ट्रेनें रद्द हुईं तो बढ़ गया फ्लाइट का किराया, कॉकरोच प्रदर्शन से पहले बढ़ी मुश्किलें
CJP प्रदर्शन के बीच दिल्ली आने-जाने वाली फ्लाइटों के किराये में उछाल देखने को मिला है। वाराणसी से दिल्ली का हवाई किराया 14 हजार रुपये तक पहुंचा, जबकि अमृतसर रूट पर भी टिकट महंगे हुए।

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के मद्देनजर सख्त पाबंदियों और कई ट्रेनों के रद्द होने से हवाई टिकट महंगा हो गया। इस वीकेंड दिल्ली आने-जाने वाली फ्लाइटों की आखिरी समय में बुकिंग में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। कुछ हवाई मार्गों पर किराया तेजी से बढ़ा है। हालांकि, ट्रैवल इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि फिलहाल यात्रियों के ट्रेन और बस से हवाई सफर की ओर रुख करने के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। ट्रैवल इंडस्ट्री के जानकारों के मुताबिक, अगर प्रदर्शन और आवाजाही पर लगी पाबंदियां लंबे समय तक जारी रहती हैं, तो हवाई यात्रा की मांग और बढ़ सकती है। सोमवार से नवरात्र शुरू होने के साथ त्योहारी सीजन भी शुरू हो रहा है।
वाराणसी से दिल्ली का हवाई किराया 14 हजार रुपये तक पहुंचा
एक प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसी (OTA) के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात तक लखनऊ, प्रयागराज और उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों से दिल्ली आने वाली फ्लाइटों के तत्काल बुकिंग किराये में कोई बड़ी बढ़ोतरी नहीं देखी गई थी। हालांकि, वाराणसी से दिल्ली के शनिवार के सफर के लिए तत्काल बुकिंग का किराया एक महीने पहले की तुलना में करीब 15 फीसदी अधिक रहा।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसियों की वेबसाइट पर शनिवार को वाराणसी से दिल्ली की एकतरफा फ्लाइट का किराया 6,200 रुपये से शुरू होकर 14,000 रुपये तक पहुंच गया। अधिकारी के मुताबिक, अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि ट्रेन और बस सेवाओं में बदलाव के कारण बड़ी संख्या में यात्री हवाई सफर का विकल्प चुन रहे हैं। त्योहारी सीजन से पहले सप्ताहांत की फ्लाइटों में पहले से ही काफी बुकिंग थी और किराये भी ऊंचे थे।
अमृतसर से दिल्ली के लिए दोगुना हुआ किराया
अमृतसर से उड़ानों का किराया शुक्रवार को तेजी से बढ़ा। कुछ फ्लाइटों का एकतरफा किराया करीब 8,000 रुपये तक पहुंच गया, जबकि सामान्य तौर पर यह लगभग 4,000 रुपये रहता है। लुधियाना से शनिवार की फ्लाइट के किराये में भी दिनभर उतार-चढ़ाव देखने को मिला। किराया एक समय 12,987 रुपये तक पहुंच गया, लेकिन रात आठ बजे तक घटकर 4,301 रुपये रह गया।
अमृतसर के ट्रैवल एजेंट दलिप ने बताया कि आगे की यात्रा की योजना बना चुके यात्रियों, खासकर अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट पकड़ने वालों के पास सीमित विकल्प हैं। ऐसे यात्री आगे की ट्रेन या फ्लाइट रद्द होने अथवा कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने के जोखिम से बचने के लिए महंगे टिकट खरीदने को मजबूर हैं।
दिल्ली एयरपोर्ट तक पहुंचने को लेकर भी चिंता
एयरलाइंस और दिल्ली एयरपोर्ट के सामने एक और चुनौती यात्रियों, क्रू सदस्यों और अन्य कर्मचारियों के समय पर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGIA) पहुंचने की है। मेट्रो सेवाओं में बड़े स्तर पर व्यवधान की आशंका और सड़क यातायात प्रभावित होने के कारण एयरपोर्ट तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है।
ट्रैवल इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि अगर प्रदर्शन लंबे समय तक जारी रहता है और हवाई यात्रा की मांग बढ़ती है, तो किराये में और उछाल आ सकता है। उनके मुताबिक, जेट ईंधन की बढ़ती कीमतों और रुपये में गिरावट से परिचालन लागत पहले ही बढ़ी हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार शाम तक चंडीगढ़ से दिल्ली के बीच फ्लाइट और कैब के किराये में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया था।

