LIVE: नीट पेपर लीक के बाद NTA का बड़ा ऐक्शन, 47 अधिकारियों को नौकरी से निकाला

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

सीजेपी का विरोध प्रदर्शन अहम मोड़ आ गया है। एक ओर जहां 28 जून से भूख हड़ताल पर बैठे जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अनशन तोड़ दिया। वहीं, CJP ने साफ किया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक अनशन जारी रहेगा।

LIVE: नीट पेपर लीक के बाद NTA का बड़ा ऐक्शन, 47 अधिकारियों को नौकरी से निकाला
पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन।

CJP Protest LIVE: कॉकरोच जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्रियों से शुक्रवार को कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उसकी मांग को लेकर कोई समझौता नहीं हो सकता। सीजेपी ने सरकार से 20 जुलाई को बेरहमी से पीटे गए प्रदर्शनकारी छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। CJP के प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा कि केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ बैठक हुई। इसमें तीन मई को हुई नीट परीक्षा रद्द होने के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिए जाने की भी मांग की गई। वहीं, नड्डा ने कहा कि मंत्रियों ने सीजेपी के प्रतिनिधियों की मांगें सुनीं और कहा कि सरकार इस संबंध में उन्हें बाद में जवाब देगी। उन्होंने कहा कि शनिवार को फिर बैठक करेंगे।

CJP के विरोध प्रदर्शन से जुड़े लाइव अपडेट्स के लिए बने रहिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ

8:15 PM- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 47 अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है। इनमें से कुछ अधिकारियों के खिलाफ कानूनी और आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी। यह कदम पेपर लीक विवादों में घिरी एनटीए में बड़े सुधार की प्रक्रिया का हिस्सा बताया जा रहा है।

8:00 PM- भाजपा सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा, 'सकार बहुत गंभीर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं। 13 व्यक्तियों को चिह्नित किया गया है जो जेल की सलाखों के पीछे हैं। प्रदर्शन करने का लोकतंत्र में सभी को अधिकार है लेकिन प्रदर्शन का यह तरीका नहीं है। पांच दिन पहले हम समझ रहे थे कि क्या कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन है लेकिन क्या है ये दिखाई दे गया। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के हाई सिक्योरिटी ज़ोन में जाकर धरना दिया। प्रदर्शन करने का अधिकार सभी को है लेकिन पुलिस पर पत्थर चलाने की बात कहां लिखी है?'

7:50 PM- कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, 'छात्रों की जो मांग है कि शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें। कांग्रेस की भी एक ही मांग रही कि शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। मुझे ये समझ नहीं आता कि इससे देश की सरकार हिचकती क्यों है? शिक्षा मंत्री के इस्तीफा देने से क्या उन पर आसमान टूट पड़ेगा? ये मांग तो जायज है और हिंदुस्तान में ये मांग कोई नई नहीं है। जब विपक्ष में भाजपा थी तब भी ऐसी मांगें उठती रही हैं। ये नई बात नहीं है कि जवाबदेही तय करने के लिए उदाहरण स्थापित किया जाए लेकिन आज की सत्ताधारी पार्टी का ये अहंकार देख कर मुझे ताज्जुब होता है। देश के तमाम लोगों की यही मांग है कि इस स्थिति में देश के शिक्षा मंत्री को अपना त्यागपत्र दे देना चाहिए।'

7:30 PM- कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा, 'दिल्ली में मेट्रो बंद, इंटरनेट बंद, कनॉट प्लेस पर दुकानें बंद और छात्र पेपर लीक मामले में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन पर लाठी चार्ज, आंसू गैस आदि से आक्रमण किया जा रहा है। लेकिन छात्रों की एकता और उनके साथ-साथ उनके परिजन लगातार जंतर-मंतर पर भरे पड़े हैं। सरकार की नींद हराम हो गई है। उनकी जो बेरहमी के पिटाई की गई, उसके खिलाफ विपक्ष के सांसद लोकसभा और राज्यसभा में भी आवाज बुलंद कर रहे हैं। आज पूरा देश पेपर लीक के मामलों को लेकर आंदोलनरत है। सरकार की हठधर्मिता के कारण छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। मांग है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो, जिन बच्चों ने आत्महत्या की उनके परिवारजनों को मुआवजा मिले, जिन पर हमला हुआ है, उन दोषी अधिकारी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो और NEET की जो परीक्षा है, उसमें कोई ढिलाई या कोताही नहीं होनी चाहिए।'

