CCTV से 24 घंटे निगरानी, खूंखार कैदियों की तरह तिहाड़ में रखे गए सौरव दास और आशुतोष रांका

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

कॉकरोच जनता पार्टी के आशुतोष रांका और सौरव दास को तिहाड़ जेल में हाई सिक्योरिटी में रखा गया है और उनपर सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी रखी जाती है। उन्हें किसी अन्य कैदी से मिलने भी नहीं दिया जाता है।

CJP
तिहाड़ में हाई सिक्योरिटी सेल में रखे गए हैं आशुतोष रांका और सौरव दास

जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराने के बाद गिरफ्तार किए गए सीजेपी नेता आशुतोष रांका और सौरव दास को तिहाड़ जेल की अलग-अलग सेल में रखा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक उनकी सेल के बाहर अतिरिक्त तैनाती की गई है। इसके साथ ही यह ध्यान रखा जाता है कि वह जेल के अन्य कैदियों से मिलने ना पाएं। 14 अक्टूबर को उन दोनों को कोर्ट ने पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। पुलिस का कहना है कि बार बार चेतावनी के बाद भी दोनों शांति भंग करने और कानून तोड़ने का प्रयास कर रहे थे।

अलग-अलग रखे गए दोनों सीजेपी नेता

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक रांका को कैदी नंबर 1784 और आशुतोष दास को 3752 दिया गया है। पहले दनों को ही जेल नंबर दो में रखा गया था। हालांकि बाद में रांका को जेल नंबर 4 में शिफ्ट कर दिया गया। उन दोनों को जिन ब्लॉक में रखा गया है उनमें कैदियों की संख्या भी दूसरे ब्लॉक्स से कम है।

कहीं आत्महत्या की कोशिश ना करें

रिपोर्ट में तिहाड़ जेल के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि दोनों की सेल में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और 24 घंटे निगरानी की जा रही है कि वे आत्महत्या की कोशिश ना करें। इसके साथ ही किसी और वॉर्ड का कैदी उनके पास फटक भी नहीं सकता है। गुरुवार को सीजेपी के संयोजक अभिजीत दीपके और लीगल हेड रत्ना सिंह उनसे मिलने पहुंचे थे। दास को उसी जेल नंबर दो में रखा गया है जहां उमर खालिद को रखा गया है और कभी अरविंद केजरीवाल को भी रखा गया था। रांका जेल नंबर 4 में हैं। पहले इसका इस्तेमाल विपश्यना ध्यान के लिए होता था। यहीं हथियार डीलर अभिषेक वर्मा को रखा गया था।

अभिजीत दीपके और नेहा बोरा भी हिरासत में

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा सहित करीब 150 प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। नेहा बोरा को हिरासत से रिहा कर दिया गया है। इन हिरासतों को लेकर विपक्ष ने तीखी आलोचना की, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने प्रदर्शन को युवाओं का इस्तेमाल कर 'अराजकता' फैलाने और सत्ता परिवर्तन की कोशिश करार दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हिरासत में लेने के बाद दीपके को जाफरपुर कलां थाने ले जाया गया। प्रदर्शनकारियों ने कनॉट प्लेस के इनर सर्कल में मार्च किया। वे बीच-बीच में 'जय हिंद' के नारे लगाते रहे। इसके बाद वे अलग-अलग स्थानों पर तितर-बितर हुए और फिर एकत्र हुए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रगान भी गाया। छात्रों और आइसा व एसएफआई के सदस्यों ने मंडी हाउस में प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को वापस लेने और निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित अधिनियम को वापस लेने की मांग की।

सांसद जॉन ब्रिटास और संतोष कुमार सहित वामपंथी नेताओं ने 'डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया' के साथ मिलकर इस मार्च में हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिशों के दौरान पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच मामूली झड़पें भी हुईं। प्रदर्शनों की कवरेज के लिए पत्रकार और स्वतंत्र यूट्यूब रिपोर्टर भी मौके पर मौजूद थे। इस दौरान कुछ स्वतंत्र यूट्यूब पत्रकारों के साथ धक्का-मुक्की और हूटिंग की गई। दिल्ली पुलिस ने दीपके और बोरा को प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जाते समय एहतियातन हिरासत में ले लिया। कॉजपा नेता कनॉट प्लेस जा रहे थे, जबकि आइसा अध्यक्ष मंडी हाउस जा रही थीं।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia News24 घंटे निगरानी, तिहाड़ की हाई सिक्योरिटी सेल में बंद हैं सौरव दास और रांका