पाकिस्तान-बेस्ड 480 हैंडल ब्लॉक, फेक न्यूज के खिलाफ दिल्ली पुलिस की कार्रवाई

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन को राजनीतिक गलियारों से लेकर सेलेब्स तक का समर्थन मिल रहा है। हाल ही में प्रदर्शन स्थल जंतर मंतर पर फिजिक्स वाला के अलख पांडे पहुंचे थे और उन्होंने सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है।

Jantar Mantar
दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन

नीट पेपर लीक को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है। दूसरी ओर इसको लेकर सियासत भी तेज हो गई है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को फर्जी खबरों और अफवाहों फैलाने वालों के खिलाफ सख्त चेतावनी जारी की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आज रात किसी प्रकार की बड़ी कार्रवाई की कोई योजना नहीं है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जांच एजेंसियों ने गलत जानकारी फैलाने वाले कम से कम 480 पाकिस्तान-आधारित सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान की है और उन्हें तुरंत ब्लॉक कर दिया गया है। पुलिस ने छात्रों और युवाओं से अपील की है कि वे विदेशी अकाउंट्स से सतर्क रहें, जो देश की स्थिति को बिगाड़ने के लिए जानबूझकर अफवाहें फैला रहे हैं। दूसरी ओर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने NEET-UG पेपर लीक मामले में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में INDIA ब्लॉक की एकजुटता जताई। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता पेपर लीक का विरोध करने वाले छात्रों के साथ हैं।

सीजेपी के प्रोटेस्ट से जुड़े LIVE UPDATES के लिए बने रहिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ-

11:00 PM- 24 जुलाई को बंद रहेंगे दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने यात्रियों को महत्वपूर्ण सूचना दी है। शुक्रवार ( 24 जुलाई ) को सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक कुल 17 मेट्रो स्टेशन यातायात के लिए बंद रहेंगे। हालांकि, इन स्टेशनों पर पूरी तरह से सेवा बंद होने के बावजूद राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी।

बंद रहने वाले स्टेशन इस प्रकार हैं...

लोक कल्याण मार्ग

राजीव चौक

पटेल चौक

रामकृष्ण आश्रम मार्ग

बाराखंभा रोड

सुप्रीम कोर्ट

सेवा तीर्थ

जनपथ

मंडी हाउस

सेंट्रल सेक्रेटेरिएट

ITO

दिल्ली गेट

इंद्रप्रस्थ

खान मार्केट

जोर बाग

शिवाजी स्टेडियम

झंडेवालान

10:52 PM- पाकिस्तान-बेस्ड 480 हैंडल ब्लॉक

10:50 PM- दिल्ली यूनिवर्सिटी ने छात्रों को दी सख्त चेतावनी

नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में छात्र आंदोलन तेज होने के बीच दिल्ली यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों और शिक्षकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। यूनिवर्सिटी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर छात्रों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे जंतर-मंतर पर आयोजित किसी भी गैर-कानूनी सभा, प्रदर्शन या मजमे में शामिल न हों। प्रशासन का मानना है कि ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने से न केवल छात्रों की सुरक्षा को खतरा है, बल्कि उनकी पढ़ाई और भविष्य पर भी गंभीर असर पड़ सकता है। डीयू ने पोस्ट में जोर देकर कहा कि छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

10:35 PM- छात्र घरों को लौट जाएं- सलमान खान

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने कथित नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों से गुरुवार को अपने-अपने घरों को लौटने की अपील की और कहा कि उन्हें भरोसा है कि सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक नए पोस्ट में कहा कि छात्रों की सुरक्षा और शिक्षा सबसे ज्यादा जरूरी होनी चाहिए और उनसे चिंता न करने को कहा। सलमान खान ने लिखा कि पढ़ाई और सुरक्षा, दोनों ही मामलों में छात्र हमारी प्राथमिकता हैं, इसलिए उन्हें और उनके माता-पिता को चिंता करने की जरूरत नहीं है। माननीय प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया है और मुझे यकीन है कि वह इस प्रश्नपत्र लीक के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। इसलिए छात्रों, कृपया अपने माता-पिता के पास और अपने घर लौट जाएं।

