भड़काऊ पोस्ट किया तो खैर नहीं, प्रदर्शन के बीच रडार पर सोशल मीडिया हैंडल्स; जंतर-मंतर के चारों ओर चक्रव्यूह
पुलिस भड़काऊ पोस्ट फैलाने वाले सोशल मीडिया हैंडल्स पर पैनी नजर रख रही है। पुलिस ने कहा जो भी अकाउंट दिल्ली में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के लिए फर्जी लोकेशन टैग करेगा उस पर कार्रवाई होगी।

जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर मचे घमासान के बीच दिल्ली पुलिस की साइबर विंग ने डिजिटल सुरक्षा चक्रव्यूह तैयार किया है। रविवार सुबह से प्रस्तावित दोबारा जंतर-मंतर मार्च के ऐलान के बाद, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फर्जी दावों, भड़काऊ पोस्ट और फेक लोकेशन की बाढ़ को देखते हुए साइबर सेल ने 100 से अधिक संदिग्ध सोशल मीडिया हैंडल्स को अपने रडार पर ले लिया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी डिजिटल अफवाहबाज को बख्शा नहीं जाएगा।
खुफिया सूचनाओं के मुताबिक, एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप ग्रुप्स पर कई पुराने और असंबद्ध हिंसक वीडियो को आज के प्रदर्शन का बताकर तेजी से शेयर किया जा रहा है। इसका मकसद कानून-व्यवस्था को प्रभावित करना और आम जनता के बीच डर बनाना है।
कार्रवाई की चेतावनी
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने के लिए आधुनिक एआई आधारित मॉनिटरिंग टूल्स का सहारा लिया जा रहा है। पुलिस ने कहा जो भी अकाउंट दिल्ली में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के लिए फर्जी लोकेशन टैग करेगा उस पर कार्रवाई होगी।
पुलिस ने की अपील
साइबर सेल ने आम जनता और इंटरनेट उपयोगकर्ताओं से भी अपील की है कि वे दिल्ली के मौजूदा हालातों को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे किसी भी वीडियो या मैसेज पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। किसी भी संदेश को आगे फॉरवर्ड करने से पहले उसकी सत्यता जांच लें।
जंतर-मंतर के चारों ओर चक्रव्यूह
इससे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी और विभिन्न छात्र संगठनों के दोबारा मार्च के ऐलान को दिल्ली पुलिस ने अपने सुरक्षा चक्रव्यूह के बूते पूरी तरह नाकाम कर दिया। रविवार को लुटियंस दिल्ली की सड़कों पर किसी भी बड़े हुजूम को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने कॉर्डन-3 यानी त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की। पुलिस की इस सुरक्षा दीवार को भेदना प्रदर्शनकारियों के लिए नामुमकिन साबित हुआ।
जंतर-मंतर रोड, संसद मार्ग, टॉलस्टॉय मार्ग और अशोक रोड सहित पूरे लुटियंस जोन को सुबह से ही भारी छावनी में तब्दील कर दिया गया था। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने खुद मोर्चे पर रहकर सुरक्षा ग्रिड की कमान संभाली। सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर के 3 किलोमीटर के दायरे को तीन अलग-अलग सुरक्षा चक्रों में विभाजित किया था।

