CJP के सौरव दास का फोन नंबर लीक, एक घंटे में 300 से ज्यादा कॉल; दिल्ली पुलिस पर लगाए आरोप
दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से पहले सह-संयोजक सौरव दास ने फोन नंबर लीक होने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि एक घंटे में 300 से ज्यादा कॉल और WhatsApp मैसेज आए।

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस ने उनका फोन नंबर लीक कर दिया है। इसके बाद से उन्हें लगातार फोन कॉल और WhatsApp मैसेजेस मिल रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि महज एक घंटे में उन्हें 300 से अधिक फोन कॉल आ चुके हैं और यह सिलसिला जारी है।
सौरव दास ने आरोप लगाया कि उनका फोन नंबर दिल्ली पुलिस की ओर से प्रसारित किए गए दस्तावेजों में उजागर हुआ। उनके मुताबिक, ये दस्तावेज पिछले प्रदर्शन से संबंधित अंडरटेकिंग फॉर्म और प्रदर्शन की अनुमति खारिज करने वाले पुलिस के हालिया पत्र से जुड़े हैं। उन्होंने दस्तावेजों को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाली मीडिया संस्थाओं की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
‘एक घंटे में 300 से ज्यादा कॉल और मैसेज’
सौरव दास ने अपनी पोस्ट में लिखा कि ऐसा प्रतीत होता है कि उनके खिलाफ समन्वित अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि फोन नंबर लीक होने के बाद उन्हें लगातार कॉल और WhatsApp संदेशों से परेशान किया जा रहा है। दास ने लिखा कि पिछले एक घंटे में ही उन्हें 300 से अधिक फोन कॉल आ चुके हैं। उन्होंने इस स्थिति के लिए दिल्ली पुलिस की ओर से जारी दस्तावेजों में नंबर सार्वजनिक होने को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, फोन नंबर किसने और किस उद्देश्य से साझा किया, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मीडिया संस्थानों पर भी साधा निशाना
दास ने अपनी पोस्ट में उन मीडिया संस्थानों की आलोचना की, जिन्होंने कथित तौर पर उनके फोन नंबर को हटाए बिना संबंधित दस्तावेज सोशल मीडिया पर शेयर किए। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में लिखा कि इन संस्थानों ने दस्तावेजों को ऐसे प्रसारित किया, मानो उनके हाथ पेंटागन पेपर्स लग गए हों।
आज दिल्ली में CJP का प्रदर्शन, पुलिस ने नहीं दी अनुमति
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब CJP ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है। संगठन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई और उनके इस्तीफे की मांग कर रहा है। इसके अलावा, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी संगठन ने सवाल उठाए हैं।
दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के लिए सूचना निर्धारित समय से काफी कम अवधि पहले दी गई थी। पुलिस ने पिछले प्रदर्शन के दौरान नियमों और निर्देशों के कथित उल्लंघन तथा कानून-व्यवस्था और यातायात संबंधी चिंताओं का भी हवाला दिया है।
पुलिस के फैसले के बावजूद CJP के नेताओं ने प्रदर्शन को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई है। ऐसे में शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था और प्रदर्शनकारियों की आवाजाही को लेकर प्रशासन की तैयारियां भी चर्चा में हैं।
प्रदर्शन की अनुमति से इनकार; 57 मेट्रो स्टेशन व इंटरनेट बंद, 25 हजार जवान तैनात
दिल्ली पुलिस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के जंतर-मंतर पर शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से शुक्रवार को इनकार करते हुए राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं जिसके तहत 25 हजार सुरक्षा कर्मियों को तैनात करने के साथ-साथ 57 मेट्रो स्टेशन व मोबाइल इंटरनेट बंद करना, सीमावर्ती स्थलों, बस टर्मिनल, होटलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर जांच करना शामिल है।
पुलिस के अनुसार, व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना के बीच प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पर अनधिकृत धरना देने से रोकना और शहर भर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस ने अनुमति देने से इनकार करने का कारण संगठन द्वारा पहले किए गए प्रदर्शन के दौरान कानूनी निर्देशों और अपने आश्वासनों का पालन नहीं किए जाने को बताया है।
सूत्रों ने बताया कि जंतर-मंतर के चार किलोमीटर के दायरे में शुक्रवार रात रात 10 बजे से शनिवार रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस फैसले को मंजूरी दे दी है। यह फैसला सभी मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर लागू होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के बाकी हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं अप्रभावित रहेंगी। इसी के साथ सूत्रों ने यह भी बताया कि प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नयी दिल्ली जिले को 20 ज़ोन में विभाजित किया गया है।