7:10 PM- पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स की ओर से स्टूडेंट्स के विरोध प्रदर्शन के बारे में सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने पर MEA के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'मेरे पास इस समय इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। मेरे पास इस बारे में पक्की जानकारी नहीं है कि सोशल मीडिया पर किस तरह का कंटेंट कहां से आ रहा है। हालांकि, हमारी एजेंसियां ​​इस पर नजर रख रही हैं।'

7:00 PM- सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, 'बैठक पूरी तरह से बेअसर है, बेनतीजा बैठकें चल रही हैं। लाखों छात्र-युवा, तमाम बेटियां पिछले कई दिनों से जंतर-मंतर पर बैठे हैं, उनका प्रदर्शन चल रहा है। संसद में कार्यवाही बाधित रही। पेपर लीक होने पर हमारे दर्जनों युवाओं ने अपनी जान खो दी। मांग यह है कि शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें लेकिन 8-10 दिन से ज्यादा बीत चुके हैं, कितनी बार पुलिस कार्रवाई हुई। ऐसे में इस बैठक का कोई असर नहीं निकला।'

6:45 PM- जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, 'वे जो मांग करना चाहते हैं, उसे पूरा करने के हकदार हैं। मुझे नहीं लगता है कि ये युवा पीछे हटने के लिए तैयार हैं। सोनम वांगचुक ने अपना अनशन तो तोड़ा लेकिन युवाओं ने अपना प्रदर्शन वापस नहीं लिया। क्या केंद्र सरकार उनकी इस मांग को कबूल करेगी या नहीं करेगी और नहीं करेगी तो ये कितने समय तक चलेगा? ये तो केंद्र सरकार को ही तय करना होगा। मुझे लगता है कि केंद्र सरकार को उनसे बात करनी चाहिए क्योंकि ये मामला केवल कॉकरोच जनता पार्टी तक सीमित नहीं रहा, ये उनके भी नियंत्रण से बाहर चला गया है।'

6:30 PM- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में कई बड़े सुधार किए जाएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, आज रात 8 बजे शिक्षा मंत्रालय इसे लेकर ऐलान करने वाला है। एनटीए भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के तहत कार्य करने वाली एक स्वायत्त संस्था है। इसकी स्थापना वर्ष 2017 में देशभर की प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से आयोजित करने के उद्देश्य से की गई थी।

6:00 PM- भाजपा सांसद नरेश बंसल ने कहा, 'सरकार और CJP के नेताओं के बीच में वार्ता हुई। 2 घंटे बातचीत चली है। बातचीत के बाद वरिष्ठ नेता, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने पत्रकारों के सामने कहा भी है कि बहुत सौहार्दपूर्ण वातावरण में बातचीत हुई है। तीन मांगें जो साथियों की ओर से रखी गई, उनमें से दो पर सरकार सकारात्मक है। तीसरी मांग धर्मेंद्र प्रधान के त्यागपत्र से संबंधित है, उस पर सरकार आज मंथन करेगी। उसके बारे में जो भी कल निर्णय होगा, सरकार कल उस पर बात करेगी।'

5:40 PM- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, 'प्रधानमंत्री ने कल फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की घोषणा की थी। उनके निर्देशों का पालन करते हुए हमारी राज्य सरकार ने आज चार नए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने की घोषणा कर दी है, ताकि सभी प्रकार के मामलों का तेजी से निपटारा हो सके। इसके अलावा इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर जैसे चार महानगरों में भी फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे, जहां युवाओं से जुड़े मामलों और अन्य महत्वपूर्ण प्रकरणों का शीघ्र समाधान किया जाएगा।'

