायिक और नफरत फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ है।"
क्या है पूरा मामला?
यह विवाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार पर हुए कथित हमले से जुड़ा है। CJP का आरोप है कि स्वतंत्र भारद्वाज और उसके साथियों ने संजय कुमार पर हमला किया था। हाल ही में स्वतंत्र भारद्वाज का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह दावा करता दिख रहा है कि उसने प्रदर्शन के दौरान निशू के पिता का सिर फोड़ दिया था और इसके बावजूद वह जेल जाने से बच गया।
वीडियो में भारद्वाज कह रहा है, "मैंने निशू के पिता का सिर फोड़ दिया। क्या आप जानते हैं कि इस अपराध पर कौन सी धारा (धारा 307 - हत्या का प्रयास) लगती है? उन्हें 60 टांके आए थे और गंभीर हालत में एम्बुलेंस से ले जाया गया था।" उसने दावा किया कि इतने गंभीर हमले के बावजूद उसे जेल नहीं भेजा गया और वह पूरी रात बाहर ही घूमता रहा।
भारद्वाज ने दिल्ली बीजेपी नेता कपिल मिश्रा, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए दावा किया कि ये सभी उसके बड़े भाई जैसे हैं और उसे इनका समर्थन प्राप्त है। पीटीआई के अनुसार, इस सिलसिले में जब कपिल मिश्रा और चिराग पासवान से प्रतिक्रिया मांगने की कोशिश की गई तो उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

