बॉन्ड पर साइन करो, 10 अक्टूबर को दिल्ली मत जाना; लोगों से ये क्या करवा रही पुलिस?

लाइव हिन्दुस्तान, मुंबई
share

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को होने वाले CJP प्रदर्शन से पहले महाराष्ट्र में पुलिस की कार्रवाई पर विवाद। कार्यकर्ताओं ने फोन कर पूछताछ, नोटिस जारी करने और प्रदर्शन में नहीं जाने का बॉन्ड भरवाने के आरोप लगाए।

10 अक्टूबर को दिल्ली जाने वालों पर नजर! महाराष्ट्र में प्रदर्शनकारियों से बॉन्ड भरवाने का आरोप
10 अक्टूबर को दिल्ली जाने वालों पर नजर: महाराष्ट्र में प्रदर्शनकारियों से बॉन्ड भरवाने का आरोप

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन से पहले महाराष्ट्र में पुलिस की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मुंबई, ठाणे, नागपुर और पुणे में प्रदर्शन की तैयारी कर रहे लोगों ने आरोप लगाया है कि पुलिस उनके घर पहुंची, फोन कर दिल्ली जाने की योजना पूछी और कुछ मामलों में उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की। कुछ कार्यकर्ताओं का दावा है कि उन्हें प्रदर्शन में शामिल नहीं होने का लिखित आश्वासन देने के लिए भी कहा गया।

हालांकि, महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक (DGP) कार्यालय के एक अधिकारी ने कुछ मामलों में नोटिस जारी किए जाने की बात स्वीकार की, लेकिन राज्य में किसी को हिरासत में लेने से इनकार किया। अधिकारी के मुताबिक, संभावित कानून-व्यवस्था संबंधी समस्याओं को देखते हुए कुछ पुलिस आयुक्तालयों और जिला पुलिस अधीक्षकों ने कार्रवाई की है।

घर पहुंची पुलिस, दिल्ली जाने की योजना पूछने का आरोप

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई के सांताक्रूज की रहने वाली 31 वर्षीय क्रिएटिव स्ट्रैटेजिस्ट सदफ रजा जैदी ने बताया कि पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और 10 अक्टूबर को उनकी योजनाओं के बारे में पूछताछ की। उनके मुताबिक, पुलिस ने उनसे यह भी पूछा कि क्या वह किसी ऐसे व्यक्ति को जानती हैं जो प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली जाने वाला है।

जैदी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें थाने आकर एक दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने को कहा, जिसमें यह लिखना था कि वह प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस संभावित प्रदर्शनकारियों का ब्योरा जुटाने के निर्देश मिलने की बात कह रही थी और उनसे लाइव लोकेशन भी मांगी गई थी। जैदी का मानना है कि जुलाई में नीट से जुड़े प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने के कारण पुलिस उनसे पूछताछ करने पहुंची थी।

दो कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने का दावा, पुलिस ने नकारा

सामाजिक संगठन ‘हम भारत के लोग’ ने आरोप लगाया कि मुंबई के एमआईडीसी पुलिस ने कार्यकर्ता फिरोज मिथिबोरवाला और सलीम सबूवाला को हिरासत में लिया। मिथिबोरवाला के मुताबिक, 2 अक्टूबर से ही उन्हें बार-बार बुलाया जा रहा था और परेशान किया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि उन्हें करीब दो घंटे तक हिरासत में रखा गया और 10 अक्टूबर के प्रदर्शन में शामिल नहीं होने को कहा गया। हालांकि, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया।

ट्रेन से दिल्ली जा रहे लोगों से भी पूछताछ के आरोप

ठाणे में रहने वाले ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) के सदस्य मयूर शर्मा ने बताया कि मुंबई और दिल्ली के पुलिस अधिकारियों ने उन्हें फोन कर यात्रा की योजना के बारे में पूछा। शर्मा के मुताबिक, पहले एक महिला ने फोन कर पूछा कि वह दिल्ली कैसे जा रहे हैं और क्या उनके साथ कोई समूह भी होगा। उन्हें यह असामान्य लगा, क्योंकि उनके साथ केवल पांच-छह दोस्तों के जाने की योजना थी।

पुलिस की ओर से रोके जाने की आशंका के चलते शर्मा और उनके एक दोस्त ने बुधवार शाम बांद्रा टर्मिनस के बजाय बोरीवली से ट्रेन पकड़ी। इसके बाद दिल्ली रेलवे पुलिस का फोन आया। शर्मा का दावा है कि अधिकारी ने उनसे यात्रा की जानकारी मांगी और कहा कि मुंबई रेलवे पुलिस बल (RPF) से मिली सूचना के मुताबिक, वह 25 लोगों के समूह को दिल्ली ले जा रहे हैं।