5:15 PM- भाजपा नेता मनन कुमार मिश्रा ने कहा, 'सोनम वांगचुक का मामला हल हो गया, वे आश्वस्त हो गए। जो उनकी शर्ते थीं सरकार ने मान ली और उन्होंने अनशन तोड़ दिया। बहुत से विषय अब हल हो चुके हैं। थोड़ी-बहुत कसर रह गई है तो वह भी हल हो जाएगा। शैक्षिक सुधारों की जहां तक बात है तो प्रधानमंत्री ने आधी रात वीडियो जारी करके देश को आश्वस्त किया है कि सख्त से सख्त कानून लाया जाएगा। आज भी कैबिनेट की बैठक इस पर हुई है। सरकार इस पर गंभीर है, इस मामले को गंभीरता से ले रही है और सरकार चाहती है कि पेपर लीक के मामलों में, शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मामलों में सुधार हो लेकिन विपक्ष कभी ये नहीं चाहता है कि समस्या का समाधान हो।'

4:45 PM- दिल्ली में सार्वजनिक और निजी संपत्ति को हुए नुकसान के लिए मुआवजे की मांग करने वाली एक गैर-सरकारी संस्था (NGO) की ओर से पेश अधिवक्ता विकास शर्मा ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना सभी का अधिकार है, लेकिन किसी को पत्थरबाजी करने, वाहनों को नुकसान पहुंचाने या सार्वजनिक व निजी संपत्ति को तोड़ने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान हुई क्षति के लिए आयोजकों और तोड़फोड़ करने वालों को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। उनसे नुकसान की भरपाई कराई जानी चाहिए। शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति करदाताओं के पैसे से बनती है, इसलिए उसके नुकसान की भरपाई जरूरी है। साथ ही, जिन लोगों की निजी संपत्ति, चाहे वह दिल्ली पुलिस का वाहन हो या किसी आम नागरिक का वाहन, क्षतिग्रस्त हुई है, उन्हें भी मुआवजा मिलना चाहिए। दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें संबंधित ट्रिब्यूनल का रुख करने की अनुमति दी है।

4:30 PM- दिल्ली हाई कोर्ट में जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन की NIA जांच की मांग वाली याचिका पर सुनवाई के बाद याचिकाकर्ता सतीश कुमार अग्रवाल के वकील वरुण सिन्हा ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि जनहित याचिका दायर कर आरोप लगाया गया कि कथित छात्र आंदोलन के दौरान सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया, मेट्रो स्टेशनों को बंद कराना पड़ा और कई दिनों तक दिल्ली में सामान्य गतिविधियां प्रभावित रहीं। उन्होंने दावा किया कि इस आंदोलन के अंतरराष्ट्रीय संबंध होने की आशंका है और इसका उद्देश्य केंद्र सरकार को अस्थिर करना व प्रधानमंत्री पर इस्तीफे का दबाव बनाना हो सकता है। उन्होंने बताया कि याचिका में पूरे मामले की एनआईए से जांच कराने की मांग की गई थी। दिल्ली हाई कोर्ट ने याचिकाकर्ता को सक्षम प्राधिकारी के समक्ष विस्तृत आवेदन देने और कानून के अनुसार अन्य उचित कदम उठाने की अनुमति दी है।

4:15 PM- सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने उम्मीद जताई कि इन मांगों पर जल्द ही लिखित सहमति मिल जाएगी। रांका ने बताया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर भी सरकार के साथ विस्तार से चर्चा हुई और सीजेपी ने स्पष्ट कर दिया कि इससे कम कुछ भी स्वीकार्य नहीं होगा। उनके अनुसार, सरकार ने कहा है कि इस मांग की जानकारी प्रधानमंत्री को दी जाएगी और जल्द निर्णय लिया जाएगा। साथ ही सरकार ने शनिवार दोपहर एक और बैठक का प्रस्ताव भी दिया है।

4:10 PM- दिल्ली में सरकार के साथ बैठक के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि उनकी तीन प्रमुख मांगों में से दो पर सरकार का रुख बेहद सकारात्मक रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने आत्महत्या करने वाले नीट अभ्यर्थियों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये मुआवजा देने और प्रदर्शनकारियों को कानूनी सुरक्षा देने की मांग पर सहमति जताई है। रांका ने कहा कि इसमें पहले से दर्ज वापस लेने के FIR साथ-साथ भविष्य में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई एफआईआर या कानूनी कार्रवाई न करने की गारंटी की मांग भी शामिल है।

