5 दिन नहीं, सौरभ और रांका को 2-5 साल तक की हो सकती है जेल? जंतर-मंतर में घुसना अब आसान नहीं

लाइव हिन्दुस्तान
share

कानूनी विशेषज्ञों और दिल्ली पुलिस की ओर से दर्ज FIR की धाराओं के विश्लेषण से पता चलता है कि सौरभ दास और आशुतोष रांका 5 दिन की जेल तो केवल एक शुरुआत है।

CJP Ashutosh Ranka Saurav Das
जंतर-मंतर पर जबरन घुसकर तिरंगा लहराने के बाद CJP के सौरभ दास और आशुतोष रांका को उनके साथियों के साथ दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया।

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और SIR प्रक्रिया के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर में अनाधिकृत रूप से प्रवेश करने के मामले में गिरफ्तार कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं- सौरभ दास और आशुतोष रांका की कानूनी मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं।

बुधवार को स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) की अदालत ने दोनों को 5 दिनों की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया है। लेकिन कानूनी विशेषज्ञों और दिल्ली पुलिस की ओर से दर्ज FIR की धाराओं के विश्लेषण से पता चलता है कि यह 5 दिन की जेल तो केवल एक शुरुआत है; अगर अदालत में आरोप साबित हो गए तो दोनों युवा नेताओं को 2 से 5 साल तक की कड़ी जेल की सजा हो सकती है।

5 दिन की जेल सिर्फ ‘ट्रेलर’

12 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को आधिकारिक विरोध प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया था। इसके बावजूद 13 अक्टूबर की सुबह सौरभ दास और आशुतोष रांका ने बैरिकेड्स फांदकर जंतर-मंतर में प्रवेश किया और राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

दोनों नेताओं ने 11 अक्टूबर को 50,000 रुपए का शांति बॉन्ड भरा था। दोबारा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में SEM कोर्ट ने उनका बॉन्ड रद्द कर दिया और एहतियातन 5 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया।

2 से 5 साल की जेल कराने वाली BNS की धाराएं

दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस और पार्लियामेंट स्ट्रीट थानों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर और गैर-जमानती धाराएं लगाई हैं। जानिए कानून क्या कहता है:

धारा 132 (BNS) — सरकारी कर्मचारी पर हमला या बल प्रयोग

  • कानून क्या कहता है: ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी या लोक सेवक को काम करने से रोकने के लिए आपराधिक बल का प्रयोग करना।
  • सजा का प्रावधान: अधिकतम 5 साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों।

धारा 121(1) (BNS) - ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी को चोट पहुंचाना

  • कानून क्या कहता है: लोक सेवक को उसके कानूनी आदेश का पालन कराने से रोकने के उद्देश्य से स्वेच्छा से चोट/दर्द पहुंचाना।
  • सजा का प्रावधान: अधिकतम 5 साल तक की जेल और जुर्माना।

धारा 332 (BNS) - अपराध के इरादे से अवैध घुसपैठ

  • कानून क्या कहता है: जब कोई व्यक्ति किसी प्रतिबंधित या निजी संपत्ति में किसी अपराध को अंजाम देने के इरादे से अवैध प्रवेश करता है।
  • सजा का प्रावधान: अगर इरादा साधारण अपराध का है तो 2 साल तक की जेल; और गंभीर अपराध होने पर 7 से 10 साल तक की सजा का प्रावधान है।

धारा 61(2) (BNS)- आपराधिक साजिश

  • कानून क्या कहता है: पूर्व-नियोजित रणनीति के तहत समूह बनाकर अपराध की साजिश रचना।
  • सजा का प्रावधान: साजिश में शामिल होने पर मुख्य अपराध के बराबर या कम से कम 6 महीने से लेकर वर्षों तक की सजा दी जा सकती है।

कोर्ट में क्या होगा अगला कदम?

वरिष्ठ वकीलों के अनुसार, 5 दिन की न्यायिक हिरासत पूरी होने के बाद जब दिल्ली पुलिस अदालत में मुख्य चार्जशीट दाखिल करेगी, तो ट्रायल कोर्ट इन आपराधिक धाराओं (BNS 132, 121, 332) के तहत सुनवाई करेगा। अगर पुलिस कोर्ट में यह साबित करने में सफल रहती है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के साथ हाथापाई की थी, तो सौरभ दास और आशुतोष रांका को 2 से 5 साल तक की सलाखों के पीछे की सजा सुनाई जा सकती है।

वहीं, राहुल गांधी और 'INDIA' ब्लॉक द्वारा सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करने के बाद, 15 अक्टूबर (गुरुवार) को शीर्ष अदालत में इस पूरे जंतर-मंतर बैन और नेताओं की गिरफ्तारी पर महत्वपूर्ण सुनवाई होने जा रही है।

Shubham Sharma

लेखक के बारे में

Shubham Sharma
शुभम शर्मा साल 2017 से पत्रकारिता और मीडिया जगत में काम कर रहे हैं। टीवी में इनपुट असाइनमेंट से शुरुआत करते हुए डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक का अनुभव। TV9 भारतवर्ष और मनीकंट्रोल हिंदी (Network 18) जैसे बड़े संस्थानों के बाद अब लाइव हिंदुस्तान में बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर खबरों को आप तक पहुंचाने के काम कर रहे हैं। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia News5 दिन नहीं, सौरभ और रांका को 2-5 साल तक की हो सकती है जेल?