10: 31 PM- छात्रों की निराशा समझ में आती है, नीट आंदोलन पर तेंदुलकर

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने बृहस्पतिवार को बार-बार नीट परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन करते हुए कहा कि छात्रों की निराशा समझ में आती है और समाज को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे 'दोबारा इस तरह महसूस नहीं करें'। तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा कि उनके दिवंगत पिता रमेश तेंदुलकर (जो प्रोफेसर थे) ने उन्हें जीवन के शुरुआती दौर में ही कुछ महत्वपूर्ण संस्कार सिखाए थे, जिनमें सबसे प्रमुख था, 'असफल होना ठीक है, लेकिन धोखा देना नहीं। कभी भी शॉर्टकट मत अपनाओ।' तेंदुलकर ने कहा, ''समाज में वयस्कों के रूप में हमारी जिम्मेदारी है कि हम संस्कृति को आकार दें। ऐसा समाज जो मेहनत के बजाय केवल परिणामों को प्राथमिकता देता है, वह योग्यता आधारित व्यवस्था (मेरिटोक्रेसी) के बजाय शॉर्टकट को बढ़ावा देगा। आज जब छात्रों को लगता है कि उनकी कड़ी मेहनत का उन्हें उचित परिणाम नहीं मिला, तो उनकी निराशा समझ में आती है। उन्होंने लिखा कि हम सभी को मिलकर यह सुनिश्चित करने की दिशा में काम करना चाहिए कि उन्हें दोबारा ऐसा महसूस नहीं हो।

08:48- केसी वेणुगोपाल का मोदी सरकार पर वार

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार को गांधी स्मृति पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी देश की आत्मा हैं। वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि भारत में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकतंत्र और छात्रों के भविष्य को खत्म कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह वह पवित्र जगह है जहां हमें प्रार्थना करनी चाहिए। महात्मा गांधी ने हमें ज्ञान दिया और देश को सही दिशा दिखाई। इसलिए हम यहां सांकेतिक रूप से शपथ लेने आए हैं कि हम छात्रों और न्यायपूर्ण मकसद के लिए हमेशा खड़े रहेंगे।

08:40- 'हक और इंसाफ मांग रहे हैं बच्चे'

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि महात्मा गांधी और देश के किसानों-गरीबों द्वारा किया गया अहिंसक आंदोलन एक अनोखी क्रांति था, जिसमें किसी पर हाथ नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि आज उसी देश में बच्चों को इसलिए पीटा जा रहा है क्योंकि वे अपने हक की मांग कर रहे हैं। गांधीजी और हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस लोकतंत्र के लिए अपनी जान दी, आज उसी लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है। प्रियंका ने आगे कहा कि जो जवान यूनिफॉर्म पहनकर देश की सीमाओं पर खड़े रहते हैं, वे इसलिए नहीं खड़े होते कि उनके बच्चों को लाठियां बरसाई जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा पेपर लीक होने के कारण छात्र इंसाफ की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज को दबाने के लिए बल प्रयोग किया जा रहा है।

08:28: महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के बाद गांधी स्मृति से निकले राहुल गांधी

08: 15 PM- पीएम मोदी को शिक्षा मंत्री को हटाना ही होगा

गांधी स्मृति पहुंचने पर लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि हमारे नेता महात्मा गांधी की हत्या यहीं हुई थी। आज मोदी सरकार भारत में डेमोक्रेसी की हत्या कर रही है, स्टूडेंट्स पर अत्याचार कर रही है और उन्हें पीट रही है। विपक्ष इसे स्वीकार नहीं करेगा। हम छात्रों के साथ हैं, और नरेंद्र मोदी को शिक्षा मंत्री को हटाना होगा और माफी मांगनी होगी।