4:00 PM- सुप्रीम कोर्ट ने 27 जुलाई को उन याचिकाओं पर सुनवाई के लिए मंजूरी दे दी है, जिनमें पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर और देश भर में दूसरी जगहों पर हुए प्रदर्शनों में शामिल छात्रों के खिलाफ पुलिस पर अत्यधिक कार्रवाई करने का आरोप लगाया गया है।

3:45 PM- TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो संदेश पर कहा, 'प्रधानमंत्री ने अगर पहले ऐसा किया होता तब लगता कि सख्त से सख्त कार्रवाई की गई है। लेकिन सारी बातें हवा-हवाई निकलीं। अगर आपने देश के नाम संदेश देने का प्रयास ही किया तो जो आप खुद कहते हैं, तथ्य और सत्य वो उसमें शामिल होना चाहिए था। इस संदेश में सत्य नहीं था। पुराने मामलों को तो आप अभी तक निपटा नहीं पाए हैं, 100 से ज्यादा पेपर लीक हुए हैं। हमारे देश के बच्चे, समाज के बच्चे, इतने दिनों से भूखे-प्यासे, बुझे हुए, धूप में, बारिश में, दिन और रात में इतने समय से पड़े हुए हैं लेकिन आपने उनके बारे में एक बार भी चिंता नहीं जताई? प्रधानमंत्री को उनसे एक बार जरूर मिलना चाहिए था या उन्हें गले लगाकर आश्वासन देना चाहिए था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ऐसा लगता है कि ये सरकार दम और अहंकार में पीछे बैठी हुई है और ये दम में बैठी सरकार अपनी विश्वसनीयता खो बैठी है। मैं चाहूंगा कि प्रधानमंत्री अपनी साख ठीक करें। जो कहें वो करें।'

3:35 PM- सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पेपर लीक रोकने से जुड़े कानून पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट, 2024 में संशोधन को मंजूरी दे दी है। इस संशोधन विधेयक को सोमवार को संसद में विचार और पारित कराने के लिए पेश किए जाने की संभावना है। सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं पर और अधिक प्रभावी ढंग से रोक लगाना तथा परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है।

3:30 PM- केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, '5 दिन तक संसद में NEET पेपर लीक को लेकर चर्चा नहीं हो पाई है। हमने आज फिर से इसकी अपील की है। आज भी राहुल गांधी स्वयं सदन में थे, हमने उन्हें कहा कि आप तुरंत बहस शुरू करवाएं। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने दिखा दिया कि वे लोग असल में बहस में रुचि नहीं रखते हैं। जो लोग प्रदर्शन कर रहे थे और प्रदर्शनकारियों के सबसे प्रमुख चेहरे सोनम वांगचुक ने भी अपना अनशन तोड़कर अपनी बात साफ कर दी है कि अब चर्चा हो। अब इस विषय का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। छात्रों का भविष्य और हम उनके लिए कैसे उचित प्रणाली सुनिश्चित कर सकते हैं, ये हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। संसद अगर ठीक से चले तो बहुत चीजों पर चर्चा हो सकती है। जब प्रधानमंत्री नहीं बोलते तो वे कहते हैं कि प्रधानमंत्री चुप क्यों हैं? और जब बोलते हैं तो उन्हें आपत्ति होती है।'

3:15 PM- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, 'धर्मेंद्र प्रधान एक क्रिमिनल एजुकेशन मिनिस्टर हैं। उन्हें हटाना होगा। वह हमारे एजुकेशन सिस्टम के खत्म होने की निशानी हैं। उन्हें जाना होगा। वह ही वजह हैं कि हजारों लोग बाहर हैं। उन्हें जाना होगा।'

3:10 PM- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मीडिया के सामने एक ऐसे युवक को पेश किया, जिसके बारे में उन्होंने दावा किया कि छात्र प्रदर्शन के दौरान उस पर पैलेट गन चलाई गई थी। राहुल गांधी ने कहा कि यह युवक तिरंगा लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहा था, तभी वह पैलेट गन की चपेट में आ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कह रही है कि पैलेट गन का इस्तेमाल नहीं हुआ, जबकि इस युवक की आंख गंभीर रूप से घायल हुई है और उसकी दृष्टि चली गई है। राहुल गांधी ने कहा कि ऐसे हजारों युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया और पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि युवक ने पुलिस भर्ती की परीक्षा दी थी, लेकिन प्रश्नपत्र लीक होने से उसका भविष्य प्रभावित हुआ।

