CJP अब खत्म है, रीढ़ की हड्डी टूट गई: बोले सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज काटजू ने कहा कि सीजेपी अब खत्म हो गई। रीढ़ की हड्डी टूट गई। पीस बॉन्ड साइन करने से अब ये खत्म हो गए। कुछ नहीं रहा इनमें। बता दें कि पिछले महीने भी काटजू ने सीजेपी नेताओं पर हमला बोला था और कहा था कि चारों का करियर खत्म हो गया है।

सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मार्कंडेय काटजू कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व पर पीस बॉन्ड साइन करने को लेकर भड़क उठे। पिछले दिनों अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास ने पीस बॉन्ड साइन किया था और सालभर तक शांति न भंग करने का वादा किया था। इस पर काटजू का कहना है कि सीजेपी अब खत्म हो गई है। उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई। उन्होंने दो टूक कहा कि पीस बॉन्ड साइन करने से अब यह साफ हो गया है कि अगर अब सीजेपी नेता आंदोलन करते हैं तो पुलिस उन्हें शांति भंग करने के आरोप में लंबे समय के लिए जेल में डाल देगी।
द ईवर चिल पिल यूट्यूब चैनल से बात करते हुए काटजू ने कहा कि जिन सीजेपी नेताओं ने पीस बॉन्ड साइन किया उनका करियर खत्म हो गया है। जब अंग्रेजों का शासन था, तब वे लोगों से कहते थे कि माफी मांग लो तो छोड़ देंगे और जो माफीनामा लिखते थे, उनका करियर खत्म हो जाता था। जनता ऐसे लोगों पर विश्वास नहीं करती। पीस बॉन्ड का मतलब है कि आप ने कह दिया कि अब आंदोलन नहीं करेंगे, क्योंकि अगर किया तो पुलिस कहेगी कि आप शांति भंग कर रहे हैं और लंबे समय के लिए जेल में डाल दिया जाएगा। सौरभ दास और आशुतोष रांका तो अभी एक हफ्ते के लिए जेल गए थे, लेकिन कई महीनों के लिए चले जाएंगे। ये सब जेल जाने से डरते हैं।
काटजू ने कहा, ''सीजेपी अब खत्म हो गई। रीढ़ की हड्डी टूट गई। पीस बॉन्ड साइन करने से अब ये खत्म हो गए। कुछ नहीं रहा इनमें।'' बता दें कि पिछले महीने भी काटजू ने सीजेपी नेताओं पर हमला बोला था और कहा था कि चारों का करियर खत्म हो गया है। उन्होंने एक्स पर लिखा था, ''कॉकरोच जनता पार्टी के 4 टॉप लीडर, अभिजीत दीपके, सौरभ दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे, सभी ने पीस बॉन्ड पर साइन किए हैं, जिसका मतलब है कि वे किसी भी पब्लिक प्रदर्शन में शामिल नहीं हो सकते, नहीं तो पुलिस कहेगी कि उन्होंने शांति भंग करके अपने बॉन्ड तोड़े हैं और उन्हें गिरफ्तार कर लेगी, और लंबे समय के लिए जेल में बंद कर देगी।''
'दीपके समेत चारों का पब्लिक करियर खत्म'
उन्होंने आगे लिखा था, ''मेरी राय में पीस बॉन्ड पर साइन करने से इन 4 लोगों का पब्लिक करियर खत्म हो गया है, क्योंकि जनता की नजर में उनकी सारी क्रेडिबिलिटी खत्म हो गई है, जो अब उन्हें कायर मानती है जो जेल जाने से डरते थे। असल में उन्हें सहयोगी माना जाएगा, क्योंकि उन्हें उन लोगों की तरह माना जाएगा जिन्हें ब्रिटिश अधिकारियों ने जेल में डाला था, और जिन्हें माफी मांगने पर रिहा कर दिया गया था। मैं सिर्फ नेहा बोरा का सम्मान करता हूं जिन्होंने पीस बॉन्ड देने से मना कर दिया है, क्योंकि उनका कहना है कि शांति से प्रदर्शन करना उनका कन्स्टिट्यूशनल अधिकार है।''