08:11- भारत के छात्रों के साथ खड़े होने से हमें कोई नहीं रोक सकता

08:06- लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी INDIA ब्लॉक सांसदों के साथ, NEET पेपर लीक पर अपना विरोध जारी रखते हुए गांधी स्मृति पहुंचे

08:01- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत इंडिया ब्लॉक के सांसदों को लेकर बसें गांधी स्मृति पहुंच चुकी हैं।

07:45- बस से गांधी समृति जा रहे राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसद

07: 40- राहुल गांधी के घर के बाहर भारी सुरक्षा

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आवास के बाहर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। राहुल गांधी इंडिया ब्लॉक के अन्य सांसदों के साथ गांधी स्मृति पहुंचने वाले हैं। इस वजह से उनके आवास पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।

07: 26 PM- हमारे स्टूडेंट्स सड़क पर हैं...

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों के आंदोलन के समर्थन में सभी विपक्षी सांसद सड़क पर उतरे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। राहुल गांधी ने कहा कि हमारे स्टूडेंट्स सड़क पर हैं, इसलिए सभी विपक्षी सांसदों को लगा कि हमें भी उनके साथ सड़क पर होना चाहिए। हम सभी इंडिया गेट जाना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने हमें रोक दिया। फिर हमने स्थित गांधी स्मृति जाने की इच्छा जताई, लेकिन वहां भी हमें बस रोककर खड़ा कर दिया गया। हम आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं।

07:12 PM- 'यह सरकार स्टूडेंट्स पर कार्रवाई करने जा रही है'

07:11- छात्रों के साथ पूरा देश- राहुल गांधी

07:07- गांधी समृति जा रहे सांसद

07:00PM- राहुल गांधी के घर सांसदों की बड़ी बैठक

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों से भरी एक बस शुक्रवार को राहुल गांधी के नई दिल्ली स्थित आवास के बाहर पहुंची। बता दें कि विपक्षी सांसदों की अहम बैठक आज उनके आवास पर बुलाई गई है, जिसके मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बैठक में विपक्षी दलों के प्रमुख नेताओं के शामिल होने की संभावना है। सुरक्षा बढ़ाए जाने को लेकर अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

06: 45 PM- राहुल गांधी के घर के बाहर RAF जवान तैनात

06: 35 PM- सेंट्रल दिल्ली में इंटरनेट सेवाएं चौथे दिन भी ठप

सेंट्रल दिल्ली के कुछ इलाकों में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं पर लगी रोक का आज चौथा दिन है। 20 जुलाई को इन क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं सबसे पहले बंद की गई थीं और 23 जुलाई को भी वहां कनेक्टिविटी पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी है। जंतर-मंतर समेत आसपास के कई इलाकों में मोबाइल डेटा बेहद कमजोर है। इन स्थानों पर प्रदर्शनकारी पुलिस की कार्रवाई, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जमे हुए हैं।

06: 10 PM- '34 दिन लग गए, अब भी धर्मेंद्र प्रधान को बचा रहे'

06:05 PM- CJP प्रदर्शन के दौरान हिंसा में शामिल लोगों के पासपोर्ट रद्द किए जा सकते हैं

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन के दौरान हिंसा में सीधे तौर पर शामिल पाए जाने वाले लोगों के पासपोर्ट रद्द किए जा सकते हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से उन लोगों की पहचान शुरू कर दी है, जो प्रदर्शन के दौरान दंगा और अन्य हिंसक गतिविधियों में सीधे तौर पर शामिल थे। सूत्रों के अनुसार, हिंसा में सक्रिय रूप से शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के अनुसार पासपोर्ट रद्द करने की कार्रवाई शुरू की जा सकती है।