3:05 PM- कॉकरोच जनता पार्टी के साथ मीटिंग के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, 'मीटिंग लगभग 2 घंटे तक चली। उनकी 3 मुख्य मांगें थीं और एग्जाम के लिए 5 सुधार सुझाव थे। हमने उनसे कहा है कि हम कल दोपहर फिर मिलेंगे और सरकार के साथ हुई बातचीत के बारे में बताएंगे।'

2:55 PM- दिल्ली में सरकार के साथ बैठक के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उनकी मांग पर सरकार ने कल दोपहर तक का समय मांगा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटा देगी। रांका ने यह भी बताया कि सरकार ने उनकी दो अन्य मांगों पर सहमति जताई है, जिनमें आत्महत्या करने वाले नीट अभ्यर्थियों के परिवारों को मुआवजा देने और छात्रों के खिलाफ दर्ज FIR व अन्य कानूनी मामलों को वापस लेने की मांग शामिल है।

2:45 PM- भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, 'एक तरफ विपक्ष है, जो युवाओं के कंधे पर अपनी राजनीतिक रोटियां सैंकना चाहता है और दूसरी तरफ प्रदर्शनकारी हैं, जो परीक्षा की प्रक्रिया में और पारदर्शिता चाहते हैं, भविष्य में पेपर लीक नहीं चाहते और अभी जो पेपर लीक हुआ, उसपर कड़ी कार्रवाई चाहते हैं। जहां NEET पेपर लीक की बात है तो उसके जो 13 दोषी थे, उनकी गिरफ्तारी हुई है, उनको जेल भेजा गया है और अब उनको कड़े से कड़ा दंड जल्द मिले, उसके लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की बात भी प्रधानमंत्री मोदी ने कह दी है।'

2:26 PM- मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कॉकरोच जनता पार्टी और सरकार के बीच जारी दूसरे दौर की बातचीत खत्म हो चुकी है। खबर है कि सीजेपी ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह को अपना पत्र सौंप दिया है। हालांकि, अब तक साफ नहीं है कि बैठक का नतीजा क्या निकला। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी।

2:00 PM- कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा 'आपको लगता है कि ऐेसे लेख का कोई मतलब है? कांग्रेस के पास क्या नैतिक अधिकार बचा है? कांग्रेस झूठ की दुकान है।' उन्होंने कहा, 'कांग्रेस छात्रों के प्रदर्शन पर जनता की प्रतिक्रिया देखने के बाद ही आंदोलन में कूदी। उसने खुद कोई आंदोलन शुरू नहीं किया।'

1:57 PM- कॉकरोच जनता पार्टी और सरकार के बीच बातचीत शुरू हो चुकी है। राजधानी दिल्ली स्थिति विट्ठलभाई पटेल हाउस में यह उच्च स्तरीय चर्चा हो रही है। CJP की मांग के ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लिया जाना चाहिए। साथ ही कहा है कि ऐसा नहीं होने तक धरना जारी रहेगा।

1:25 PM- सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा, 'सरकार जवाबदेही तय करने के बजाए भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। कल रात शिक्षा सचिव का तबादला कर दिया गया। उनकी जगह पशुपालन विभाग से आईएएस अधिकारी को लाया गया है, जिनके खिलाफ करोड़ों रुपये भ्रष्टाचार के आरोप हैं। पेपर लीक और NEET से जुड़ा पूरा संकट सिस्टम में मौजूद भ्रष्टाचार का मामला था। एक नौकरशाह को ऐसे से बदल देना, जिनके खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायते हैं, ये पूरे भारत के युवाओं का अपमान है। क्या सरकार इस उम्मीद में है कि हम इस समझौते को स्वीकार कर लेंगे। यह जवाबदेही नहीं है। हम केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होने तक नहीं रुकेंगे।'

1:14 PM- सोनम ने उनकी सुरक्षा का बंदोबस्त कर दिया है इस लैटर के माध्यम से कि किसी पर कुछ भी न शारीरिक हिंसा होगी, न लाठीचार्ज होगी, न कोई कानूनी कार्रवाई होगी। उसके बाद ये स्टूडेंट्स और उनके नेतृत्व कर रहे हैं, उनके उसपर निर्भर करता है कि इसे आगे कैसे ले जाना चाहते हैं। जो कि आज 12.30 की मीटिंग के बाद पता चलेगा।

