कब तक चलता रहेगा CJP का आंदोलन, अभिजीत दीपके ने खुद बताया; एक चेतावनी भी दे डाली
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने रविवार को कहाकि परीक्षाओं और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने रविवार को कहाकि परीक्षाओं और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते। दीपके ने यह भी कहाकि शनिवार को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर उनका विरोध प्रदर्शन काफी हद तक सफल रहा और इसमें लगभग 7,000 लोगों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि अब यह आंदोलन पूरे देश में फैलेगा।
तब तक नहीं हटेंगे पीछे
सीजेपी के संस्थापक रविवार सुबह महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले के एमआईडीसी वालुज क्षेत्र स्थित अपने आवास पर पहुंचे। यहां परिवार के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। बाद में पत्रकारों के साथ बातचीत में दीपके ने कहाकि कॉकरोच जनता पार्टी का यह आंदोलन तब तक नहीं रुकेगा जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते। उन्होंने कहाकि हमने जंतर-मंतर पर जो विरोध प्रदर्शन किया वह सफल रहा क्योंकि इसमें 6,000 से 7,000 लोग शामिल हुए। यह आंदोलन राष्ट्रव्यापी होगा। जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते, हम पीछे नहीं हटेंगे।
जल्द बनाएंगे प्लान
दीपके ने कहाकि हम इस आंदोलन को राष्ट्रव्यापी बनाने के लिए एक और कार्य योजना तैयार करेंगे। शनिवार को सीजेपी के बैनर तले सैकड़ों प्रदर्शनकारी दिल्ली के जंतर-मंतर पर जमा हुए और परीक्षाओं और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रधान के इस्तीफे की मांग की। दीपके ने प्रदर्शनकारियों को संदेश दिया कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है।बाद में राष्ट्रीय राजधानी में एक प्रेस वार्ता में सीजेपी के प्रवक्ताओं ने घोषणा की कि वे एक सप्ताह तक इस बात का इंतजार करेंगे कि या तो केंद्र सरकार प्रधान को बर्खास्त करे या प्रधान खुद इस्तीफा दे दें। उन्होंने कहाकि इसके बाद वे देशव्यापी प्रदर्शन शुरू करेंगे।
शनिवार सुबह पहुंचे थे दिल्ली
प्रदर्शन का आह्वान करने वाले दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे। हवाई अड्डे से बाहर निकलते समय उनके हाथ में बीआर आंबेडकर की आत्मकथा की एक प्रति थी। दिल्ली पुलिस से प्रदर्शन की अनुमति मिलने के बाद वह जंतर-मंतर पहुंचे, जहां सुबह से ही लोग एकत्र होने लगे थे। प्रधान के इस्तीफे की मांग वाले पोस्टर लिए प्रदर्शनकारी कॉकरोच के मुखौटे पहने नजर आए। ये मुखौटे प्रदर्शन स्थल पर बांटे जा रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। इसके अलावा उन्होंने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से हिंदू-मुस्लिम की राजनीति बंद करने की मांग करते हुए नारेबाजी की और भारत माता की जय के नारे भी लगाए।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