4:11 PM- वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि हम बच्चों से बात करने की जरूर कोशिश करेंगे। और उनसे पूछने के लिए कि बातचीत करने में क्या उन्हें कोई एतराज है क्या? इसके ऊपर निश्चित तौर पर हमारी कोशिश जारी रहेगी। बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं और छात्रों का मामला है। इसमें अबतक जितनी भी कार्रवाई और गिरफ्तारियां हुई हैं। पेपर लीक करना और पेपर पैसा देकर खरीदना इन लोगों की गिरफ्तारी तो सरकार ने कर दी। गिरफ्तारियां होने के बाद ही आज प्रधानमंत्री का बयान आया है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट के द्वारा इन अपराधियो पर सख्त कार्रवाई होगी और यह दंडनीय अपराध है इसलिए उन्हें सजा भी होगी। बच्चों को जल्द से जल्द न्याय मिले इसके लिए सरकार लगातार मेहनत कर रही है।

3:48 PM - सुप्रीम कोर्ट के वकीलों ने भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में मोर्चा खोल लिया है। वकीलों ने गुरुवार को प्रदर्शन (लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ) किया।

3:20 PM - केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि सरकार चर्चा के लिए हमेशा तैयार है। सरकार के दरवाजे खुले हैं। आप किसी समय भी कभी भी चर्चा करने चाहे हम तैयार हैं। आंदोलन के विषय को लेकर और साथ-साथ अन्य विषयों को लेकर भी। बातचीत जेपी नड्डा के ऑफिस या आवास पर हो सकती है। धीरे-धीरे हम इसी चर्चा के माध्यम से समाधान की ओर बढ़ सकते हैं। छात्र बंधु और इनके प्रतनिधियों से बातचीत और चर्चा करने के लिए कल दोपहर से लेकर आज दोपहर तक चार बार हमारी ओर से औपचारिक तौर पर ऑफर जा चुका है

3:15 PM - वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एकबार फिर विपक्ष पर हमला बोला है। छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर बोलते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि यह मामला देश के छात्रों और युवाओं से जुड़ा है, खासकर परीक्षा की तैयारी, पेपर लीक और री एग्जाम। बच्चों की उम्र के हिसाब से ये बातें बहुत संवेदनशशील होती हैं। अगर सरकार संवेदनशील नहीं होती और कोई प्रतिक्रिया नहीं देती तो मैं विपक्ष के इस तरह के गुस्से को समझ सकती थी। प्रधानमंत्री ने खुद प्रतिक्रिया दी है। पीएम मोदी के फास्ट ट्रैक कोर्ट के एलान से पहले ही उन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था जिन्होंने इस अपराध (पेपर लीक) को अंजाम दिया है।'

3:08 PM - दिल्ली पुलिस ने उन खबरों को पूरी तरह खारिज किया जिसमें दावा किया गया जा रहा था कि जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के पुलिस कमिश्नर को नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (एनएसए) के तहत अतिरिक्त शक्तियां (हिरासत में लेने) दी गई हैं। दिल्ली पुलिस की ओर से इसपर आधिकारिक बयान जारी किया गया है।

दिल्ली पुलिस का आधिकारिक बयान।

2:47 PM- पेपर लीक पर सरकार एक्शन मोड में आ गई है। जानकारी के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरन रीजीजू ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की है।

2:05 PM- सरकार की तैयारी: आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार नीट पेपर लीक मामले के आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत मुकदमा चलाने की तैयारी कर रही है। हालांकि, यह खबर सूत्रों के हवाले से दी गई है और सरकार ने आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है। चैनल को सूत्रों ने यह भी बताया है कि चार राज्यों में स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने की तैयारी है।

02:01 PM- पेपर लीक पर पीएम मोदी से मिले आश्वासन के बाद अब कॉकरोच जनता पार्टी को बनाने वाले अभिजीत दीपके ने तंज कसा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने पीएम मोदी के बयान के एक वाक्य को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से जोड़ दिया। दरअसल पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा था कि युवाओं के कल्याण और भविष्य से बढ़कर ‘कुछ नहीं’ है। इस पर अभिजीत दीपके ने धर्मेंद्र प्रधान की तस्वीर शेयर कर लिखा, “हेलो मेरा नाम कुछ नहीं है।”

