अखिलेश यादव से कॉकरोच जनता पार्टी की मीटिंग, दीपके के करीबी मिले; क्या प्लान

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

ashutosh ranka: विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में हलचल तेज हो गई है। राज्य में अब कॉकरोच जनता पार्टी की एंट्री के आसार नजर आ रहे हैं। इसके संकेत हाल ही में हुई सपा प्रमुख अखिलेश यादव और सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका की मुलाकात से मिल रहे हैं।

Akhilesh yadav
सपा प्रमुख अखिलेश यादव और सीजेपी नेता आशुतोष रांका की बैठक के दौरान किन मुद्दों पर बात हुई है, ये फिलहाल साफ नहीं है।

कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने गुरुवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। अगले साल की शुरुआत में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के मद्देनजर यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि सपा बेरोजगारी, शिक्षा और महंगाई जैसे मुद्दों पर भाजपा की अगुवाई वाली राज्य सरकार को निशाना बनाती रही है।

सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने 'पीटीआई-भाषा' से बातचीत में इस मुलाकात की पुष्टि की। हालांकि, बैठक में किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इस बारे में जानकारी होने से इनकार किया। चौधरी ने कहा कि माना जा सकता है कि बातचीत में युवाओं, बेरोजगारी और स्कूली शिक्षा की स्थिति से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

क्या स्कूलों से जुड़ा है मुद्दा?

यादव ने स्कूलों के बंद होने पर बार-बार चिंता जताई है और इस मुद्दे पर राष्ट्रीय स्तर पर केंद्र सरकार तथा राज्य में प्राथमिक स्कूलों के बंद होने को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार से सवाल किए हैं। सूत्रों ने बताया कि रांका और यादव ने सपा मुख्यालय के पास जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट के कार्यालय में शाम करीब चार बजे से डेढ़ घंटे तक बंद कमरे में बैठक की।

बैठक के बाद रांका मीडिया से बात किए बिना वहां से चले गए जबकि सपा ने भी बातचीत के मकसद या नतीजे पर कोई बयान जारी नहीं किया। सूत्रों का कहना है कि इस बात की भी संभावना है कि यादव और रांका के बीच हुई चर्चा में छात्रों से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ 'जेन जी' और 'जेन अल्फा' की चिंताओं का विषय भी शामिल रहा होगा।

यह बातचीत हाल के महीनों में छात्रों से जुड़े मुद्दों पर CJP की देशव्यापी गतिविधियों के बीच हुई है। सूत्रों ने बताया कि पिछले महीने राजस्थान में 'स्कूल ठीक करो' अभियान के दौरान रांका पर कथित हमले के बाद यादव ने सार्वजनिक रूप से यह मुद्दा उठाया था।

जंतर मंतर मार्च में पहुंची थीं डिंपल यादव

CJP ने हाल में दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व किया था। आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा कथित तौर पर लाठीचार्ज किए जाने के बाद सपा सांसद डिंपल यादव और आजमगढ़ से पार्टी सांसद धर्मेंद्र यादव सहित पार्टी के नेता प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे थे। अखिलेश यादव ने भी कई मौकों पर सीजेपी द्वारा चलाए जा रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में बात की है।

5 सितंबर का मार्च वापस लिया

खास बात है कि हाल ही में सीजेपी ने 5 सितंबर को राजधानी दिल्ली में इंडिया गेट से मार्च निकालने का ऐलान किया था, जिसे बाद में वापस ले लिया गया था। पार्टी के आरोप थे कि सरकार की तरफ से जुलाई में किए गए वादे पूरे नहीं किए गए थे। वहीं, एफआईआर वापस लेने और मुआवजे के ऐलान के बाद सीजेपी ने फैसलों का स्वागत किया और मार्च वापस ले लिया।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsअखिलेश यादव से कॉकरोच जनता पार्टी की मीटिंग, दीपके के करीबी मिले; क्या प्लान