बर्थडे के दिन जेल जाएंगे आशुतोष रांका? सौरव दास की भी मजिस्ट्रेट के सामने पेशी, CJP का क्या दावा
नियमों का उल्लंघन कर जंतर मंतर में जबरदस्ती घुसने और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करने के बाद सौरव दास, आशुतोष रांका और CJP के कुछ अन्य सदस्यों को मंगलवार तड़के हिरासत में ले लिया गया था। अभिजीत दीपके आगबबूला हो गए हैं।

कॉकरोच जनता पार्टी ने दावा किया है कि उसके सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका को गिरफ्तार कर लिया गया है। CJP की कानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह ने बुधवार तड़के बताया है कि दास, रांका और अभिजीत दीपके की अनुपस्थिति में CJP की जिम्मेदारी संभालने वाले अजिंक्य शिंदे को सुबह सात बजे से पहले मंदिर मार्ग पुलिस थाने में विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) के सामने पेश किए जाने की संभावना है। उनके मुताबिक ये गिरफ्तारी पूरी तरह गैरकानूनी है और पुलिस ने जो वजह बताए हैं वह भी अनुचित है। अभिजीत दीपके ने बताया है कि आज आशुतोष रांका का जन्मदिन है और ऐसे में रांका पर बर्थडे के दिन जेल जाने का खतरा मंडरा रहा है।
इधर दिल्ली पुलिस ने कहा है कि CJP नेताओं को प्रीवेंटिव अरेस्ट के अंदर रख रहे हैं। गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर क्षेत्र में बिना इजाजत के घुसने के आरोप में कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एक पुलिस सूत्र ने बताया कि प्राथमिकी में रांका और दास द्वारा पहले दिए गए शांति बॉण्ड का उल्लंघन करने से संबंधित आरोप भी लगाए गए हैं।
जंतर-मंतर में जबदस्ती घुसने की कोशिश
बता दें कि मंगलवार को रांका और सौरव दास सहित CJP के कई नेताओं ने भारी बैरिकेडिंग को पार करते हुए जंतर मंतर में जबदस्ती घुसने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए। हालांकि पुलिस ने सोमवार को एक आदेश जारी कर जंतर मंतर को धरना-प्रदर्शन के निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से बाहर कर दिया है। इसके बाद नियमों का उल्लंघन कर क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद दास, रांका और अजिंक्य शिंदे सहित CJP के लगभग 11 नेताओं को हिरासत में लिया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को द्वारका जिले के जाफरपुर कलां थाना ले जाया गया था।
अभिजीत दीपके हुए आगबबूला
अभिजीत दीपके ने अपने साथियों को हिरासत में लिए जाने से आगबबूला हो गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मंगलवार से कई पोस्ट में यह बताया कि रांका और सौरव दास सहित अन्य नेताओं को अब तक हिरासत में रखा गया है। उन्होंने देर रात एक पोस्ट में लिखा कि दिल्ली पुलिस हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को शाम तक छोड़ देती है लेकिन CJP के लोगों को रात भर हिरासत में रखा गया है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “CJP के लिए इतना प्यार क्यों?”
आशुतोष रांका का है जन्मदिन
एक पोस्ट में अभिजीत दीपके ने यह भी बताया कि आज आशुतोष रांका का जन्मदिन है। उन्होंने लिखा, “आज आशु का बर्थडे है। वह सुबह से ही हिरासत में है और उसे वकील तक से संपर्क करने नहीं दिया जा रहा है।” इसके बाद दीपके ने संसद मार्ग थाने से अजिंक्य शिंदे, आशुतोष रांका और सौरव दास की एक तस्वीर भी शेयर की। दीपके ने कहा कि उनके हौसलों को कोई नहीं तोड़ सकता। तस्वीर में तीनों नेता विक्ट्री का साइन बनाते नजर आ रहे हैं।
CJP का क्या दावा?
CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह का गिरफ्तारी का दावा करते हुए दिल्ली पुलिस पर बड़े आरोप लगाए। उन्होंने कहा है कि दिल्ली पुलिस एक रूल बुक के तहत काम कर रही है। उन्होंने कहा, “CJP लीडर्स को सिर्फ तिरंगा फहराने के लिए डिटेन किया गया है। 24 घंटे हो गए हैं लेकिन उन्हें किसी वकील से भी मिलने नहीं दिया गया। न कारण बताया गया है। अभी गिरफ्तारी के समय वजह बताई गई है।” रत्ना सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस लगातार यह कह रही है कि उन्हें ऊपर से ऑर्डर मिल रहे हैं। उन्होंने गिरफ्तारी को पूरी तरह गैरकानूनी बताया और डराने का तरीका बताया।

