CEC नियुक्ति में इन्हें भी करो शामिल, अभिजीत दीपके की बड़ी मांग; बताया- ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर आंदोलन कब?
अभिजीत दीपके ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर प्रस्तावित दिल्ली के जंतर-मंतर आंदोलन पर भी बड़ा अपडेट दिया है और कहा है कि फिलहाल उसे टाल दिया गया है। दीपके के मुताबिक जंतर-मंतर पर अब अक्तूबर के अंत तक प्रदर्शन किया जाएगा।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक और संयोजक अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर लगे आरोपों के बीच बड़ी मांग कर दी है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति न केवल पारदर्शी होनी चाहिए बल्कि इसमें सिविल सोसाइटी के लोगों की भी भागीदारी होनी चाहिए। उनकी ये नई और बड़ी मांग 'मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यकाल) अधिनियम, 2023' पर सुप्रीम कोर्ट के उस हालिया फैसले के बीच आया है, जिसमें दो जजों की पीठ ने इस मामले को संवैधानिक पीठ के पास भेजने की अनुशंसा की है।
बता दें कि मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) और चुनाव आयुक्तों (EC) की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर मुख्य विवाद केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए 2023 के नए कानून में चयन समिति से भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को हटाए जाने को लेकर है। 2023 के नियम में CJI की जगह एक कैबिनेट मंत्री को नियुक्ति समिति में शामिल किया गया है। उनके अलावा इस कमेटी में प्रधानमंत्री और नेता विपक्ष होते हैं।
2 अक्टूबर से मुंबई में आंदोलन
अभिजीत दीपके ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर प्रस्तावित दिल्ली के जंतर-मंतर आंदोलन पर भी बड़ा अपडेट दिया है और कहा है कि फिलहाल उसे टाल दिया गया है। दीपके के मुताबिक जंतर-मंतर पर अब अक्तूबर के अंत तक प्रदर्शन किया जाएगा लेकिन उससे पहले 2 अक्तूबर से मुंबई में आंदोलन चलाया जाएगा। दीपके ने ये भी बताया कि मुंबई के अलावा गोवा, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, यूपी, बिहार और झारखंड में भी CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन होगा। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफ़ा नहीं देते, तब तक हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा। दीपके ने कहा कि मुंबई पुलिस के अनुमति न देने के बावजूद उनका संगठन महाराष्ट्र की राजधानी स्थित दादर के शिवाजी पार्क में दो अक्टूबर को पूर्व निर्धारित विरोध प्रदर्शन आयोजित करेगा।
आंदोलन को गांधी जयंती से जोड़ा
बता दें कि यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की 'एकतरफा कार्यप्रणाली' और मतदाता सूचियों के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (SIR) के खिलाफ आयोजित किया जा रहा है, जिससे बड़े पैमाने पर मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो रहे हैं। दीपके ने इस प्रदर्शन को गांधी जयंती से जोड़ते हुए नागरिकों से बड़ी संख्या में भाग लेने और लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया है।
लोगों से मुंबई पहुंचने की अपील
सीजेपी सोशल मीडिया से भी प्रदर्शन के लिए समर्थन जुटा रही है। 'एक्स' पर महात्मा गांधी की तस्वीर वाली पोस्ट में संगठन ने लोगों से गांधी जयंती पर मुंबई पहुंचने का आग्रह किया, ताकि इसे लोकतंत्र बचाने के अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जा सके। एक अन्य पोस्ट में सीजेपी ने सड़कों की मांग, मंत्री की कार्रवाई, न्यायालय की टिप्पणियों और सड़कों पर प्रदर्शनों के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज से जुड़ी शिकायतों का उल्लेख किया। संगठन ने दावा किया कि सरकार का विरोध करने के लिए मतदान ही एकमात्र विकल्प बचा था, लेकिन इस अधिकार को भी कमजोर किया जा रहा है। उसने नागरिकों से लोकतंत्र के लिए बने इस खतरे का मुकाबला करने की अपील की।
पुलिस का अनुमति देने से इनकार
मुंबई पुलिस ने हालांकि इस प्रस्तावित सभा की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। दीपके ने इस फैसले को अमान्य बताते हुए इसकी आलोचना की और आरोप लगाया कि यह नागरिकों की आवाज दबाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि अगर अनुमति नहीं मिलती है, तो संगठन गांधी जयंती पर 'जेल भरो आंदोलन' चलायेगा। मिली जानकारी के अनुसार, आयोजकों ने मैदान के इस्तेमाल के लिए आवश्यक बीएमसी की मंजूरी जमा न करने के कारण अनुमति नहीं दी है। अधिकारियों ने संभावित ध्वनि प्रदूषण और यातायात जाम को लेकर भी चिंता जतायी। शिवाजी पार्क के 'साइलेंस ज़ोन' होने और आसपास के क्षेत्रों में अस्पतालों की मौजूदगी को भी इसके कारणों में शामिल किया गया है।
रिपोर्टों के मुताबिक, शिवाजी पार्क इलाके के निवासियों ने भी इस प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन पर आपत्ति जतायी है। उन्होंने स्थानीय लोगों को होने वाली असुविधा, मैदान का उपयोग करने वाले बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव और आपात स्थिति में एम्बुलेंस की आवाजाही में आने वाली दिक्कतों को लेकर चिंता जतायी। आपत्तियों और अनुमति न मिलने के बावजूद सीजेपी ने शिवाजी पार्क में प्रदर्शन करने का इरादा जताया है। उसकी मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, चुनाव आयोग को विनियमित करने वाले कानूनी ढांचे में बदलाव और विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पर कार्रवाई शामिल है।