01:45 PM- पेपर लीक पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बयान सामने आया है। उन्होंने एक पोस्ट में कहा, “युवाओं का हित और उनका उज्ज्वल भविष्य मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता भी है और संकल्प भी। प्रधानमंत्री जी द्वारा फास्ट ट्रैक कोर्ट्स के गठन से पेपर लीक के मामलों में दोषियों के खिलाफ त्वरित सुनवाई और कठोर कार्रवाई का निर्णय इसी का प्रतिबिंब है। पेपर लीक के कारण युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध प्रधानमंत्री मोदी जी का यह महत्वपूर्ण कदम मील का पत्थर साबित होगा।”

01:30 PM- टीवी रिपोर्ट्स के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जितेंद्र शाह के बीच मुलाकात हुई है। खबर है कि इस दौरान नीट परीक्षा को लेकर आगे की तैयारी पर चर्चा हुई

12:33 PM- क्रिकेटर शिखर धवन ने लिखा, 'हमारे यूथ हमारे देश का फ्यूचर हैं। उनके सपनों को समझना जरूरी है पर साथ ही, मुश्किल वक्त में धैर्य रखना और देश की संस्थाओं और सरकार पर भरोसा बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है। मेरा मानना है कि हर चुनौती का समाधान धैर्य से निकलता है। भारत हमेशा आगे बढ़ा है और आगे भी बढ़ता रहेगा।' इसपर सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने लिखा, 'तू इधर उधर की न बात कर। ये बता कि काफिला क्यों लुटा।'

11:55 AM- कहां हैं अभिजीत दीपके: सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने लिखा, 'पिछले कुछ दिनों से मुझे बुखार और शरीर में तेज दर्द है, लेकिन पेनकिलर लेकर मैं काम चला रहा हूं। अगर आज मैं जंतर-मंतर पर न दिखूं तो माफ कीजिएगा। मुझे ठीक होने के लिए कुछ घंटे आराम करने की जरूरत है। शाम तक मैं विरोध-प्रदर्शन वाली जगह पर वापस आ जाऊंगा।'

11:10 AM- Delhi High Court: दिल्ली हाई कोर्ट ने गुरुवार को कॉकरोच जनता पार्टी के धरने और विरोध प्रदर्शन की एनआईए जांच की मांग कर रही याचिका को स्वीकार कर लिया है। याचिकाकर्ता का कहना है कि 'तथाकथित छात्र आंदोलन' ने 'पूरी दिल्ली को बंधक' बना लिया था। उच्च न्यायालय शुक्रवार को इस पर सुनवाई करने जा रहा है।

10:39 AM- Alak Pandey at Jantar Mantar: अलख पांडे ने कहा, '20 जुलाई को भारत के बच्चों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। ये बच्चों का गुस्सा था पूरी शिक्षा व्यवस्था पर। ये सिर्फ नीट की बात नहीं थी। इन बच्चों को लाठी से पीटा गया, जख्मी किया गया, पुलिसवालों ने पीटा और बहुत से गुंडों ने पीटा। सरकार इन बच्चों से बात क्यों नहीं करती। ये हमारे देश के ही तो बच्चे हैं। एक बार आकर इनसे बात कर लीजिए। इनकी परेशानी तो सुन लीजिए। इनकी मजबूरी है कि ये आज रोड पर आ गए हैं। इतने सारे बच्चों ने नीट के कारण आत्महत्या की। बात सिर्फ नीट की नहीं, आईआईटी की, सीबीएसई की, एसएससी की, शिक्षा की, भर्ती की सबकी बात है जो हो रही है...। '

9:16 AM- PM Modi: पीएम नरेंद्र मोदी ने लिखा, पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए, सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में ये एक महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

8:55 AM- समय रैना ने क्या लिखा: कॉकरोच जनता पार्टी ने समय रैना का एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने लिखा, 'छात्र सिर्फ अच्छी शिक्षा व्यवस्था और जवाबदेही चाहते हैं। चीजें बढ़ाने के बजाए बातचीत करके उन्हें सुलझाया जाना कितना मुश्किल है?'

