दीपके ने किस IPS को बताया अमित शाह का 'जनरल डायर', जंतर-मंतर 2.0 के बीच बड़ा बयान
दीपके ने दिल्ली पुलिस के डीसीपी पर तंज कसते हुए उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जनरल डायर कह दिया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक खबर को रिपोस्ट करते हुए दीपके ने यह बयान दिया है।

देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) नेता अभिजीत दीपके (Abhijeet Dipke) ने दिल्ली पुलिस के डीसीपी पर तंज कसते हुए उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जनरल डायर कह दिया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक खबर को रिपोस्ट करते हुए दीपके ने लिखा, ‘यह तो अमित शाह का जनरल डायर है।’ आपको बता दें कि आज जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का खास असर देखने को नहीं मिल रहा है। दिल्ली पुलिस ने यहां पहुंचे आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत कई दलों और संगठनों के 150 से अधिक नेताओं को हिरासत में लिया है।
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर होने वाले प्रोटेस्ट के लिए सुरक्षा इंतजामों पर डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा, "जंतर-मंतर पर किसी भी तरह के प्रोटेस्ट, मार्च की परमिशन नहीं दी गई है। इससे बचाव के उपाय किए गए हैं।''
सीजेपी के अलावा, आम आदमी पार्टी, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) और भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) ने मतदाता सूचियों से मतदाताओं के नाम काटे जाने का आरोप लगाते हुए और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। इन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया थ। दिल्ली पुलिस ने कहा कि उसने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है।
कल हिरासत में लिए गए थी दीपके
गुरुवार को खबर आई कि अभिजीत दीपके को मरीन ड्राइव पर तख्तियों के साथ देखे जाने के बाद मुंबई पुलिस ने कुछ देर के लिए हिरासत में लिया। एक अधिकारी ने बताया था कि दीपके मरीन ड्राइव पर समर्थकों के एक समूह के साथ तख्तियां लेकर जुटे थे। हालांकि, सीजेपी ने इस खबर को झुठलाने की कोशिश की।
अधिकारी ने कहा, ''एक महिला निरीक्षक समेत एक टीम दीपके के पास पहुंची और उन्हें एक वैन में मरीन ड्राइव थाने ले गई। थाने ले जाते समय महिला अधिकारी ने उनसे उनकी पहचान और गृह नगर के बारे में पूछा।'' दीपके और उनके समर्थकों को थाने के प्रतीक्षालय में रखा गया। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने के लिए कहे जाने के बाद दीपके कुछ ही मिनटों में थाने से मुस्कुराते हुए बाहर निकल आए।