1:05 PM- खबर है कि शुक्रवार को होने वाली दूसरे दौर की बैठक के लिए कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधि संविधान क्लब पहुंच गए हैं। वहीं, कहा जा रहा है कि सरकार के प्रतिनिधियों का इंतजार जारी है। संभावनाएं हैं कि सरकार की तरफ से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, जितेंद्र सिंह शामिल हो सकते हैं। जबकि, सीजेपी से सौरभ दास और आशुतोष रांका शामिल हो सकते हैं।

12:56 PM- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐलान के बाद पेपर लीक के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। शुक्रवार को बॉम्बे हाईकोर्ट ने औरंगाबाद और नागपुर में दो स्पेशल कोर्ट तय किए हैं। इनमें परीक्षाओं में गड़बड़ियों से जुड़े मामलों की सुनवाई होगी। औरंगाबाद में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एसवी पवार और नागपुर में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गुलशन कोल्टे को नियुक्त किया गया है।

12:44 PM- केंद्र सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी की बैठक होने जा रही है। हालांकि, यह मीटिंग 12 बजकर 30 मिनट पर होनी थी, लेकिन अब तक इसके शुरू होने की कोई खबर नहीं है। सरकार की तरफ से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह मुलाकात कर सकते हैं। दूसरे दौर की यह बैठक संविधान क्लब में होने की संभावनाएं हैं।

12:33 PM- सीजेपी प्रवक्ता दीपक बालयान ने कहा, 'देश बचाओ मोर्चा के तहत भारत और अमेरिका की ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसान समूहों ने हमें समर्थन दे दिया है। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूंनी यहां हमारे साथ खड़े होंगे।'

12:08 PM- दिल्ली यूनिवर्सिटी की तरफ से जंतर मंतर पर जुटे छात्रों को चेतावनी देने पर सांसद राहुल गांधी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने लिखा, 'अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल कर रहे छात्रों को धमकाने की आपकी हिम्मत कैसे हुई? याद रखना जब समय आने पर आप ही जवाबदेह ठहराए जाएंगे।'

11:54 AM- सीजेपी प्रोटेस्ट के बीच दिल्ली पुलिस में बड़ी हलचल चल रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली पुलिस के सभी रैंक के अधिकारियों की छुट्टियों को रद्द कर दिया गया है। वहीं, देश की राजधानी के अलावा कई और शहरों में भी प्रदर्शन जारी हैं।

11:10 AM- कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडिंग प्रेसिडेंट अभिजीत दिपके ने कहा, 'जंतर-मंतर पर हमारा धरना तब तक जारी रहेगा जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते। हमें बहुत राहत है कि सोनम वांगचुक ने अपनी भूख हड़ताल तोड़ दी है, क्योंकि 26 दिन से ज्यादा हो गए थे। उनकी ज़िंदगी इस देश के लिए बहुत कीमती है।' केंद्रीय मंत्रियों के साथ मीटिंग के बारे में उन्होंने कहा, 'मीटिंग किसी न्यूट्रल जगह पर होगी। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के अलावा कुछ भी मंजूर नहीं है।'

11:07 AM- दिल्ली हाईकोर्ट आज एक जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई करने के लिए सहमत हो गया है। याचिका में सेंट्रल दिल्ली के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं बंद करने के सरकार के फैसले को चुनौती दी गई है। इन हिस्सों में जंतर-मंतर के आस-पास के इलाके भी शामिल हैं, जहां छात्र विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।

10:48 AM- सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है, 'धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना ही होगा।' उन्होंने कहा कि इलाज कराने के बाद वह जंतर-मंतर पर लौट रहे हैं, लेकिन बुखार की वजह से अभी भी कमजोरी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'लेकिन संघर्ष जारी रहेगा। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जंतर मंतर पर हमारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रहेगा।'

10:37 AM- पेपर लीक के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई उपायों का ऐलान किया है। इसी बीच खबर है कि सरकार ने दोषियों पर 1 करोड़ रुपये का जुर्माना और 5 से 10 साल तक जेल की तैयारी की है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।