शर्मा ने बताया कि हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर पुलिस के इंतजार करने की आशंका के चलते वह फरीदाबाद के पास उतर गए और मेट्रो से दिल्ली पहुंचे। निजामुद्दीन थाने के एसएचओ ने कुछ लोगों को फोन किए जाने की पुष्टि की, लेकिन कहा कि ऐसा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया गया।

नागपुर में दो कार्यकर्ताओं को नोटिस

नागपुर में CJP के स्वयंसेवकों ने आरोप लगाया कि रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के कर्मचारियों ने उन्हें फोन कर दिल्ली जाने वाले लोगों की संख्या और उनकी पहचान पूछी। कुछ स्वयंसेवकों का दावा है कि उनसे वेटिंग टिकट की स्थिति की जानकारी देने की पेशकश भी की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, कम से कम दो स्वयंसेवकों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 168 के तहत नोटिस जारी किए गए।

दिल्ली जाने की योजना का ब्योरा मांगा

नागपुर के भगवान नगर निवासी CJP कार्यकर्ता भारत बनैत को 6 अक्टूबर को अजनी पुलिस थाने से नोटिस जारी किया गया। इसमें कहा गया कि पुलिस को गोपनीय जानकारी मिली है कि वह जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली जा सकते हैं।

नोटिस में महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1)(3) के तहत नागपुर शहर में लागू निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए उनसे पूछा गया कि वह कब, किस माध्यम से और किसके साथ यात्रा करेंगे। साथ ही, जानकारी नहीं देने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। नागपुर जिले के कुही के स्वयंसेवक अक्षय रामटेके को भी नोटिस दिया गया। इसमें 10 अक्टूबर 2026 को दिल्ली में होने वाले CJP प्रदर्शन या मार्च में शामिल होने से रोकने का उल्लेख था।

नोटिस में आशंका जताई गई कि प्रदर्शन के दौरान हिंसा, सड़क जाम और सरकारी कामकाज में बाधा जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। रामटेके को प्रदर्शन में नहीं जाने की सलाह दी गई। साथ ही, किसी अप्रिय घटना की स्थिति में जिम्मेदारी तय होने और BNSS की संबंधित धाराओं के तहत निवारक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

उन्हें कुही पुलिस थाने में उपस्थित होकर लिखित बॉन्ड जमा करने के लिए भी कहा गया, जिसमें प्रदर्शन में शामिल नहीं होने या सार्वजनिक शांति भंग नहीं करने का आश्वासन देना था। नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने कहा कि किसी संज्ञेय अपराध को होने से रोकने के लिए प्रदर्शन से पहले BNSS की धारा 168 के तहत नोटिस जारी किया जाता है।

पुलिस ने किन कानूनी प्रावधानों का दिया हवाला?

DGP कार्यालय के अधिकारी के मुताबिक, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 168 पुलिस को संज्ञेय अपराध होने से रोकने के लिए कदम उठाने का अधिकार देती है। वहीं, BNSS की धारा 170(1) के तहत संज्ञेय अपराध को रोकने के लिए निवारक गिरफ्तारी का प्रावधान है।

इस बीच, 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन से पहले महाराष्ट्र के अलग-अलग शहरों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के दावों में अंतर सामने आया है। जहां कार्यकर्ताओं ने पूछताछ, दबाव और हिरासत में लेने की कोशिश के आरोप लगाए हैं, वहीं पुलिस ने नोटिस जारी करने को कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कार्रवाई बताया है।

एसआईआर के खिलाफ 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर तक मार्च करेंगे: अभिजीत दीपके

एसआईआर की कवायद के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन का आह्वान करते हुए कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेता अभिजीत दीपके ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी एसआईआर को रद्द करने तथा कथित तौर पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने के लिए जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को नयी दिल्ली के जंतर-मंतर तक मार्च करेगी।

दीपके ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनके नेताओं को हिरासत में लिया जाता है या गिरफ्तार किया जाता है, तब भी आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में सार्वजनिक सभाओं पर पाबंदी लगाने को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की। दीपके ने कहा, ''जंतर-मंतर भारत के लोगों का है, यह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नहीं है।'' कॉजपा संस्थापक ने सवाल किया, ''अगर मुंबई और बेंगलुरु में शांतिपूर्ण प्रदर्शन हो सकते हैं तो अमित शाह दिल्ली में इसकी अनुमति क्यों नहीं दे रहे हैं?''

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar

डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।


अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsबॉन्ड पर साइन करो, 10 अक्टूबर को दिल्ली मत जाना; लोगों से ये क्या करवा रही पुलिस