ज्ञानेश कुमार को बचा रहे हैं मोदी-शाह, आशुतोष रांका बोले- BJP को जिता रहे CEC
अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास को रविवार सुबह कार्यकारी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए जाने के बाद छोड़ दिया गया। उन्हें इस शर्त पर रिहा किया गया है कि वे एक साल तक शांति भंग नहीं करेंगे।

CJP Press Conference: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले दिल्ली हवाई अड्डे पर हिरासत में लिए जाने के बाद एहतियातन गिरफ्तार किए गए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के तीनों नेताओं को रिहा कर दिया गया है। अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास को रविवार सुबह कार्यकारी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए जाने के बाद छोड़ दिया गया। उन्हें इस शर्त पर रिहा किया गया है कि वे एक साल तक शांति भंग नहीं करेंगे। सीजेपी ने एक बयान में तीनों नेताओं की रिहाई को बड़ी कानूनी जीत बताया। रिहाई के बाद सीजेपी के द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई, जिसमें सीजेपी ने कई तरह के आरोप लगाए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीजेपी नेताओं ने क्या-क्या कहा?
>> सौरभ दास ने आरोप लगाया कि हिरासत के दौरान उन्हें आर.के. पुरम में रखा गया था. जबकि आशुतोष रांका और अभिजीत दिपके को कहीं और रखा गया था। मैं सरकार को चेतावनी देना चाह रहा हूं कि आपका अंत काफी नजदीक है।
>> सौरभ दास ने कहा कि अमित शाह और नरेंद्र मोदी के कहने पर सीजेपी के कार्यकर्ताओं के साथ बर्बरता की गई है। उन्होंने मानवाधिकारी आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा कि आप सो रहे हैं क्या।
>> सौरभ दास ने दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें गिरफ्तार नहीं, अपहरण किया गया। इसके बाद हमारे मोबाइल तक सीज कर लिए। इस दौरान हमारे फोन को हैक कर लिया गया।
>> प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आशुतोष रांका ने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचा रहे हैं। ज्ञानेश कुमार सिर्फ भाजपा को जिताने के लिए काम कर रहे हैं।
>> कल की घटना पर उन्होंने कहा कि मुझे, सौरभ और दीपके को फ्लाइट में घुसकर गिरफ्तार किया गया। अभिजीत की दादी के निधन के बारे में जब बताया गया तो वहां भी दिल्ली पुलिस कैमरा और माइक लेकर खड़ी थी।
>> सीजेपी ने कहा कि भाजपा ने इमरजेंसी को भी पीछे छोड़ दिया। पूरे देश में भय का माहौल बना दिया गया है। यह सबकुछ एक आदमी को बचाने के लिए हो रहा है वह है ज्ञानेश कुमार।
आपको बता दें कि दिल्ली पुलिस की हिरासत से छूटने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके अपने गांव के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा कि 2 बजे की प्रेस कॉन्फ्रेंस सौरव दास और आशुतोष रांका करेंगे। दरअसल शनिवार को अभिजीत दीपके की दादी का निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार भी अभी नहीं किया गया है। ऐसे में अंतिम दर्शन के लिए वह महाराष्ट्र के हिंगोली स्थित अपने गांव गए हैं।
50 हजार के बॉन्ड पर रिहाई
दिल्ली पुलिस ने एक्स पर एक पोस्ट में तीनों की रिहाई जानकारी दी है। उन्होंने कहा आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद तीनों को एहतियातन गिरफ्तार किया गया और रविवार को दिल्ली कैंट स्थित विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (एसईएम) की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने कहा, ''एक साल की अवधि के लिए शांति बनाए रखने और अच्छे आचरण की शर्त पर 50,000 रुपये का बॉन्ड भरवाया गया, जिसके बाद एसईएम अदालत ने उन्हें रिहा कर दिया।''