10:31 AM- कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, 'हम यह साफ करना चाहते हैं कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। दोपहर 12:30 बजे PM को एक वीडियो जारी करना पड़ा, जिसका मतलब है कि दबाव बहुत ज्यादा है। PM ने कहा कि वह बहुत सख्त कार्रवाई करेंगे। सबसे सख्त कार्रवाई धर्मेंद्र प्रधान को हटाना ही हो सकती है। तभी हम मानेंगे कि आप भारत के युवाओं को लेकर गंभीर हैं। दोपहर 12:30 बजे सीसीआई में जेपी नड्डा जी के साथ बैठक है। उससे पहले, हम सुबह 11 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।'

10:19 AM- ये मेट्रो स्टेशन बंद: दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने गुरुवार रात जारी एक अपडेट में बताया कि शुक्रवार सुबह 7.30 बजे से अगले आदेश तक 17 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। इनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं।

9: 45 AM: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के चलते आसपास के इलाकों में मोबाइल इंटरनेट और मेट्रो की सेवाएं बंद हैं। इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध दोपहर 12 बजे तक के लिए बढ़ा दिया गया है। दूसरी तरफ दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने गुरुवार रात जारी एक अपडेट में बताया कि शुक्रवार सुबह 7.30 बजे से अगले आदेश तक 17 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। इनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं।

8:47 AM- सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, 'मेरे कई दोस्तों और रिश्तेदारों को राजस्थान पुलिस/सीआईडी/आईबी के फोन आ रहे हैं और मेरे परिवार के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। मुझसे ही पूछ लो भाई, मैं ही बता दूंगा।'

8:40 AM- तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा, 'अब बात एक मंत्री को हटाए जाने से काफी आगे जा चुकी है। अब इससे काम नहीं चलेगा। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री की जवाबदेही तय करनी होगी।'

8: 35 AM: कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने शुक्रवार को आरोप लगाया है कि परीक्षा प्रश्नपत्र लीक और शिक्षा व्यवस्था के ''पतन'' के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन तथा जवाबदेही की मांग कर रहे छात्रों को नरेन्द्र मोदी सरकार ''देश के शत्रु'' की तरह पेश कर रही है और उनकी आवाज दबाने के लिए दमनकारी ताकत का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने अंग्रेजी दैनिक 'द हिंदू' के लिए लिखे लेख में यह भी कहा कि प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगें सीधी और स्पष्ट हैं कि भारत सरकार की जवाबदेही तय हो और शिक्षा में सुधार किया जाए।

8:28 AM- जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच बढ़ी हुई सुरक्षा चिंताओं के कारण DMRC ने आज सुबह 07:30 बजे से अगली सूचना तक 17 स्टेशन बंद कर दिए हैं। DMRC ने पहले आज (24 जुलाई) सुबह 07:30 बजे से 17 बड़े स्टेशनों को बंद करने की घोषणा की थी। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। (ANI)

8:17 AM- इंटरनेट शटडाउन शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक के लिए बढ़ा दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार ने टेलीकॉम कंपनियों को मध्य दिल्ली और खासतौर से जंतर-मंतर के पास के इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बंद करने के निर्देश दिए थे।

7:45 AM- सोनम वांगचुक ने अनशन तोड़ने का बाद एक वीडियो संदेश जारी किया है। इसमें उन्होंने बताया है कि सरकार की तरफ से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर तत्काल कोई भी भरोसा नहीं दिया गया है। उन्होंने जानकारी दी है कि सरकार प्रदर्शन कर रहे लोगों पर केस दर्ज नहीं करने के लिए तैयार हो गई है।

7:08 AM- सांसद निशिकांत दुबे ने गुरुवार को नीट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के एक वर्ग पर आरोप लगाया कि वे कथित प्रश्नपत्र लीक मामले का इस्तेमाल अपने माता-पिता के सामने अपने खराब प्रदर्शन को सही ठहराने के लिए 'बहाने' के तौर पर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो छात्र डॉक्टर, इंजीनियर या प्रशासनिक अधिकारी बनना चाहते हैं, उन्हें जंतर-मंतर पर एकत्र होने के बजाय अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए।

6:49 AM- कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधियों और सरकार की तरफ से शुक्रवार को बड़ी वार्ता हो सकती है। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर सीजेपी का प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय मंत्रियों से मिल सकता है। खास बात है कि पार्टी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुई है।