8:06 AM- इंटरनेट बंद करने के आरोप: कॉकरोच जनता पार्टी ने बुधवार को आरोप लगाया कि जंतर-मंतर के आसपास इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। पार्टी ने सवाल उठाया कि क्या सरकार आंदोलन पर फिर से पुलिस कार्रवाई की तैयारी कर रही है। संस्थापक अभिजीत दीपके ने लिखा, 'जंतर-मंतर पर इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। क्या सरकार एक और कठोर कार्रवाई की तैयारी कर रही है?'

7:35 AM- दिल्ली मेट्रो स्टेशन: लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, ITO, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम सुबह 07:30 बजे से अगले निर्देश तक बंद रहेंगे। राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

7:20 AM- आज महाराष्ट्र बंद: वंचित बहुजन आघाड़ी ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के पक्ष में गुरुवार को 'महाराष्ट्र बंद' का आह्वान किया है। वीबीए अध्यक्ष और डॉ बाबासाहेब आंबेडकर के पोते प्रकाश आंबेडकर ने आज यहां प्रेस वार्ता में बताया कि वामपंथी राजनीतिक दलों, शैक्षणिक संस्थानों और कोचिंग सेंटरों ने बंद का समर्थन किया है।

6:43 AM- महिला को थप्पड़ मारने वाले अधिकारी नपे: अतिरिक्त डीसीपी संदीप लांबा के खिलाफ महिला प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारने के आरोप में कार्रवाई की गई है। उनका एक वीडियो भी सामने आया था। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि अधिकारी को प्रदर्शन स्थल से हटाया गया है और स्टेशन वापस भेजा गया है।

6:33 AM- धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा जरूरी: सीजेपी प्रवक्ता सौरभ दास ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'वह राजनीति कर रहे हैं...। धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सबसे ज्यादा जरूरी है। बगैर इसके प्रदर्शन जारी रहेंगे। यह तब तक जारी रहेंगे, जब तक जरूरी है।'

6:29 AM- महाराष्ट्र में कर्रवाई: मुंबई पुलिस ने 18 जुलाई से जारी प्रदर्शनों के सिलसिले में गैरकानूनी जमावड़ा और निषेधाज्ञा के उल्लंघन के आरोप में 13 प्राथमिकी दर्ज कर करीब 400 लोगों को नामजद किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शहर के विभिन्न पुलिस थानों में मामले दर्ज किए गए हैं। प्राथमिकी में नामजद लोगों को नोटिस जारी करने के बाद उन्हें जाने की अनुमति दे दी गई।

6:10 AM- पुलिसकर्मी घायल: पीटीआई भाषा ने पुलिस सूत्रों के हवाले से लिखा कि जंतर मंतर के पास बुधवार शाम प्रदर्शनकारियों की तरफ से पथराव की घटना में कम से कम दो सहायक पुलिस आयुक्त और चार कर्मी घायल हो गए। पुलिस ने कहा कि कई 'असामाजिक' तत्व धरना स्थल में प्रवेश कर गए हैं। उन्होंने कहा, 'वे आयोजकों की बात भी नहीं सुन रहे हैं और सुरक्षाकर्मियों पर पथराव कर रहे हैं।'

5:58 AM- छात्रों के समर्थन में बॉलीवुड एक्टर्स: कॉकरोच जनता पार्टी को समर्थन देने लिए बुधवार को अभिनेत्री हुमा कुरैशी पहुंचीं थीं। इससे पहले सोमवार को हुए हिंसक प्रदर्शनों को लेकर सलमान खान ने भी चिंता जताई है। वहीं, एक्टर वीर दास भी सीजेपी के समर्थन में हैं। इससे पहले भी दिलजीत दोसांझ समेत कई कलाकार खुलकर छात्रों के प्रदर्शन को लेकर सहमति जता चुके हैं।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsपाकिस्तान-बेस्ड 480 हैंडल ब्लॉक, फेक न्यूज के खिलाफ दिल्ली पुलिस की कार्रवाई