6:40 AM- सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा, 'कल एक चर्चा बुलाई गई है। हमें बहुत खुशी है कि सरकार हमारी इस मांग पर सहमत हो गई है कि यह चर्चा किसी न्यूट्रल जगह पर हो। इसके लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया को चुना गया है...। हमें यह बताया गया है। हमें उम्मीद है कि सरकार खुले मन से आएगी और देश की जनता की बात सुनेगी...।'

6:37 AM- सीजेपी ने बातचीत के लिए सरकार के प्रस्ताव को ठुकराते हुए जोर दिया कि कोई भी बातचीत सिर्फ किसी निष्पक्ष जगह पर ही होनी चाहिए। सरकार ने आज बातचीत की एक और अपील की। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि मुद्दों को सुलझाने के लिए बैठक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के सरकारी आवास या उनके कार्यालय में हो सकती है। नड्डा ने भी सीजेपी को बातचीत के लिए बुलाया, लेकिन संगठन के नेताओं ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया और अपनी इस मांग पर अड़े रहे कि वे केवल किसी निष्पक्ष जगह पर ही बैठक करेंगे।

6:30 AM- केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात कर अनशन खत्म कराई। इसके बाद उन्होंने बताया कि सरकार इस बात को लेकर तैयार थी कि 20 जुलाई को संसद तक मार्च में शामिल प्रदर्शनकारियों के खिलाफ केस नहीं होगा। साथ ही जंतर मंतर पर प्रदर्शन में बैठने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई नहीं होगी।

5:59 AM- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि सरकार पेपर लीक मामले पर सख्त सजा के प्रावधानों के साथ फास्ट ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था करने वाले एक कानून के मसौदे पर शुक्रवार को मंत्रिमंडल में फैसला करेगी। साथ ही इससे संबंधित विधेयक संसद के इसी सत्र में लाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद सरकार के सामने सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी थी कि विद्यार्थियों का एक वर्ष बर्बाद ना हो इसलिए इसलिए तत्काल परीक्षाएं करना बहुत जरूरी था।

5:56 AM- कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के मद्देनजर लागू यातायात प्रतिबंधों और दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर पाबंदियों के कारण मध्य दिल्ली के कई स्कूलों ने कक्षाओं और परिवहन व्यवस्था में बदलाव किया है। हुमायूं रोड स्थित आरएस जूनियर मॉडर्न स्कूल ने अभिभावकों को जारी परिपत्र में कहा कि नर्सरी से कक्षा पांच तक की पढ़ाई 24 जुलाई से अगले आदेश तक हाइब्रिड मोड यानी ऑफलाइन और ऑनलाइन तरीके से होगी। घर से पढ़ाई करने वाले छात्रों को स्कूल की वर्दी पहनकर माइक्रोसॉफ्ट टीम्स के माध्यम से नियमित समय-सारिणी के अनुसार कक्षाओं में शामिल होने को कहा गया है। स्कूल बसें पहले की तरह संचालित होंगी।

5:48 AM- मुंबई पुलिस ने गुरुवार को अपने उस वाहन चालक को ड्यूटी से हटा दिया और उसके खिलाफ जांच के आदेश दिए, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में प्रदर्शनकारी छात्रों को धमकाते दिख रहा है। वीडियो में चालक को दो युवकों को धमकाते हुए दिखाया गया है कि यदि वे दोबारा प्रदर्शन करने लौटे तो उन्हें मादक पदार्थ से संबंधित झूठे मामले में फंसा दिया जाएगा। (भाषा)

5:45 AM- CJP Protest LIVE: सोनम वांगचुक ने अनशन तोड़ दिया है। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह मौजूद रहे। वांगचुक का कहना है कि कई शर्तों पर लंबी बातचीत के बाद यह फैसला लिया है। हालांकि, उन्होंने बताया नहीं है कि किन बातों पर सहमति बनी है। उन्होंने जानकारी दी है कि इस संबंध में जल्द ही वीडियो मैसेज जारी करेंगे।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia NewsLIVE: नीट पेपर लीक के बाद NTA का बड़ा ऐक्शन, 47 अधिकारियों को नौकरी से निकाला